छत्तीसगढ़बड़ी ख़बरराजकाज🏙️ राज्य व शहर

गेट से मंच तक फूलों की सजावट, लेकिन राजीव गांधी की प्रतिमा पर पुरानी माला ! लाखों की तैयारियों के बीच निगम प्रशासन की बड़ी लापरवाही

राजीव गांधी ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस का भव्य आयोजन, प्रवेश द्वार से लेकर कार्यक्रम स्थल तक चाक-चौबंद व्यवस्था; लेकिन पूर्व प्रधानमंत्री की प्रतिमा के सम्मान की जिम्मेदारी किसकी थी ?

कोरबा | सरकारी आयोजनों में दिखावे और व्यवस्थाओं पर कितना ध्यान दिया जाता है, इसकी एक तस्वीर कोरबा में सामने आई है। राजीव गांधी ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम के लिए गेट से लेकर अंदर तक फूलों और सजावट की व्यापक व्यवस्था की गई थी। मंच को आकर्षक बनाया गया, अतिथियों समेत उप मुख्यमंत्री अरुण साव के स्वागत से लेकर कार्यक्रम की तैयारियों तक कोई कसर नहीं छोड़ी गई। लेकिन इसी परिसर में स्थापित पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की प्रतिमा पर पुरानी माला ही पड़ी रही। सवाल यह है कि जब पूरे परिसर को सजाने-संवारने की तैयारी थी, तब प्रतिमा के सम्मान और माल्यार्पण की जिम्मेदारी किसे याद नहीं रही ?

सजावट पर नजर, प्रतिमा की उपेक्षा पर चुप्पी !

17 नवंबर को आयोजित जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि थे। उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए। आयोजन के लिए प्रवेश द्वार से लेकर ऑडिटोरियम के अंदर तक विशेष व्यवस्था की गई थी। फूलों की सजावट और मंच की तैयारी साफ दिखाई दे रही थी। लेकिन परिसर में स्थापित राजीव गांधी की प्रतिमा पर नई माला तक नहीं चढ़ाई गई। वहां पहले से पड़ी पुरानी माला ही बनी रही।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

आखिर किसकी थी जिम्मेदारी ?

यह सवाल सीधे नगर निगम प्रशासन की व्यवस्था और जिम्मेदार अधिकारियों की निगरानी पर खड़ा होता है। आयोजन स्थल की तैयारियों में निगम प्रशासन की भूमिका थी, तो क्या प्रतिमा की साफ-सफाई, सम्मान और माल्यार्पण की जिम्मेदारी तय नहीं की गई थी ? क्या अधिकारियों ने कार्यक्रम से पहले पूरे परिसर का निरीक्षण नहीं किया ? या फिर चमक-दमक और अतिथियों की आवभगत के बीच प्रतिमा की ओर किसी का ध्यान ही नहीं गया ?

  CG BREAKING:नगर पंचायत नवागढ़ में बड़े नहर में डूबने से एक युवक की दर्दनाक मौत, पुलिस जांच में जुटी

पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के नाम पर बने ऑडिटोरियम में आयोजित सरकारी कार्यक्रम के दौरान उन्हीं की प्रतिमा पर पुरानी माला का बने रहना सामान्य चूक कहकर टाला नहीं जा सकता। यह केवल फूलों की माला का मामला नहीं, बल्कि सार्वजनिक स्मारकों के प्रति प्रशासनिक जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का सवाल है।

बड़े आयोजन से पहले निरीक्षण किसने किया ?

सरकारी कार्यक्रमों में व्यवस्था के नाम पर अधिकारियों और कर्मचारियों की पूरी टीम सक्रिय रहती है। प्रवेश द्वार, मंच, बैठक व्यवस्था, फूलों की सजावट और अतिथियों के स्वागत की तैयारी की जाती है। ऐसे में परिसर में स्थापित प्रतिमा की अनदेखी होना जिम्मेदार व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। यदि कार्यक्रम से पहले निरीक्षण किया गया था, तो यह कमी नजर क्यों नहीं आई ?

नगर निगम प्रशासन को स्पष्ट करना चाहिए कि प्रतिमा पर नई माला क्यों नहीं चढ़ाई गई और इस व्यवस्था के लिए कौन अधिकारी या कर्मचारी जिम्मेदार था। शहर के नागरिकों को भी यह जानने का अधिकार है कि सार्वजनिक स्थलों और वहां स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं के रखरखाव की जिम्मेदारी किस विभाग के पास है।

सवाल सीधा है – जब गेट से मंच तक फूलों की सजावट हो सकती है, तो उसी परिसर में स्थापित राजीव गांधी की प्रतिमा को सम्मान देने के लिए नई माला की व्यवस्था क्यों नहीं हो सकी ? नगर निगम प्रशासन को इस सवाल का जवाब देना चाहिए।

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button