कोयला खदान में एसईसीएल स्टाफ बस हुई अनियंत्रित-टला बड़ा हादसा


कोरबा 06 मार्च। जिले के रानी अटारी विजय वेस्ट कोल माइंस में कर्मचारियों को लाने-ले जाने वाली एसईसीएल की स्टाफ बस अनियंत्रित हो सडक किनारे उतर गई। बस झाडियों में फंस गई, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी कर्मचारी को चोट नहीं आई और एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार चिरमिरी से प्रतिदिन कर्मचारियों को खदान तक लाने-ले जाने के लिए स्टाफ बस चलती है। बताया जा रहा है कि बस पिछले कुछ दिनों से निर्धारित मार्ग कोरबी और सरमा से जाने के बजाय जंगल क्षेत्र तुमा बहरा से शॉर्टकट रास्ते से गुजर रही थी। इसी दौरान चालक का नियंत्रण अचानक वाहन से हट गया और बस सडक से नीचे उतरकर किनारे झाडियों में जा फंसी। जानकारी के अनुसार बस की रफ्तार ज्यादा नहीं थी, जिसके कारण किसी प्रकार की जनहानि या गंभीर नुकसान नहीं हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही खदान प्रबंधन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा बस में सवार सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्रारंभिक तौर पर जांच उपरांत घटना का कारण तकनीकी खराबी बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने परिवहन व्यवस्था की नियमित जांच तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की मांग की है।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

Live Cricket Info

प्रखर भूमि's avatar
About प्रखर भूमि 263 Articles
प्रखरभूमि एक RNI में पंजीकृत साप्ताहिक समाचार पत्र है, जिसकी शुरुआत वर्ष 2013 में हुई। अब इसका डिजिटल संस्करण भी इस वेबसाइट के माध्यम से पाठकों तक उपलब्ध है, जहां छत्तीसगढ़ सहित देश-दुनिया की महत्वपूर्ण और विश्वसनीय खबरें प्रकाशित की जाती हैं।