छत्तीसगढ़बड़ी ख़बर

Farmer Alert : धान की फसल को नुकसान हुआ तो 72 घंटे में करें शिकायत ! अकवान तूफान के बीच कृषि विभाग की एडवाइजरी, 14447 पर मिलेगा बीमा क्लेम का रास्ता

रायपुर। चक्रवाती तूफान अकवान और असामयिक बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में खड़ी धान की फसल से लेकर कटाई के बाद खेतों और खलिहानों में रखी उपज तक पर बारिश का खतरा मंडरा रहा है। ऐसे में कृषि विभाग ने किसानों के लिए महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमित फसल को नुकसान होने पर किसान 72 घंटे के भीतर सूचना दर्ज कराएं। इसके लिए कृषि रक्षक पोर्टल के टोल फ्री नंबर 14447 पर शिकायत की जा सकती है।

20 नवंबर को जारी सलाह में कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे घबराने के बजाय समय रहते अपनी फसल की सुरक्षा के उपाय करें। वहीं, नुकसान होने की स्थिति में निर्धारित समय-सीमा के भीतर बीमा कंपनी और संबंधित अधिकारियों को जानकारी दें, ताकि पात्र किसानों को योजना के अनुसार बीमा दावा राशि मिल सके।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

72 घंटे का नियम न भूलें, 14447 पर दर्ज कराएं शिकायत

कृषि विभाग के मुताबिक प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत बीमित फसल को चक्रवात और असामयिक बारिश से नुकसान पहुंचने पर किसान को नुकसान होने के 72 घंटे के भीतर सूचना देना जरूरी है। इसके लिए कृषि रक्षक पोर्टल के टोल फ्री नंबर 14447 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

शिकायत मिलने के बाद बीमा कंपनी द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार 10 दिनों के भीतर प्रभावित फसल का सर्वेक्षण कराया जाएगा। सर्वे में नुकसान की प्रकृति और वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाएगा। इसी के आधार पर योजना के प्रावधानों के अनुसार पात्र बीमा दावे का निराकरण किया जा सकेगा।

कटाई के बाद खेत में रखी धान को भी बीमा सुरक्षा

किसानों के लिए राहत की बात यह है कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में कटाई के बाद खेत में सुखाने के लिए रखी गई बीमित धान की फसल यानी करपा के लिए भी निर्धारित शर्तों के तहत बीमा सुरक्षा का प्रावधान है। यह सुरक्षा फसल कटाई के बाद अधिकतम 14 दिनों की अवधि तक लागू होती है। इस दौरान निर्धारित जोखिमों से फसल को नुकसान होने पर किसान नियमानुसार बीमा दावा कर सकते हैं।

  कोरबा में पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल: SP ने जारी की तबादला सूची; तिवारी बने कोतवाली तो पटेल को मिली कटघोरा की कमान

खड़ी फसल में जलभराव हुआ तो ऐसे होगा आकलन

खेतों में खड़ी फसल में जलभराव की स्थिति बनने पर फसल बीमा योजना के प्रावधानों के अनुसार नुकसान का आकलन किया जाएगा। ऐसे मामलों में फसल कटाई प्रयोग से प्राप्त उपज संबंधी आंकड़ों के आधार पर बीमा दावा भुगतान की गणना होगी। कृषि विभाग ने किसानों को खेतों में पानी भरने की स्थिति में जहां संभव हो, जल निकासी की व्यवस्था करने की सलाह दी है।

शिकायत करते समय ये जानकारियां रखें तैयार

बीमा संबंधी शिकायत दर्ज कराने के लिए किसानों को कुछ जरूरी जानकारियां अपने पास रखनी होंगी। इनमें किसान का नाम, मोबाइल नंबर, गांव, तहसील और जिले का नाम, खेत का खसरा नंबर, बीमित फसल का नाम, बीमा पॉलिसी नंबर, नुकसान की तारीख और क्षति का विवरण शामिल है। शिकायत दर्ज होने के बाद मिलने वाली संदर्भ संख्या भी सुरक्षित रखें।

पटवारी और ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी को भी दें सूचना

कृषि विभाग ने किसानों से कहा है कि फसल को नुकसान होने पर तत्काल संबंधित पटवारी और ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी को भी जानकारी दें। प्रभावित खेत और फसल की तस्वीरें तथा वीडियो बनाकर सुरक्षित रखें। इनमें नुकसान की वास्तविक स्थिति स्पष्ट दिखाई देनी चाहिए, ताकि जरूरत पड़ने पर क्षति के आकलन में मदद मिल सके।

खलिहान में रखी धान को तिरपाल से ढकें

बारिश की आशंका को देखते हुए विभाग ने किसानों को खेतों और खलिहानों में रखी धान की फसल को पॉलिथीन या तिरपाल से अच्छी तरह ढकने की सलाह दी है। जहां संभव हो, उपज को ऊंचे और सुरक्षित स्थान पर रखें तथा आसपास पानी जमा न होने दें। समय रहते की गई सावधानी किसानों की मेहनत से तैयार फसल को नुकसान से बचा सकती है।

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button