भारी बारिश के बीच विष्णु भैया का प्रशासन को अलर्ट, कलेक्टरों को दिए तत्काल राहत के निर्देश

रायपुर, 25 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में हो रही भारी बारिश के बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सभी जिला कलेक्टरों को बारिश और संभावित बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों को तत्काल राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
Ro No. 13952/35
आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भारी बारिश के कारण किसी भी क्षेत्र में लोगों को परेशानी या सहायता की आवश्यकता होती है तो प्रशासन बिना देरी के आवश्यक कदम उठाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता हो और जरूरतमंदों तक समय पर सहायता पहुंचाई जाए।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से भी बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नागरिक अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता दें तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
नदी-नालों और उफनते जलस्रोतों से दूरी बनाए रखें
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने लोगों से नदी-नालों, जलप्रपातों और उफनते जलस्रोतों के पास नहीं जाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान जलस्तर और पानी का बहाव अचानक बढ़ सकता है, इसलिए ऐसे स्थानों पर जाना जोखिम भरा हो सकता है।
उन्होंने जलमग्न पुल-पुलियों और सड़कों को पार नहीं करने की अपील करते हुए कहा कि जहां प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से बैरियर लगाए हैं, वहां किसी भी स्थिति में उसे पार करने का प्रयास न किया जाए।
अनावश्यक यात्रा से बचें, रात में रहें ज्यादा सतर्क
मुख्यमंत्री ने भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। विशेषकर रात के समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की गई है। उन्होंने लोगों से गिरे हुए बिजली के तारों से दूर रहने तथा ऐसी किसी भी स्थिति की जानकारी तत्काल संबंधित विभाग, पुलिस या स्थानीय प्रशासन को देने को कहा है।
बच्चों और बुजुर्गों का रखें विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री श्री साय ने अभिभावकों से बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। बारिश के दौरान उन्हें अकेले बाहर नहीं जाने देने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही पहाड़ी क्षेत्रों और भूस्खलन की आशंका वाले स्थानों पर रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।
आपात स्थिति में डायल 112 पर करें संपर्क
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में नागरिक डायल 112 अथवा स्थानीय प्रशासन से तत्काल संपर्क करें। उन्होंने मौसम और राहत संबंधी जानकारी के लिए केवल शासन-प्रशासन तथा अधिकृत स्रोतों से जारी सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।
उन्होंने लोगों से अफवाहों और भ्रामक संदेशों को आगे नहीं बढ़ाने की भी अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में सतर्कता, संयम और परस्पर सहयोग बेहद जरूरी है। आसपास किसी व्यक्ति को सहायता की आवश्यकता होने पर यथासंभव मदद करें और जरूरत पड़ने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें।
मुख्यमंत्री विष्णु भैया ने साफ किया है कि भारी बारिश के दौरान प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहे और आमजन की सुरक्षा में किसी तरह की कमी न रहे।
जरूरी अपील
- नदी-नालों और उफनते जलस्रोतों से दूर रहें।
- जलमग्न पुल-पुलिया पार करने का प्रयास न करें।
- अनावश्यक यात्रा से बचें, विशेषकर रात में।
- गिरे हुए बिजली के तारों से दूर रहें।
- बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।
- आपात स्थिति में डायल 112 या स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें।
- अफवाहों के बजाय अधिकृत सूचनाओं पर भरोसा करें।

Live Cricket Info
