छत्तीसगढ़बड़ी ख़बरराजकाज🏙️ राज्य व शहर

ई-ऑफिस रैंकिंग में जनसंपर्क विभाग का शानदार प्रदर्शन, मुख्य सचिव ने की सराहना, डिजिटल कार्यप्रणाली और समयबद्ध कामकाज में जनसंपर्क विभाग ने बनाई मजबूत पहचान, उप सचिव हेमिन बाघे को भी मिला दूसरा स्थान

मुख्य सचिव विकासशील ने उत्कृष्ट कार्य के लिए किया सम्मानित, मंत्रालय में डिजिटल कार्यप्रणाली और समयबद्ध उपस्थिति को बढ़ावा देने की पहल

रायपुर। छत्तीसगढ़ मंत्रालय में सरकारी कामकाज को अधिक पारदर्शी, तेज और व्यवस्थित बनाने की दिशा में ई-ऑफिस व्यवस्था के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। इसी कड़ी में जनसम्पर्क विभाग ने ई-ऑफिस की रैंकिंग में प्रदेश के शीर्ष पांच विभागों में जगह बनाकर अपनी कार्यकुशलता का परिचय दिया है। विभाग की उप सचिव हेमिन बाघे ने भी उप सचिव स्तर की रैंकिंग में दूसरा स्थान हासिल किया है। मुख्य सचिव विकासशील ने मंत्रालय में आयोजित सम्मान समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विभागों और अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया।

मुख्य सचिव ने ई-ऑफिस और उपस्थिति रैंकिंग में लगातार हो रहे सुधार पर अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि मंत्रालय को एक आदर्श कार्यालय के रूप में स्थापित करने के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभानी होगी। उन्होंने अब तक हुए सुधारों का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण करने और व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए फीडबैक सर्वे कराने के निर्देश भी दिए।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

जनसम्पर्क विभाग शीर्ष पांच में शामिल

1 अप्रैल से 31 अक्टूबर 2026 तक की सात माह की संचयी रैंकिंग के आकलन में ई-ऑफिस के बेहतर क्रियान्वयन के लिए चिकित्सा शिक्षा विभाग ने पहला, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने दूसरा, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने तीसरा, जनसम्पर्क विभाग ने चौथा और आदिम जाति विकास विभाग ने पांचवां स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि के लिए संबंधित विभागों को मुख्य सचिव ने सम्मानित किया।

हेमिन बाघे ने हासिल किया दूसरा स्थान

व्यक्तिगत प्रदर्शन की श्रेणी में भी जनसम्पर्क विभाग की उप सचिव हेमिन बाघे ने उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की। उप सचिव स्तर की रैंकिंग में उन्होंने दूसरा स्थान हासिल किया। इस श्रेणी में चिकित्सा शिक्षा विभाग की उप सचिव लवीना पाण्डेय प्रथम और सामान्य प्रशासन विभाग के उप सचिव पुलक भट्टाचार्य तीसरे स्थान पर रहे।

यह उपलब्धि विभागीय स्तर पर डिजिटल कार्यप्रणाली को अपनाने और कार्यालयीन प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित करती है।

अलग-अलग श्रेणियों में अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित

ई-ऑफिस में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विभिन्न श्रेणियों में भी अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। अपर सचिव स्तर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सच्चिदानंद आलोक प्रथम रहे। संयुक्त सचिव स्तर पर अनुपम त्रिवेदी दूसरे और भूपेंद्र कुमार राजपूत तीसरे स्थान पर रहे।

  CG News:– अदालत की चौखट से फरार हुआ दुष्कर्म आरोपी, लापरवाही पर दो आरक्षक निलंबित

अवर सचिव श्रेणी में भूपेंद्र सिंह राजपूत प्रथम, पूरन लाल साहू दूसरे और सोनचंद साहू तीसरे स्थान पर रहे। अनुभाग अधिकारी श्रेणी में पी. दुर्गा ने पहला, हेमंत कुमार कंबलकर ने दूसरा और विरेन्द्र कुमार ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

सहायक अनुभाग अधिकारी श्रेणी में जिया खान लोहानी प्रथम, शैलेंद्र कुमार पात्रे दूसरे और मोहम्मद शाहिर अंसारी तीसरे स्थान पर रहे। वरिष्ठ सचिवालय सहायक श्रेणी में जयमनी पहाड़िया, कोमल वर्मा और प्रदीप कुमार ने क्रमशः पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। कनिष्ठ सचिवालय सहायक श्रेणी में संदीप कुमार तारम प्रथम, प्रभु सिंह राठिया दूसरे और प्रदीप कुमार राय तीसरे स्थान पर रहे।

सहायक ग्रेड-3 श्रेणी में ऋषिकेश मिर्चे को प्रथम स्थान मिला। सहायक ग्रेड-2 श्रेणी में रामनरेश पाल दूसरे और नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के कम्प्यूटर ऑपरेटर ओमप्रकाश साहू तीसरे स्थान पर रहे।

समय पर कार्यालय पहुंचने वाले 10 कर्मचारी भी सम्मानित

मंत्रालय में समयबद्धता और नियमित उपस्थिति को प्रोत्साहित करने के लिए 1 अप्रैल से 31 अक्टूबर तक की उपस्थिति रैंकिंग के आधार पर 10 अधिकारी-कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें कांति सूर्यावंशी, प्रमिला यादव, मेलू राम ध्रुव, रमाकांत, राजकुमार सोरी, हरिश देवांगन, अनुपम त्रिवेदी, आराधना साहू, भागेश कुमार ध्रुव और पुरुषोत्तम लाल निषाद शामिल हैं।

मुख्य सचिव ने सभी जिला कलेक्टरों को भी निर्देश दिए कि वे अपने जिलों में ई-ऑफिस और उपस्थिति व्यवस्था में बेहतर काम करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रोत्साहित करें। साथ ही सामान्य प्रशासन विभाग को अब तक हुए सुधारों का मूल्यांकन कर आगे की कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया है।

सरकारी कार्यालयों में डिजिटल कामकाज को बढ़ावा देने के साथ कर्मचारियों की जवाबदेही और समयबद्धता सुनिश्चित करने की यह पहल प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button