कोरबाछत्तीसगढ़बड़ी ख़बर

ठहाकों से गूंज उठा कोरबा का ओपन थिएटर ! हास्य, व्यंग्य और श्रृंगार की कविताओं ने बांधा समां

अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन-2026 में देशभर के कवियों ने बिखेरा काव्य का रंग, देर रात तक तालियों और ठहाकों से गूंजता रहा निहारिका का ओपन एयर ऑडिटोरियम

कोरबा। कभी हास्य की फुलझड़ियों पर श्रोताओं के ठहाके गूंजे, तो कभी व्यंग्य की तीखी पंक्तियों ने सोचने पर मजबूर कर दिया। गीतों की मधुरता और श्रृंगार रस की कविताओं ने शाम को और भी खुशनुमा बना दिया। निहारिका स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर ओपन एयर ऑडिटोरियम में बुधवार की शाम साहित्य, मनोरंजन और काव्य रस की ऐसी महफिल सजी कि श्रोता देर तक अपनी जगह पर जमे रहे। मौका था अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन-2026 का, जहां देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे कवियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से कोरबा के साहित्यप्रेमियों का दिल जीत लिया।

‘कविता… जो दिल से दिल तक पहुंचे’ थीम पर सजी काव्य संध्या

‘कविता… जो दिल से दिल तक पहुंचे’ की थीम पर आयोजित इस कवि सम्मेलन में हास्य, व्यंग्य, गीत और श्रृंगार की विविध रंगों वाली प्रस्तुतियां देखने-सुनने को मिलीं। कवियों ने अपनी रचनाओं के जरिए कभी गुदगुदाया, कभी सामाजिक परिस्थितियों पर व्यंग्य किया तो कभी प्रेम और संवेदनाओं को शब्दों में पिरोकर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

कार्यक्रम की शुरुआत आमंत्रित कवियों के बैज लगाकर स्वागत एवं सम्मान के साथ हुई। इसके बाद मां सरस्वती का स्मरण करते हुए रायपुर के गीतकार मीर अली मीर ने अपनी प्रस्तुति से काव्य सम्मेलन का विधिवत शुभारंभ किया।

देशभर से आए कवियों ने बांधा समां

प्रयागराज से पहुंचे अखिलेश द्विवेदी ने अपनी हास्य कविताओं से श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। रायपुर के गीतकार मीर अली मीर ने मधुर गीतों की प्रस्तुति से माहौल को संगीतमय बना दिया। पश्चिम बंगाल से आए पवन बांके बिहारी ने हास्य काव्य के जरिए खूब रंग जमाया, वहीं कटनी की प्रियंका मिश्रा ने श्रृंगार रस की कविताओं से काव्य संध्या को खास बना दिया।

स्थानीय और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे कवियों ने भी अपनी रचनाओं से खूब वाहवाही बटोरी। कोरबा के हिरामणी वैष्णव, बिलाईगढ़ के शशि भूषण स्नेही और बरमकेला के कमलेश यादव ‘धाकड़’ ने हास्य रचनाओं के जरिए श्रोताओं को जमकर हंसाया। एक के बाद एक शानदार प्रस्तुतियों के बीच पूरा ओपन थिएटर तालियों और ठहाकों से गूंजता रहा।

  घर से नाराज युवक ने कीटनाशक सेवन कर दी जान, खंडहर में मिला शव

महापौर सहित अतिथियों ने लिया काव्य सम्मेलन का आनंद

आयोजन में महापौर संजू देवी राजपूत, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बिलासपुर के पूर्व अध्यक्ष देवेन्द्र पांडेय, विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष अमरजीत सिंह तथा नरेंद्र मोदी विचार मंच के जिला अध्यक्ष सोनू पांडेय सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने कवियों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया और आयोजन की सराहना की।

समापन अवसर पर आयोजन समिति की ओर से महापौर संजू देवी राजपूत के हाथों आमंत्रित कवियों को स्मृति-चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। आयोजक परिवार की ओर से महापौर का भी सम्मान किया गया। उपस्थित अतिथियों को भी स्मृति-चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।

आयोजन की सफलता में इनका रहा योगदान

इस अवसर पर कोरबा प्रेस क्लब के संरक्षक कमलेश यादव, वरिष्ठ पत्रकार किशोर शर्मा, भारत विकास परिषद के महेश गुप्ता, नगर निगम के सचिव रामेश्वर कंवर, अखबार वितरक संघ के प्रदेश अध्यक्ष पदम सिंह चंदेल, जिला अध्यक्ष विपेंद्र साहू सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को सफल बनाने में राजेन्द्र जायसवाल, रंजन प्रसाद, पुरुषोत्तम दुबे और ओम गवेल का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन समिति ने कार्यक्रम में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

हास्य, व्यंग्य, गीत और श्रृंगार के अनूठे संगम ने कोरबा की इस शाम को यादगार बना दिया। कवियों की रचनाओं पर श्रोताओं की तालियां और गूंजते ठहाके इस बात की गवाही देते रहे कि अच्छी कविता आज भी लोगों को जोड़ने और दिलों तक पहुंचने की ताकत रखती है।

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button