👨‍⚕️ स्वास्थ्य समाचार

कैंसर मरीजों के लिए बड़ी राहत : 137 दवाओं पर सरकार का शिकंजा, कई ब्रांड के दाम 96.45% तक घटे

9 नवंबर से देशभर में लागू हुईं नई दरें, 85 कंपनियों ने 1,364 फॉर्मूलेशन की कीमतें संशोधित कीं; मरीजों को सालाना 3,541 करोड़ रुपये की बचत का अनुमान

नई दिल्ली। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों और उनके परिवारों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। कैंसर की महंगी दवाओं की कीमतों पर नियंत्रण लगाने के लिए राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (NPPA) ने 137 गैर-अनुसूचित एंटी-कैंसर दवाओं के ट्रेड मार्जिन पर 30 प्रतिशत की सीमा तय की है। इस फैसले के तहत संशोधित कीमतें 9 नवंबर 2026 से देशभर में लागू हो गई हैं।

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, 9 नवंबर तक 85 दवा कंपनियों ने 121 दवाओं के 1,364 फॉर्मूलेशन की नई अधिकतम खुदरा कीमतें (MRP) जारी की हैं। इनमें 679 ब्रांड की कीमतों में 50 प्रतिशत से अधिक की कमी दर्ज की गई है। कुछ दवाओं के दाम में अधिकतम 96.45 प्रतिशत तक की गिरावट आई है। सरकार का अनुमान है कि इस फैसले से मरीजों को सालाना करीब 3,541 करोड़ रुपये की बचत होगी।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

क्यों लिया गया सरकार ने यह फैसला ?

कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली कई दवाएं बेहद महंगी थीं। दवा की वास्तविक खरीद कीमत और मरीजों से वसूली जाने वाली अधिकतम खुदरा कीमत के बीच बड़ा अंतर होने की शिकायतें सामने आती रही हैं। इसी अंतर को कम करने और मरीजों पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को घटाने के लिए NPPA ने ट्रेड मार्जिन को नियंत्रित करने का फैसला लिया।

यह निर्णय 17 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के तहत लिया गया था। स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (DGHS) की विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों के आधार पर 137 गैर-अनुसूचित एंटी-कैंसर दवाओं को इस व्यवस्था में शामिल किया गया है।

  कोरबा में जुटेंगे देशभर के बाल रोग विशेषज्ञ, किशोरों और अभिभावकों को मिलेंगे स्वास्थ्य संबंधी खास टिप्स, इस तारीख को होगा आयोजन...

इन कैंसर दवाओं पर भी पड़ेगा असर

इस सूची में इम्यूनोथेरेपी और अलग-अलग प्रकार के कैंसर के उपचार में इस्तेमाल होने वाली कई महत्वपूर्ण दवाएं शामिल हैं। इनमें पेम्ब्रोलिज़ुमाब, ओसिमर्टिनिब, डुरवालुमब, रिबोसिक्लिब, बेवाकिजुमाब, एबेमासिक्लिब, एबिराटेरोन एसीटेट, अकालाब्रुटिनिब और पल्बोसिक्लिब जैसी दवाएं शामिल हैं।

डिनोसुमैब और पेगफिलग्रास्टिम जैसी दवाएं भी इस सूची का हिस्सा हैं। इनका उपयोग कैंसर के उपचार और उससे जुड़े कुछ दुष्प्रभावों के प्रबंधन में किया जाता है।

मरीज कैसे जांचें दवाओं की नई कीमत ?

मरीज और उनके परिजन दवा के पैक पर दर्ज संशोधित MRP की जांच कर सकते हैं। इसके अलावा केंद्र सरकार के ‘फार्मा सही दाम’ मोबाइल ऐप और NPPA की आधिकारिक वेबसाइट पर भी नई कीमतों की जानकारी उपलब्ध है।

यदि कोई मेडिकल स्टोर या अस्पताल की फार्मेसी संशोधित MRP से अधिक कीमत वसूलती है, तो इसकी शिकायत ‘फार्मा जन समाधान’ पोर्टल पर की जा सकती है। इसके लिए NPPA के हेल्पलाइन नंबर 1800-111-255 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

सरकार के इस फैसले से उन परिवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, जिन्हें कैंसर के लंबे इलाज के दौरान महंगी दवाओं पर बड़ी रकम खर्च करनी पड़ती है। हालांकि, हर दवा और ब्रांड की कीमत में समान प्रतिशत की कमी नहीं हुई है। इसलिए मरीजों को खरीदारी से पहले संबंधित दवा की नई MRP जरूर जांचनी चाहिए।

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button