✖
🔔

प्रखरभूमि न्यूज़

प्रखरभूमि में बेहतरीन खबरों को तुरंत पाने के लिए अभी सब्सक्राइब करें।

📊 12,000+ पाठक पहले ही जुड़ चुके हैं
छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़देश - विदेशबड़ी ख़बरराजकाज🏙️ राज्य व शहर
Trending

दिल्ली में महानदी विवाद पर अहम बैठक, CM साय होंगे शामिल; सिंगापुर में निवेशकों से भी करेंगे संवाद

रायपुर, 1 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज दिल्ली प्रवास पर रवाना हुए। दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच लंबे समय से चले आ रहे महानदी जल विवाद के समाधान को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हो रही है। मुख्यमंत्री साय इस बैठक में शामिल होंगे।

दिल्ली रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महानदी जल विवाद का दोनों राज्यों के व्यापक हित में समाधान निकालने के लिए लगातार सकारात्मक प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ और ओडिशा के मुख्यमंत्रियों ने केंद्रीय जल आयोग (CWC) को लिखित रूप से आश्वस्त किया है कि दोनों प्रदेशों के व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए आयोग द्वारा लिया गया निर्णय दोनों राज्य सरकारों को मान्य होगा।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

महानदी विवाद पर समाधान की उम्मीद

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपसी संवाद, समन्वय और सहयोग की भावना से इस विषय का सकारात्मक समाधान निकलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश के हितों की रक्षा के साथ पड़ोसी राज्य ओडिशा के साथ सौहार्दपूर्ण समन्वय और सहयोग की भावना से आगे बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध है।

महानदी जल विवाद के समाधान को लेकर केंद्र सरकार के स्तर पर भी पहले बैठकें हो चुकी हैं। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ और ओडिशा के मुख्यमंत्रियों के बीच हुई बैठक में संवाद, तकनीकी सहयोग और आपसी सहमति के माध्यम से समाधान की दिशा में चर्चा की गई थी।

सिंगापुर में छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाएं रखेंगे CM साय

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपने आगामी सिंगापुर प्रवास के दौरान SING Forum-2026 में शामिल होंगे। सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित इस मंच पर मुख्यमंत्री वैश्विक निवेशकों के सामने छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा, औद्योगिक क्षमता और निवेश की संभावनाओं को प्रस्तुत करेंगे।

मुख्यमंत्री के अनुसार सिंगापुर के प्रमुख निवेशकों, उद्यमियों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर राज्य में निवेश और कारोबारी साझेदारी की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी। सरकार का फोकस छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख निवेश गंतव्यों में स्थापित करने पर है।

नई औद्योगिक नीति, प्राकृतिक संसाधन, अधोसंरचना और कुशल मानव संसाधन को राज्य की निवेश संभावनाओं से जोड़ते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय निवेश और तकनीकी साझेदारी से उद्योगों के विस्तार के साथ युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के अवसर भी बढ़ सकते हैं।

  स्ट्रीट लाइट लगाने में भ्रष्टाचार, बीजेपी पार्षद ने ठेकेदार के ख़िलाफ़ मोर्चा खोला,

बस्तर की प्रतिभाओं को मिलेगा आगे बढ़ने का मंच

मुख्यमंत्री साय ने बस्तर के युवाओं और वहां की प्रतिभाओं को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि बस्तर में प्रतिभा की कमी नहीं है। युवाओं को अवसर, संसाधन और अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए उचित मंच उपलब्ध कराने की आवश्यकता है।

सरकार की ओर से शिक्षा, खेल, कौशल, नवाचार और रोजगार के क्षेत्र में नए अवसर तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर के युवाओं की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।

बारिश और बाढ़ से प्रभावित परिवारों को अतिरिक्त राहत

प्रदेश में पिछले तीन-चार दिनों से हुई लगातार बारिश के कारण कई क्षेत्रों में प्रभावित स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक 17 जिलों के 550 से अधिक गांव और 22 हजार से अधिक लोग बारिश से प्रभावित हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित कलेक्टरों को बारिश और बाढ़ से हुई क्षति का शीघ्र सर्वे कराने तथा ‘आरबीसी 6-4’ के तहत पात्र प्रभावित परिवारों को नियमानुसार सहायता राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

बाढ़ प्रभावित मकान मालिकों के लिए अतिरिक्त सहायता

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के सभी बाढ़ प्रभावित जिलों में मकान क्षतिग्रस्त होने वाले परिवारों को शासन के प्रावधानों के तहत मिलने वाली सहायता के अतिरिक्त मुख्यमंत्री राहत कोष से ₹10 हजार की अतिरिक्त सहायता देने की घोषणा की है।

फसल, मकान और पशुधन क्षति का होगा आकलन

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में मकान, फसल, पशुधन सहित अन्य नुकसान का संवेदनशीलता और तत्परता से आकलन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रभावित इलाकों में पेयजल, स्वास्थ्य और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार प्रत्येक प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है। राहत से लेकर पुनर्वास तक आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे में जहां महानदी जल विवाद जैसे महत्वपूर्ण अंतरराज्यीय मुद्दे पर बैठक अहम रहेगी, वहीं आगामी सिंगापुर प्रवास के जरिए छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर रखने की तैयारी है।

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button