छत्तीसगढ़बड़ी ख़बर

Global Talent : दक्षिण कोरिया में छत्तीसगढ़ के दो सितारे दिखाएंगे दम ! रोबोटिक्स के इंटरनेशनल फाइनल में पराक्रम और गौस करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व

रायपुर। छत्तीसगढ़ के दो स्कूली विद्यार्थियों ने अपनी तकनीकी प्रतिभा से प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने के बाद अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर दस्तक दी है। रायपुर के वेदिक इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा सातवीं में पढ़ने वाले पराक्रम सिन्हा और मोहम्मद गौस अंसारी का चयन दक्षिण कोरिया में होने वाली रोबोटेक्स इंटरनेशनल ग्रैंड फाइनल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। दोनों विद्यार्थी 28 और 29 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में दोनों विद्यार्थियों से मुलाकात कर उनकी उपलब्धि पर खुशी जताई। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के बच्चों में प्रतिभा और क्षमता की कमी नहीं है। उन्हें सही अवसर, प्रोत्साहन और मार्गदर्शन मिले तो वे राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं।

7 हजार से अधिक विद्यार्थियों के बीच हासिल किया मुकाम

पराक्रम सिन्हा और मोहम्मद गौस अंसारी ने नेशनल चैंपियनशिप 2026 की LEGO Line Follower श्रेणी में द्वितीय स्थान हासिल किया था। इसी उपलब्धि के आधार पर दोनों का चयन अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 16 से अधिक राज्यों के 7 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

प्रतियोगिता की नौ अलग-अलग श्रेणियों में 500 से अधिक रोबोट के जरिए विद्यार्थियों ने अपनी तकनीकी दक्षता और नवाचार क्षमता का प्रदर्शन किया। विभिन्न श्रेणियों से चयनित 36 विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है। इनमें छत्तीसगढ़ के ये दोनों विद्यार्थी भी शामिल हैं।

क्या है LEGO Line Follower प्रतियोगिता ?

इस श्रेणी में विद्यार्थियों को ऐसा रोबोट तैयार करना होता है, जो निर्धारित ट्रैक पर बनी लाइन को पहचानकर उसी के अनुसार आगे बढ़ सके। इस तकनीक को विकसित करने के लिए प्रोग्रामिंग, तार्किक सोच, तकनीकी समझ और समस्या का समाधान करने की क्षमता जरूरी होती है। कम उम्र में इस तरह की तकनीकी दक्षता हासिल करना दोनों विद्यार्थियों की मेहनत और सीखने की लगन को दर्शाता है।

  चाकू लेकर निकले थे खौफ दिखाने…पुलिस ने घेरकर भेजा सलाखों के पीछे!

मुख्यमंत्री बोले – बच्चों को मिलेंगे आगे बढ़ने के अवसर

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि आज विज्ञान और तकनीक का युग है। प्रदेश के बच्चों में नई तकनीक सीखने, समझने और नवाचार करने की रुचि बढ़ रही है। राज्य सरकार का प्रयास है कि विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा, तकनीकी ज्ञान और अपनी प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि पराक्रम और गौस दक्षिण कोरिया में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ और देश का नाम रोशन करेंगे।

शिक्षकों और मेंटर्स की मेहनत भी लाई रंग

दोनों विद्यार्थियों की सफलता में उनके अभिभावकों, शिक्षकों और तकनीकी मार्गदर्शकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान वेदिक इंटरनेशनल स्कूल की प्राचार्य नीलम चौधरी, रोबोनाइट रोबोटिक्स के सीईओ एवं चीफ मेंटर रवि सिन्हा, मैनेजिंग डायरेक्टर रीना सिन्हा और टीम कोच शौर्य सिन्हा उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि बच्चों की प्रतिभा पहचानकर उन्हें आगे बढ़ाने में शिक्षकों और अभिभावकों की भूमिका बेहद अहम है।

अब पूरे प्रदेश की निगाहें 28 और 29 नवंबर को दक्षिण कोरिया में होने वाले मुकाबले पर रहेंगी। रायपुर के इन दोनों होनहार विद्यार्थियों के पास अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी तकनीकी क्षमता दिखाने और देश का गौरव बढ़ाने का सुनहरा अवसर है।

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button