गोपाष्टमी पर कुदुरमाल के मां भवानी गौशाला में उमड़ा आस्था का सैलाब, 2 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने की गौमाता की महाआरती
राधा-कृष्ण की जीवंत झांकी और भजन संध्या रही आकर्षण का केंद्र, भक्तों ने ग्रहण किया भोजन प्रसाद; वर्षों पुरानी परंपरा को इस बार भी समिति ने भव्यता से निभाया

कोरबा। गोमाता के प्रति श्रद्धा, सेवा और समर्पण का अनूठा नजारा कुदुरमाल स्थित जय मां भवानी गौशाला सेवा समिति में देखने को मिला। यहां गोपाष्टमी का पर्व पारंपरिक उत्साह और भक्तिमय वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। आयोजन में आसपास के गांवों से पहुंचे दो हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने गौमाता की भव्य महाआरती में शामिल होकर पुण्य लाभ लिया। पूरे परिसर में भक्ति, संगीत और धार्मिक उल्लास का माहौल बना रहा।

जय मां भवानी गौशाला सेवा समिति के संरक्षक देवेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि समिति द्वारा यह आयोजन वर्षों से निरंतर किया जा रहा है। प्रत्येक वर्ष गोपाष्टमी के अवसर पर गौसेवा और धार्मिक परंपराओं को केंद्र में रखते हुए भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इस वर्ष भी श्रद्धालुओं की सहभागिता और उत्साह ने आयोजन को यादगार बना दिया।

महाआरती और राधा-कृष्ण की जीवंत झांकी ने मोहा मन
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण गौमाता की महाआरती रही। श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से आरती कर गौमाता के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। वहीं राधा-कृष्ण की जीवंत प्रतिमा और भव्य प्रस्तुति ने भक्तों का मन मोह लिया। धार्मिक आयोजन में भजन-संगीत से सजी संध्या ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। रायगढ़ के पं. देवेश शर्मा ने अपनी शानदार प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को देर तक भक्ति रस में सराबोर रखा।

दो हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिवार सहित आयोजन में पहुंचे। दो हजार से अधिक लोगों ने गौमाता की महाआरती में भाग लिया और भोजन प्रसाद ग्रहण किया। समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसाद की व्यवस्था की गई थी। ग्रामीणों और श्रद्धालुओं की व्यापक भागीदारी ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया।

गणमान्य नागरिकों और ग्रामीणों की रही सहभागिता
आयोजन में आसपास के ग्रामीणों के साथ सुरेंद्र पांडेय, देवेंद्र पांडेय, राजेंद्र पांडेय, सुशील पांडेय, प्रवीण पांडेय, ललित पांडेय, टी.पी. उपाध्याय, सत्येंद्र दुबे, शिवम पांडेय सहित ब्राह्मण समाज के सदस्य, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं ने समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कामना की कि गोपाष्टमी का यह आयोजन आने वाले वर्षों में और अधिक भव्यता के साथ संपन्न हो। जय मां भवानी गौशाला सेवा समिति ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों और ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Live Cricket Info
