📚 शिक्षा समाचारकोरबाछत्तीसगढ़बड़ी ख़बर

कोरबा के छात्रों की पढ़ाई पर प्रशासन सख्त ! एलन इंस्टीट्यूट और DEO को नोटिस, अब जिले में ही होगी NEET-JEE की तैयारी

डीएमएफ से रायपुर भेजे गए मेधावी विद्यार्थियों का कोर्स प्रभावित होने पर कलेक्टर ने लिया संज्ञान, अभिभावकों की शिकायत के बाद जवाब तलब; अगले सत्र से एजुकेशन हब में शुरू होगी कोचिंग व्यवस्था

कोरबा। मेधावी विद्यार्थियों को डॉक्टर और इंजीनियर बनाने के उद्देश्य से डीएमएफ की राशि खर्च कर रायपुर भेजा गया, लेकिन जब उन्हीं विद्यार्थियों की पढ़ाई और कोर्स पूरा होने पर सवाल खड़े हुए तो मामला कलेक्ट्रेट तक पहुंच गया। अभिभावकों की शिकायत के बाद अब जिला प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) और संबंधित शैक्षणिक संस्थान एलन इंस्टीट्यूट को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।

मामला उन विद्यार्थियों से जुड़ा है, जिन्हें नीट और जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के लिए डीएमएफ फंड से रायपुर स्थित एलन इंस्टीट्यूट भेजा गया था। योजना का उद्देश्य कोरबा के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बेहतर कोचिंग उपलब्ध कराना था, ताकि आर्थिक परिस्थितियां उनकी सफलता में बाधा न बनें। लेकिन फीस भुगतान में देरी और पढ़ाई प्रभावित होने की शिकायतों ने पूरी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

फीस भुगतान में देरी, अभिभावकों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जताई नाराजगी

अभिभावकों का आरोप था कि फीस भुगतान में देरी के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और निर्धारित समय पर कोर्स पूरा होने को लेकर भी अनिश्चितता बनी हुई है। इसी समस्या को लेकर अभिभावक कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रशासन के सामने अपनी परेशानी रखी। उन्होंने विद्यार्थियों का कोर्स समय पर पूरा कराने की मांग की थी। समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी गई थी।

उस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से दो लाख रुपये का भुगतान किए जाने और शेष राशि जल्द जमा कराने की बात कही गई थी। इसके बावजूद अभिभावकों की चिंता बनी रही।

कलेक्टर ने लिया संज्ञान, DEO और संस्थान से मांगा जवाब

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया है। उनके निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी और संबंधित शैक्षणिक संस्थान को नोटिस जारी किया गया है। अब यह स्पष्ट करना होगा कि फीस भुगतान में देरी क्यों हुई और विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने की स्थिति कैसे बनी।

  जिला मुख्यालय में 1, 2, 3 अप्रैल को संभाग स्तरीय बस्तर पंडुम का होगा आयोजन

डीएमएफ जैसी महत्वपूर्ण राशि का उद्देश्य जिले के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बेहतर अवसर देना है। ऐसे में योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही या समन्वय की कमी सामने आती है तो जवाबदेही तय होना जरूरी है।

अगले सत्र से कोरबा में ही NEET-JEE की कोचिंग

इस पूरे घटनाक्रम के बीच जिला प्रशासन ने अगले शैक्षणिक सत्र से विद्यार्थियों को नीट और जेईई की तैयारी के लिए कोरबा में ही सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। इसके लिए कोरबा के एजुकेशन हब में कोचिंग व्यवस्था शुरू की जाएगी। जानकारी के अनुसार, इसके लिए संस्थान का चयन भी कर लिया गया है।

नई व्यवस्था के तहत विद्यार्थियों की तैयारी जिला प्रशासन की निगरानी में कराई जाएगी। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोचिंग की गुणवत्ता, फीस भुगतान और पाठ्यक्रम पूरा कराने की प्रक्रिया व्यवस्थित रहे तथा विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

अब वर्तमान विद्यार्थियों की समस्या का समाधान सबसे बड़ी चुनौती

जिले में ही नीट और जेईई की तैयारी की व्यवस्था शुरू करने का फैसला भविष्य के विद्यार्थियों के लिए राहत भरा हो सकता है, लेकिन वर्तमान सत्र में रायपुर भेजे गए विद्यार्थियों की समस्या का समाधान तत्काल जरूरी है। नोटिस के बाद प्रशासन को यह सुनिश्चित करना होगा कि बच्चों का बचा हुआ कोर्स समय पर पूरा हो और फीस से जुड़ी बाधा उनकी तैयारी के रास्ते में न आए।

अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि DEO और संस्थान के जवाब में क्या तथ्य सामने आते हैं और प्रशासन वर्तमान विद्यार्थियों की पढ़ाई को पटरी पर लाने के लिए क्या कदम उठाता है।

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button