आयोजनआस्थाकोरबाछत्तीसगढ़पर्व त्यौहारप्रेरणासंगठनसंस्कृतिसामाजिक

जिले में गोपाष्टमी पर्व श्रद्धा, आस्था और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया, गौशालाओं में हुई गायों की पूजा-अर्चना

मुख्य समारोह में शामिल हुए डिप्टी सीएम अरुण साव

कोरबा, 17 नवम्बर। मानव समाज, भारतीय संस्कृति और सभ्यता के विकास में गोवंश के अतुलनीय योगदान को रेखांकित करने वाला पावन पर्व गोपाष्टमी मंगलवार को कोरबा जिले में श्रद्धा, आस्था और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

कार्तिक शुक्ल पक्ष की अष्टमी के अवसर पर जिले की विभिन्न गौशालाओं में गायों की पूजा-अर्चना कर उनकी सेवा की गई। इस दौरान गौमाता को तिलक लगाकर, फूल-मालाएं पहनाकर और पारंपरिक व्यंजन खिलाकर उनके प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की गई। पर्व के माध्यम से लोगों को गोवंश के संरक्षण, संवर्धन और सेवा का संदेश भी दिया गया।

कोरबा जिले के कनबेरी स्थित अग्रसेन गौशाला, स्वामी भजन आनंद गौशाला केंवई, भवानी गौशाला चारपारा कोहडिया, पांडेय परिवार द्वारा संचालित कुदुरमाल गौशाला तथा हरदीबाजार में सामाजिक कार्यकर्ता अजय दुबे सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा संचालित गौसेवा केंद्रों में विशेष आयोजन किए गए। इसके अलावा अनेक लोगों ने अपने घरों और निजी स्तर पर संरक्षित गोवंश की पूजा-अर्चना कर पर्व की परंपरा निभाई। गौशालाओं में सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और लोगों ने गौमाता को चारा, गुड़ एवं अन्य खाद्य सामग्री खिलाकर सेवा का संकल्प लिया।

गोपाष्टमी का जिले का मुख्य आयोजन कनबेरी स्थित अग्रसेन गौशाला परिसर में हुआ, जहां प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण कुमार साव शामिल हुए। गौशाला समिति की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। परिसर में लगभग 800 गोवंश की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर लोगों ने गायों के प्रति स्नेह और सम्मान प्रकट करते हुए उन्हें विभिन्न व्यंजन खिलाए तथा गोसेवा और संरक्षण के महत्व को समझा।

  एसईसीएल खदान में गार्डों को बंधक बनाकर लोहे के सामान और पाइप चोरी मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार

कार्यक्रम में भागवत आचार्य पंडित दशरथ नंदन द्विवेदी ने गोवंश के धार्मिक, सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गोवंश का महत्व केवल भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि आदिकाल से ही मानव सभ्यता के विकास में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। भारतीय परंपरा में गाय को माता का दर्जा दिया गया है। कृषि, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, दुग्ध उत्पादन और चिकित्सा विज्ञान सहित अनेक क्षेत्रों में गोवंश का योगदान महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि गोसेवा केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन में अपनाने की आवश्यकता है।

गोपाष्टमी का पर्व हमें यह संदेश देता है कि गोवंश का संरक्षण केवल किसी एक व्यक्ति या संगठन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। गायों को बेसहारा छोडने के बजाय उनके लिए सुरक्षित आश्रय, पर्याप्त चारा, पानी और बेहतर देखभाल की व्यवस्था करना भी सच्ची गोसेवा है। जिले में विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों ने इसी भावना को मजबूत किया और लोगों को गोवंश के प्रति संवेदनशील बनने की प्रेरणा दी।

Live Cricket Info

Related Articles

Back to top button