छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट, रायपुर समेत 25 से ज्यादा जिलों में रेड, ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी

रायपुर। CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब (लो प्रेशर सिस्टम) के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में पिछले दो-तीन दिनों से झमाझम बारिश का दौर जारी है। लगातार हो रही वर्षा से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों तक प्रदेश के मध्य क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। हालांकि 8 जुलाई के बाद वर्षा की तीव्रता में कमी आने के संकेत दिए गए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी ओडिशा एवं पश्चिम बंगाल तट पर बने अवदाब के कारण प्रदेश में व्यापक वर्षा हो रही है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश और कुछ क्षेत्रों में अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना बनी हुई है।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। राजिम में सबसे अधिक 19 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा दुर्ग में 18 सेंटीमीटर, छुरा में 16 सेंटीमीटर, रायपुर शहर, राजनांदगांव और पाटन में 15-15 सेंटीमीटर, गोबरा नवापारा और माना में 14-14 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं अर्जुन्दा, लाभांडी, गुंडरदेही, भिलाई, कोमाखान, मंदिर हसौद, महासमुंद, बागबाहरा और धमतरी समेत कई क्षेत्रों में भी अच्छी वर्षा हुई।

  राज्यपाल श्री रमेन डेका और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में लोक भवन से ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ

राजधानी रायपुर में सोमवार को भी आसमान मेघमय रहने, गरज-चमक के साथ भारी बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

CG Weather Update के तहत मौसम विभाग ने धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सूरजपुर और कोरिया सहित 25 से अधिक जिलों के लिए रेड, ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, तेज हवाओं और भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने, बिजली गिरने की आशंका के समय खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Live Cricket Info