गोंगपा ने फूंका आंदोलन बिगुलः एसडीएम पर एफआईआर, महंगाई नियंत्रण समेत 5 सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

गोंगपा सुप्रीमो मरकाम का अल्टीमेटम, कार्रवाई की अनदेखी पर क्षेत्र में उग्र आंदोलन का ऐलान ,सड़क से लेकर सदन तक जारी रहेगी जनता के हक की लड़ाई

कोरबा 01 जुलाई। जिले के पाली क्षेत्र में जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोंगपा) ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं विधायक तुलेश्वर सिंह मरकाम ने सोमवार को स्थानीय थाने पहुंचकर एक साथ पांच अलग-अलग आवेदन सौंपे। इन आवेदनों के माध्यम से उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यशैली, एसईसीएल विस्थापितों के साथ कथित मारपीट, बढ़ती महंगाई सहित कई अहम मुद्दों पर कार्रवाई की मांग की।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

थाने में आवेदन सौंपने के बाद तुलेश्वर सिंह मरकाम ने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से विभिन्न समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन प्रशासन उनकी शिकायतों पर गंभीरता से ध्यान नहीं दे रहा है। ऐसे में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी जनता की आवाज बनकर उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ रही है।

आवेदन सौंपने के दौरान गोंगपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और एसईसीएल प्रभावित क्षेत्रों के बड़ी संख्या में विस्थापित ग्रामीण भी मौजूद रहे। पुलिस ने सभी आवेदन प्राप्त कर नियमानुसार जांच के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

एसडीएम के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग
मरकाम द्वारा सौंपे गए आवेदनों में सबसे प्रमुख मांग क्षेत्र के अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) के खिलाफ मामला दर्ज करने की है। उन्होंने आरोप लगाया कि एसडीएम की कार्यशैली को लेकर गंभीर शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

एसईसीएल विस्थापितों के साथ मारपीट का उठाया मुद्दा
गोंगपा प्रमुख ने एसईसीएल (साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड) परियोजना से प्रभावित विस्थापितों के साथ हुई कथित मारपीट और दुर्व्यवहार का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि अपने अधिकार और मुआवजे की मांग कर रहे विस्थापितों के साथ मारपीट की घटनाएं बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर पीड़ितों को न्याय दिलाया जाना चाहिए।

  सिरफिरा आशिक चाकू लेकर घर आ धमका, कहा- मेरी हो, किसी और की हुई तो मार दूंगा

बढ़ती महंगाई पर जताया आक्रोश
मरकाम ने लगातार बढ़ रही महंगाई को लेकर भी सरकार और प्रशासन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है। गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर इसका सबसे अधिक असर पड़ रहा है, लेकिन राहत के लिए कोई ठोस कदम नजर नहीं आ रहे हैं।

“जनता के हक की लड़ाई सड़क से सदन तक जारी रहेगी”
थाने के बाहर मीडिया से चर्चा करते हुए तुलेश्वर सिंह मरकाम ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह बेलगाम हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर विस्थापित अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं और उनके साथ मारपीट की जा रही है, वहीं जिम्मेदार अधिकारी मूकदर्शक बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि आम जनता महंगाई से त्रस्त है और शासन-प्रशासन उनकी समस्याओं के समाधान में विफल साबित हो रहा है।

उन्होंने कहा, “आज हमने पुलिस प्रशासन को पांच अलग-अलग आवेदन सौंपे हैं। यदि समय रहते इन मामलों में एफआईआर दर्ज कर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो गोंडवाना गणतंत्र पार्टी पूरे क्षेत्र में उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। जनता के हक की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लगातार जारी रहेगी।”

Live Cricket Info