छत्तीसगढ़बड़ी ख़बर

New Identity : नक्सलवाद की पहचान पीछे छोड़ विकास और संस्कृति का नया चेहरा बना छत्तीसगढ़ ! भारत मंडपम में दिखी प्रदेश की बदलती तस्वीर

नई दिल्ली। कभी नक्सलवाद और सुरक्षा चुनौतियों के कारण चर्चा में रहने वाले छत्तीसगढ़ की पहचान अब बदलते विकास, निवेश की संभावनाओं और समृद्ध जनजातीय संस्कृति के साथ देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत हो रही है। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ राज्य दिवस समारोह ने प्रदेश की इसी बदलती तस्वीर को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित किया। यहां एक ओर छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति और जनजातीय परंपराओं की मनमोहक प्रस्तुतियां हुईं, तो दूसरी ओर उद्योग, हस्तशिल्प, पर्यटन और स्थानीय उत्पादों की संभावनाओं ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

20 नवंबर को आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि रहे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान अब बदल रही है। जिस बस्तर और प्रदेश की चर्चा कभी नक्सलवाद के संदर्भ में होती थी, आज वही अपनी समृद्ध विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य, लोक संस्कृति और विकास की नई संभावनाओं के साथ नई पहचान बना रहा है।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

राज्य गठन के बाद पहली बार इतनी बड़ी संख्या में मंत्री पहुंचे व्यापार मेले में

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य गठन के बाद यह पहला अवसर है, जब वे इतनी बड़ी संख्या में मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि भारत मंडपम में छत्तीसगढ़ की संस्कृति, जनजातीय विरासत और विकास की संभावनाओं का ऐसा संगम दिखाई दे रहा है, जो प्रदेश की बदलती तस्वीर को देश-दुनिया के सामने रखता है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश की लोक संस्कृति को अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि गौर, गौरा-गौरी, भोजली, राउत नाचा, सुआ, पंथी और करमा जैसे लोक नृत्य छत्तीसगढ़ की विशिष्ट पहचान हैं। लोक कलाकारों ने पीढ़ी-दर-पीढ़ी इन परंपराओं को सहेजकर रखा है। ऐसे आयोजन प्रदेश की कला और संस्कृति को व्यापक पहचान दिलाने का माध्यम हैं।

राज्यपाल ने निवेशकों को दिया छत्तीसगढ़ आने का न्योता

राज्यपाल रमेन डेका ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों, कृषि, उद्योग और सांस्कृतिक विरासत के साथ विकास की व्यापक संभावनाओं वाला राज्य है। इस्पात, सीमेंट, ऊर्जा, एल्युमिनियम, खाद्य प्रसंस्करण और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में निवेश के अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने देश-विदेश के उद्योगपतियों और निवेशकों से प्रदेश की संभावनाओं का लाभ उठाने और विकास में सहभागी बनने का आह्वान किया।

राज्यपाल ने कृषि आधारित उद्योगों, लघु वनोपज के प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों के विकास से स्थानीय लोगों की आय बढ़ेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। नवीन औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के माध्यम से निवेश, रोजगार और उद्यमिता को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

  सेजेस संविदा शिक्षक भर्ती परीक्षा 2026 - उत्तर पुस्तिका 5 नवंबर को होगी जारी, 8 नवंबर तक कर सकेंगे दावा-आपत्ति

गौर से लेकर पंथी और राउत नाचा तक, लोक संस्कृति ने बांधा समां

भारत मंडपम के एम्फी थिएटर में आयोजित सांस्कृतिक समारोह का मुख्य आकर्षण छत्तीसगढ़ के लोक कलाकार रहे। पारंपरिक वेशभूषा, आभूषण और मांदर-ढोल की गूंज के बीच कलाकारों ने अलग-अलग लोक नृत्यों की प्रस्तुतियां दीं। गौर नृत्य ने बस्तर की जनजातीय परंपराओं की झलक दिखाई, तो गौरा-गौरी नृत्य ने लोक आस्था से परिचित कराया। भोजली में कृषि संस्कृति, राउत नाचा में पारंपरिक उत्सव और सुआ नृत्य में महिलाओं की सांस्कृतिक परंपराओं की झलक देखने को मिली। पंथी और करमा नृत्य ने भी दर्शकों को आकर्षित किया।

बस्तर की बेलमेटल कला से चांपा के कोसा सिल्क तक सजा पवेलियन

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पवेलियन का भ्रमण कर विभिन्न विभागों और उद्यमियों के स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने बस्तर की पारंपरिक बेलमेटल कला, चांपा के कोसा सिल्क, जनजातीय आभूषणों, हथकरघा वस्त्रों और वनोपज आधारित उत्पादों की जानकारी ली। कोदो, कुटकी और रागी जैसे मिलेट उत्पाद भी आकर्षण का केंद्र रहे।

मुख्यमंत्री ने चित्रकोट जलप्रपात के 3डी वर्चुअल रियलिटी अनुभव की विशेष सराहना की। इस तकनीक के जरिए आगंतुक बस्तर के प्रसिद्ध जलप्रपात की प्राकृतिक सुंदरता का आभासी अनुभव कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश के पर्यटन स्थलों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचाने का अभिनव प्रयास बताया।

सांस्कृतिक विरासत के साथ आर्थिक विकास पर भी जोर

समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह और विभिन्न बोर्डों के अध्यक्षों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

भारत मंडपम में छत्तीसगढ़ की यह मौजूदगी केवल सांस्कृतिक प्रदर्शन तक सीमित नहीं रही। इस मंच पर प्रदेश ने अपनी औद्योगिक संभावनाओं, स्थानीय उत्पादों, पर्यटन, जनजातीय विरासत और उद्यमिता की ताकत भी दिखाई। परंपरा और आधुनिकता के इस संगम के जरिए छत्तीसगढ़ ने देश की राजधानी में अपनी बदलती पहचान को मजबूती से सामने रखा।

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button