CM साय का सिंगापुर दौरा: नवा रायपुर के बॉटनिकल गार्डन से निवेश तक, उद्योगपतियों को दिया छत्तीसगढ़ आने का न्योता

रायपुर, 4 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के लिए निवेश और विकास की नई संभावनाओं की तलाश में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सिंगापुर प्रवास की शुरुआत महत्वपूर्ण बैठकों के साथ हुई। सिंगापुर में मुख्यमंत्री ने विश्व प्रसिद्ध ‘गार्डन्स बाय द बे’ के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर नवा रायपुर में बॉटनिकल गार्डन के विकास, शहरी हरियाली, ईको-टूरिज्म और उद्यान प्रबंधन को लेकर चर्चा की। इसके साथ ही सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के लीडरशिप डिनर में शामिल होकर मुख्यमंत्री ने सिंगापुर के उद्योग जगत के सामने छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाएं रखीं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधिमंडल भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के नामांकन के बाद सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित प्रथम ‘सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026’ में सहभागिता के लिए सिंगापुर पहुंचा है।
गार्डन्स बाय द बे के अनुभव से नवा रायपुर को संवारने की तैयारी
सिंगापुर प्रवास के पहले दिन मुख्यमंत्री साय और छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने गार्डन्स बाय द बे के जनरल मैनेजर, मास्टर प्लानिंग जेसन येओ तथा डायरेक्टर लिम चियाप सॉन्ग सहित वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में गार्डन्स बाय द बे की मास्टर प्लानिंग, सतत डिजाइन, उद्यान प्रबंधन और हरित विकास से जुड़ी कार्यप्रणाली की जानकारी ली गई। उद्यानिकी, वनस्पति संरक्षण, शहरी हरियाली, ईको-टूरिज्म और क्षमता विकास के क्षेत्रों में संस्थागत सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संपदा और जैव विविधता से समृद्ध प्रदेश है। गार्डन्स बाय द बे की विशेषज्ञता का उपयोग नवा रायपुर में बॉटनिकल गार्डन के विकास के साथ प्रदेश के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर लैंडस्केपिंग तथा हरित क्षेत्रों के विस्तार के लिए किया जा सकता है। इससे पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
सिंगापुर के उद्योगपतियों के सामने छत्तीसगढ़ का निवेश मॉडल
मुख्यमंत्री साय ने सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन की ओर से आयोजित लीडरशिप डिनर में भी हिस्सा लिया। कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले, सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के चेयरमैन मार्क ली और सीईओ कोक पिंग सून सहित उद्योग जगत के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
डिनर में मास्टरकार्ड, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, नेस्ले और द इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड जैसी कंपनियों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ छत्तीसगढ़ और हरियाणा के प्रतिनिधिमंडलों ने भी सहभागिता की।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ को तेजी से उभरते निवेश गंतव्य के रूप में प्रस्तुत करते हुए प्रदेश की औद्योगिक नीति, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में किए गए सुधारों तथा एमएसएमई, स्टार्टअप और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में मौजूद संभावनाओं की जानकारी दी। उन्होंने सिंगापुर के उद्योग जगत को विकसित छत्तीसगढ़ की यात्रा में सहभागी बनने और प्रदेश में निवेश के अवसरों का लाभ उठाने का न्योता दिया।
5 अक्टूबर को SING फोरम, 6 अक्टूबर को CEO राउंडटेबल
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 5 अक्टूबर को SING फोरम 2026 में सहभागिता करेंगे। इसके बाद 6 अक्टूबर को सिंगापुर की प्रमुख कंपनियों और निवेश संस्थानों के शीर्ष नेतृत्व के साथ आयोजित CEO राउंडटेबल में छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाओं और आर्थिक साझेदारी के अवसरों पर विस्तृत चर्चा करेंगे।
सिंगापुर प्रवास के जरिए छत्तीसगढ़ सरकार की कोशिश प्रदेश की प्राकृतिक और औद्योगिक क्षमता को वैश्विक निवेश मंच पर सामने रखने के साथ नई तकनीक, विशेषज्ञता और निवेश के अवसरों को प्रदेश से जोड़ने की है।

Live Cricket Info

