
रायपुर। छोटे कारोबारियों और पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रदेश को एक-दो नहीं, बल्कि कुल पांच राष्ट्रीय पुरस्कार मिले हैं। इनमें राज्य ने फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में पूरे देश में पहला और इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में दूसरा स्थान हासिल किया है। इसके अलावा बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा नगरीय निकायों ने भी डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त किया है।
20 नवंबर को नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित ‘स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026’ में छत्तीसगढ़ को यह सम्मान प्रदान किया गया। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने राज्य स्तरीय दोनों पुरस्कार ग्रहण किए। समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहे।
Fastest Movers में छत्तीसगढ़ देश में नंबर-1
राष्ट्रीय पुरस्कारों में छत्तीसगढ़ ने फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। वहीं इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में प्रदेश को दूसरा स्थान मिला। ये उपलब्धियां पीएम स्वनिधि योजना के क्रियान्वयन और पथ विक्रेताओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान हैं।
बड़े बचेली ने मारी बाजी, दंतेवाड़ा दूसरे स्थान पर
डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। एक लाख से कम आबादी वाले नगरीय निकायों की श्रेणी में नगर पालिका परिषद बड़े बचेली ने देश में पहला स्थान हासिल किया, जबकि दंतेवाड़ा को दूसरा स्थान मिला। वहीं एक लाख से 10 लाख तक की जनसंख्या वाले निकायों में नगर पालिक निगम बिलासपुर ने राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया।
यह सम्मान पथ विक्रेताओं को डिजिटल लेनदेन से जोड़ने, संस्थागत ऋण उपलब्ध कराने और उनकी आजीविका मजबूत बनाने की दिशा में किए गए प्रयासों को रेखांकित करता है।
सीएम साय बोले – छोटे कारोबारियों को आत्मनिर्भर बनाना प्राथमिकता
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित पीएम स्वनिधि योजना छोटे व्यवसायियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। छत्तीसगढ़ को पांच राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और पथ विक्रेताओं तथा छोटे कारोबारियों को सम्मानजनक आजीविका के अवसर मिलें।
अरुण साव ने नगरीय निकायों के प्रयासों को सराहा
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य और नगरीय निकायों को मिले ये पुरस्कार बेहतर कार्यप्रणाली तथा समर्पित प्रयासों का परिणाम हैं। पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से पथ विक्रेताओं को संस्थागत ऋण, डिजिटल लेनदेन और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि नगरीय निकायों को पथ विक्रेताओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए और अधिक प्रतिबद्धता से काम करने की प्रेरणा देगी।
समारोह में बिलासपुर की महापौर पूजा विधानी और आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, दंतेवाड़ा की अध्यक्ष पायल गुप्ता और मुख्य नगर पालिका अधिकारी अरुण कुमार ध्रुव तथा बड़े बचेली के अध्यक्ष राजू जायसवाल और मुख्य नगर पालिका अधिकारी पी.टी.एम. कृष्णा राव भी उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ को मिले इन पांच राष्ट्रीय सम्मानों ने शहरी आजीविका संवर्धन, डिजिटल लेनदेन और छोटे कारोबारियों के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में प्रदेश के प्रयासों को देशभर में नई पहचान दिलाई है।

Live Cricket Info

