सिंगापुर दौरे से छत्तीसगढ़ को 43,600 करोड़ रुपये की निवेश प्रतिबद्धताएं, AI डेटा सेंटर से ग्लोबल साझेदारियों तक बड़ी उपलब्धियां

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का तीन दिवसीय सिंगापुर दौरा निवेश, कौशल विकास, तकनीक, हरित विकास और पर्यटन के लिहाज से महत्वपूर्ण उपलब्धियों वाला रहा। दौरे के दौरान प्रदेश को कुल 43,600 करोड़ रुपये की प्रत्यक्ष विदेशी निवेश प्रतिबद्धताएं मिलीं। साथ ही कौशल विकास के लिए ITE Education Services, Singapore के साथ महत्वपूर्ण एमओयू हुआ और कई वैश्विक संस्थाओं के साथ संभावित सहयोग पर चर्चा हुई।
भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के नामांकन पर छत्तीसगढ़ और हरियाणा को प्रथम Singapore-India Network for Growth (SING) Forum 2026 में भागीदारी के लिए चुना गया था। मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ ने इस वैश्विक मंच पर प्रदेश की निवेश क्षमता और विकास की संभावनाओं को मजबूती से सामने रखा।
AI-रेडी डेटा सेंटर के लिए 41,750 करोड़ रुपये
सिंगापुर दौरे की सबसे बड़ी उपलब्धि Energy Capital Global (ECG) की ओर से छत्तीसगढ़ में 100 मेगावाट क्षमता का AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस विकसित करने के लिए 41,750 करोड़ रुपये की निवेश प्रतिबद्धता रही। यह परियोजना प्रदेश को डिजिटल अर्थव्यवस्था और आधुनिक डेटा इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में नई पहचान दिला सकती है।
इसके अलावा Sunstream Green Energy Pvt. Ltd. ने सोलर ऊर्जा के साथ 300 मेगावाट संबंधित बैटरी स्टोरेज और कंपोनेंट्स के लिए 1,500 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव में रुचि दिखाई। वहीं वैश्विक एग्रीबिजनेस समूह Valency International Pte Ltd को एकीकृत एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट हब के लिए 350 करोड़ रुपये के निवेश का आमंत्रण दिया गया।
युवाओं के कौशल विकास के लिए सिंगापुर से समझौता
भविष्य की औद्योगिक जरूरतों के अनुरूप प्रदेश के युवाओं को तैयार करने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने ITE Education Services, Singapore के साथ तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण को लेकर एमओयू किया। इसके तहत उद्योगों की जरूरत के अनुसार पाठ्यक्रम, तकनीकी प्रशिक्षण और कौशल से रोजगार तक बेहतर अवसर विकसित करने पर काम किया जाएगा।
SING Forum में वैश्विक मंच पर रखी छत्तीसगढ़ की तस्वीर
Singapore Business Federation द्वारा आयोजित SING Forum 2026 में मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ की औद्योगिक क्षमता, निवेश नीतियों और विकास की संभावनाओं को वैश्विक कारोबारी समुदाय के सामने रखा। फोरम में सिंगापुर सरकार के प्रतिनिधियों के साथ Mastercard, Nestlé और IHCL जैसी प्रमुख कंपनियों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया।
फायरसाइड चैट के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों की जरूरत के अनुरूप लगातार सुधार कर रही है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश में आने वाला प्रत्येक बड़ा निवेश रोजगार सृजन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने का माध्यम बने।
15 से अधिक वैश्विक कंपनियों के साथ CEO Roundtable
मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में आयोजित CEO Roundtable में TCS, SMBC, Tolaram Group और Agrocorp सहित 15 से अधिक वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में छत्तीसगढ़ में निवेश और भविष्य की व्यावसायिक साझेदारियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
Global Finance & Technology Network (GFTN) के साथ AI और डिजिटल फाइनेंस में युवाओं को प्रशिक्षित करने तथा प्रदेश के स्टार्टअप्स को वैश्विक निवेशकों और बाजारों से जोड़ने की संभावनाओं पर विचार हुआ। वहीं Aquatech Pacific Holdings Pte Ltd के साथ औद्योगिक अपशिष्ट जल के पुनः उपयोग से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर पर चर्चा हुई।
ग्रीन डेवलपमेंट और पर्यटन में भी नए रास्ते
सिंगापुर दौरे के दौरान Gardens by the Bay और Mandai Wildlife Group के साथ हुई बैठकों में हरित विकास, जैव-विविधता संरक्षण और पर्यटन के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाएं तलाशी गईं। Gardens by the Bay के अनुभवों का उपयोग नवा रायपुर में बॉटनिकल गार्डन और बेहतर हरित सार्वजनिक स्थलों के विकास में किया जा सकता है।
Mandai Wildlife Group के साथ नंदनवन जंगल सफारी को विश्वस्तरीय वन्यजीव पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। इससे प्रदेश में पर्यटन के साथ स्थानीय रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाने की उम्मीद है।
साय बोले—निवेश को धरातल पर उतारना अगली प्राथमिकता
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिंगापुर यात्रा को छत्तीसगढ़ की वैश्विक निवेश यात्रा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इस दौरे से दुनिया के सामने यह संदेश गया है कि छत्तीसगढ़ वैश्विक निवेश के लिए तैयार है। अब सरकार निवेशकों के साथ लगातार फॉलो-अप करेगी, ताकि प्रस्तावित परियोजनाओं को जल्द से जल्द धरातल पर उतारा जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन निवेशों का उद्देश्य केवल पूंजी आकर्षित करना नहीं, बल्कि प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार और करियर के अवसर पैदा करना तथा स्थानीय उद्यमियों और उद्योगों के लिए नए बाजार और साझेदारी के रास्ते खोलना है।
तीन दिवसीय सिंगापुर दौरे में मिले निवेश प्रस्ताव, कौशल विकास समझौते और वैश्विक संस्थाओं के साथ बनी साझेदारी छत्तीसगढ़ को निवेश, तकनीक, कौशल, हरित विकास और पर्यटन के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में अहम कदम माने जा रहे हैं।

Live Cricket Info

