छत्तीसगढ़बड़ी ख़बरराजकाज

जनजातीय गौरव दिवस पर दशहरा मैदान में उमड़ी लाखों की भीड़, चार बार के सांसद रहे CM विष्णुदेव साय को सुनने उमड़ा जनसैलाब, धरमजयगढ़ में आदिवासी समाज ने दिया भरपूर आशीर्वाद ! वर्चुअल शामिल हुए राज्यसभा सांसद नितिन नबीन का दिमागी नक्सलियों पर बड़ा प्रहार

पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे लोगों ने किया मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत; नितिन नवीन ने वर्चुअल संबोधन में कहा – बंदूक की जगह खेल का मैदान ले रहा बस्तर

रायगढ़/धरमजयगढ़, 15 नवंबर 2026। धरमजयगढ़ का ऐतिहासिक दशहरा मैदान रविवार को सिर्फ एक सरकारी समारोह का गवाह नहीं बना, बल्कि यहां जनजातीय समाज की एकजुटता, उत्साह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आत्मीयता का बड़ा नजारा देखने को मिला। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर आयोजित राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। मैदान में उमड़ा जनसैलाब, पारंपरिक वेशभूषा में सजे जनजातीय समाज के लोग और उत्साह से गूंजता आयोजन स्थल – इन तस्वीरों ने समारोह को यादगार बना दिया।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

चार बार सांसद रह चुके मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जब मंच से जनजातीय समाज के सम्मान, स्वाभिमान और समृद्धि की बात कर रहे थे, तब पूरा आयोजन स्थल उत्साह से भरा नजर आया। मुख्यमंत्री ने भी समाज के बीच पहुंचकर उनकी परंपराओं और संस्कृति से जुड़ाव दिखाया। पारंपरिक वेशभूषा धारण कर तीर-धनुष और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ उन्होंने जनजातीय समाज का उत्साह बढ़ाया। समारोह में मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि जनजातीय समाज का सम्मान, उसकी गौरवशाली संस्कृति का संरक्षण और प्रत्येक परिवार तक विकास का लाभ पहुंचाना उनकी सरकार का संकल्प है।

जनजातीय समाज के बीच साय का संदेश, बलिदानियों को किया नमन

मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा, भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन साहस, संघर्ष और बलिदान की ऐसी गाथा है, जो पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। मात्र 25 वर्ष की आयु में उन्होंने अंग्रेजी शासन के अन्याय और शोषण के खिलाफ जनजातीय समाज को संगठित किया।

साय ने छत्तीसगढ़ के जनजातीय नायकों शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर और शहीद गेंद सिंह के योगदान को याद करते हुए कहा कि यह प्रदेश वीरों और बलिदानियों की धरती है। इन महानायकों ने अपने अधिकारों, संस्कृति और मातृभूमि की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की पहल को उन्होंने जनजातीय समाज के इतिहास को राष्ट्रीय पहचान दिलाने वाला ऐतिहासिक कदम बताया।

आवास, महतारी वंदन और वन अधिकार से विकास का दावा

मुख्यमंत्री ने जनजातीय क्षेत्रों में विकास योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से प्रदेश के 6,691 गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल और आजीविका की सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। पीएम-जनमन योजना से विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों के लिए राज्यांश की व्यवस्था करने का निर्णय लिया था और अब प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1,600 आवासों का निर्माण हो रहा है। महतारी वंदन योजना के तहत लगभग 68 लाख पात्र महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं। तेंदूपत्ता संग्राहकों का पारिश्रमिक 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा किए जाने, चरण पादुका योजना दोबारा शुरू करने और मांझी-चालकी पदाधिकारियों की सम्मान राशि बढ़ाकर 5,000 रुपये करने की जानकारी भी दी गई।

किसानों के लिए मंच से बड़ा ऐलान, कम धान बेचने पर भी पूरी आदान सहायता

धरमजयगढ़ के इस बड़े आयोजन में मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय भी सामने रखा। उन्होंने कहा कि प्रति एकड़ निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी पूरी आदान सहायता राशि मिलेगी। कृषक उन्नति योजना के तहत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता प्रदान की जाएगी।

  अब अकेले नहीं हैं बुजुर्ग”— रतनपुर में सियान चेतना अभियान ने दिया सुरक्षा और सम्मान का भरोसा

इस फैसले को खासतौर पर उन किसानों के लिए राहत के रूप में देखा जा रहा है, जिनकी फसल प्राकृतिक परिस्थितियों, कम सिंचाई या कम उत्पादकता के कारण निर्धारित सीमा से कम होती है। मुख्यमंत्री ने बताया कि 15 नवंबर से प्रदेश में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 की धान खरीदी शुरू हो गई है। किसानों की सुविधा के लिए 360 नए उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं और अब प्रदेश में कुल 3,100 धान खरीदी केंद्र संचालित होंगे।

नितिन नवीन का वर्चुअल संदेश – बस्तर में बंदूक की जगह खेल का मैदान

समारोह में राज्यसभा सांसद नितिन नवीन भी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। प्रतिकूल मौसम के कारण वे धरमजयगढ़ नहीं पहुंच सके। अपने संबोधन में उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जनजातीय समाज को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनजातीय नायकों के गौरवशाली इतिहास और बलिदान को राष्ट्रीय पहचान दिलाना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऐतिहासिक पहल है।

नवीन ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उनकी टीम को भव्य आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन और छत्तीसगढ़ सरकार के प्रयासों से नक्सलवाद के विरुद्ध अभियान को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। बस्तर में जहां कभी बंदूकों और हिंसा का माहौल था, वहां अब खेल के मैदान तैयार हो रहे हैं। बंदूक की जगह खेल, भय की जगह विश्वास और हिंसा की जगह विकास का वातावरण बनना नए बस्तर की पहचान है।

उन्होंने बस्तर ओलंपिक में खिलाड़ियों की बढ़ती भागीदारी और एकलव्य विद्यालयों के विद्यार्थियों की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि जनजातीय युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है, उन्हें अवसर और बेहतर मंच मिलना चाहिए।

पद्मश्री विभूतियों का सम्मान, पारंपरिक संस्कृति का प्रदर्शन

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पद्मश्री सम्मानित बुधरी ताती, जागेश्वर यादव और पंडी राम मंडावी का अभिनंदन किया। जनजातीय नृत्य प्रतियोगिताओं के विजेता दलों को पुरस्कृत किया गया। मांझी-चालकी व्यवस्था से जुड़े पारंपरिक पदाधिकारियों को सम्मान राशि और तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस वितरित किया गया। मुख्यमंत्री ने आयोजन स्थल पर लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का भी अवलोकन किया।

समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सहित अनेक जनप्रतिनिधि और जनजातीय समाज के प्रमुख मौजूद रहे।

धरमजयगढ़ में उमड़ी भीड़ ने जनजातीय गौरव दिवस को भव्यता दी। मंच से जनजातीय सम्मान और विकास का संदेश दिया गया, तो किसानों के लिए आर्थिक राहत का फैसला भी सामने आया। आयोजन ने एक साथ जनजातीय विरासत, राजनीतिक नेतृत्व और विकास के मुद्दों को केंद्र में ला दिया।

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button