धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस का बड़ा आयोजन ! नितिन नबीन और CM साय होंगे शामिल, आदिवासी समाज की उपलब्धियों का होगा शक्ति प्रदर्शन
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर छत्तीसगढ़ के जनजातीय नायकों को नमन, 7.89 लाख परिवारों को पक्के आवास और 4.88 लाख से अधिक व्यक्तिगत वन अधिकार पत्र मिलने की उपलब्धियां होंगी साझा

रायपुर, 14 नवंबर 2026। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस का भव्य आयोजन होगा। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नितिन नबीन और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल होंगे। आयोजन के जरिए छत्तीसगढ़ के जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, वीर नायकों के बलिदान और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से मिली उपलब्धियों को सामने रखा जाएगा।
यह आयोजन केवल जनजातीय गौरव को याद करने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आवास, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और वन अधिकारों के क्षेत्र में हुए कामकाज को भी साझा करने का अवसर बनेगा।
बिरसा मुंडा से वीर नारायण सिंह तक, जनजातीय नायकों को नमन
‘धरती आबा’ के नाम से प्रसिद्ध भगवान बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज के अधिकारों, स्वाभिमान और स्वतंत्रता के लिए संघर्ष किया था। उनके योगदान को सम्मान देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने वर्ष 2021 में 15 नवंबर को प्रतिवर्ष जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया था।
धरमजयगढ़ के कार्यक्रम में भगवान बिरसा मुंडा के साथ छत्तीसगढ़ के जनजातीय नायकों शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर, राजा गेंद सिंह, शहीद झाड़ा सिरहा, हिड़मा मांझी और संत गहिरा गुरु के योगदान को भी याद किया जाएगा।
7.89 लाख से अधिक जनजातीय परिवारों को पक्के मकान
कार्यक्रम के लिए जारी विवरण के अनुसार, छत्तीसगढ़ में जनजातीय परिवारों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं से बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिला है।
- महतारी वंदन योजना से 19.89 लाख से अधिक जनजातीय महिलाएं लाभान्वित हुई हैं।
- प्रधानमंत्री आवास योजना और अन्य आवास योजनाओं के तहत 7.89 लाख से अधिक जनजातीय परिवारों को पक्के आवास मिले हैं।
- धरती आबा अभियान से 6,691 गांवों के 11 लाख से अधिक परिवारों को लाभ मिला है।
- पीएम-जनमन अभियान से 1,544 गांवों के 56,569 परिवार लाभान्वित हुए हैं।
34 हजार से अधिक विद्यार्थी आवासीय विद्यालयों में कर रहे पढ़ाई
शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश के 75 एकलव्य और 14 प्रयास आवासीय विद्यालयों में 34 हजार से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। बीते दो वर्षों में 90,942 विद्यार्थियों को 124.79 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई है।
नई दिल्ली स्थित जनजातीय युवा छात्रावास की क्षमता भी 50 से बढ़ाकर 200 सीट कर दी गई है। इसके अलावा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना से जनजातीय महिलाओं और बेटियों को लाभ मिला है। पशुधन विकास योजनाओं के माध्यम से हजारों जनजातीय पशुपालकों तक सहायता पहुंचाई गई है।
4.88 लाख से अधिक व्यक्तिगत वन अधिकार पत्र वितरित
वन अधिकारों के क्षेत्र में भी छत्तीसगढ़ में बड़ी उपलब्धियां दर्ज की गई हैं। प्रदेश में अब तक 4.88 लाख से अधिक व्यक्तिगत वन अधिकार पत्र, 46,868 सामुदायिक वन अधिकार पत्र और 4,412 सामुदायिक वन संसाधन अधिकार पत्र वितरित किए जा चुके हैं।
जनजातीय विरासत और इतिहास को संरक्षित करने के उद्देश्य से नवा रायपुर में 50 करोड़ रुपये की लागत से शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक एवं डिजिटल संग्रहालय भी विकसित किया गया है।
जनजातीय गौरव के साथ विकास की उपलब्धियों पर रहेगा फोकस
धरमजयगढ़ में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ के जनजातीय समाज के संघर्ष, संस्कृति और योगदान को सम्मान देने के साथ उनके जीवन में आए बदलावों को सामने लाएगा। आवास से लेकर शिक्षा और वन अधिकारों तक की उपलब्धियों के जरिए जनजातीय क्षेत्रों में विकास की तस्वीर प्रस्तुत की जाएगी।

Live Cricket Info



