छत्तीसगढ़बड़ी ख़बर

Public Connect : सीएम जनदर्शन में संवेदनशीलता की मिसाल, बुजुर्ग को श्रवण यंत्र-चश्मा तो बच्चों के इलाज की तत्काल व्यवस्था, विष्णु भैया का जताया आभार

रायपुर। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन केवल शिकायतों को सुनने का मंच नहीं रहा, बल्कि जरूरतमंदों के लिए तत्काल राहत और उम्मीद का माध्यम भी बना। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को सहायता एवं उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। किसी बुजुर्ग की वर्षों पुरानी सुनने की समस्या दूर करने से लेकर गंभीर बीमारी से जूझ रहे बच्चों के उपचार और आर्थिक संकट से परेशान परिवारों को भरोसा दिलाने तक, जनदर्शन में संवेदनशीलता के कई उदाहरण सामने आए।

30 वर्षों से सुनने की समस्या से जूझ रहे बुजुर्ग को तत्काल राहत

कोरबा जिले के कटघोरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम भलपहरी, हरदी बाजार निवासी 83 वर्षीय परसराम राठौर अपने पुत्र सोमनाथ राठौर के साथ जनदर्शन में पहुंचे। उन्होंने बताया कि वे करीब तीन दशक से सुनने की समस्या से परेशान हैं और सामान्य बातचीत सहित रोजमर्रा के कामों में कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

मुख्यमंत्री ने बुजुर्ग की बात आत्मीयता से सुनी और तत्काल श्रवण यंत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। आंखों की कमजोरी की जानकारी मिलने पर चश्मा भी उपलब्ध कराने कहा गया। मुख्यमंत्री के निर्देश पर परसराम राठौर को तत्काल श्रवण यंत्र और चश्मा प्रदान किया गया। श्रवण यंत्र लगाने के बाद स्पष्ट आवाज सुनाई देने पर बुजुर्ग भावुक हो गए और कहा कि अब उन्हें सब कुछ अच्छी तरह सुनाई दे रहा है।

इसी दौरान भाटापारा के नेहरू वार्ड निवासी बलवंत सिंह यादव ने भी श्रवण समस्या को लेकर सहायता मांगी। मुख्यमंत्री ने उन्हें श्रवण यंत्र प्रदान किया और श्रवण दिव्यांगता प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

छह वर्षीय छयांश के ऑपरेशन की व्यवस्था के निर्देश

जनदर्शन में रायपुर के आमानाका क्षेत्र के कुकुरबेड़ा निवासी अमित कोटांगले अपनी बुजुर्ग माता हिरकना बाई कोटांगले के साथ छह वर्षीय बेटे छयांश के उपचार के लिए पहुंचे। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बच्चे के पैरों का ऑपरेशन नहीं हो पा रहा था।

अमित ने बताया कि उनके दोनों बच्चों को जन्म से ही चलने-फिरने में परेशानी है। बड़े बेटे का ऑपरेशन कराने के बाद वह स्वस्थ है, लेकिन छोटे बेटे छयांश का उपचार आर्थिक तंगी के कारण अटका हुआ है। पत्नी के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी भी उनके ऊपर है। मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए छयांश के पैरों के ऑपरेशन और बेहतर उपचार के लिए आवश्यक सहायता की तत्काल व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

  CG NEWS:शहीद हुए बीएसएफ जवान हरीश कुमार मंडावी को राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई

तीन वर्षीय पार्थ के इलाज में आर्थिक परेशानी नहीं बनेगी बाधा

राजनांदगांव से अपने तीन वर्षीय बेटे पार्थ साहू को लेकर पहुंची पूर्णिमा साहू ने बच्चे के उपचार के लिए सहायता मांगी। उन्होंने बताया कि पार्थ का जन्म समय से पहले हुआ था और जन्म के बाद उसे करीब दो महीने अस्पताल में भर्ती रखना पड़ा। वर्तमान में भी बच्चा शारीरिक रूप से कमजोर है तथा आंखों में मोतियाबिंद की समस्या है। चिकित्सकों ने लेंस प्रत्यारोपण सहित उपचार पर लाखों रुपये खर्च होने की जानकारी दी है।

आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार उपचार का खर्च उठाने में असमर्थ है। मुख्यमंत्री ने बच्चे की समस्या सुनकर अधिकारियों को पार्थ के बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कैंसर से पिता को खो चुकी फरहीन को पढ़ाई जारी रखने का भरोसा

जशपुर से अपनी माता के साथ पहुंची बीकॉम की छात्रा फरहीन ने परिवार की आर्थिक परेशानी मुख्यमंत्री के सामने रखी। उसने बताया कि उसके पिता वर्ष 2018 से कैंसर से पीड़ित थे और लंबे उपचार में परिवार की जमा पूंजी समाप्त हो गई। वर्ष 2025 में पिता के निधन के बाद परिवार आर्थिक संकट में है और घर तक गिरवी रखने की नौबत आ गई है।

मुख्यमंत्री ने फरहीन को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया तथा उसे बिना चिंता पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।

मार्शल आर्ट की बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन

जनदर्शन में नवा रायपुर से आई मार्शल आर्ट खिलाड़ी बहनें सना और सानिया भी मुख्यमंत्री से मिलीं। दोनों खेल के साथ पढ़ाई में भी आगे बढ़ रही हैं। सना बीकॉम और सानिया बीसीए की पढ़ाई कर रही हैं। दोनों गोल्डन कप सहित खेलो इंडिया गेम्स और दमन में आयोजित बीच गेम्स में हिस्सा लेकर पदक जीत चुकी हैं।

मुख्यमंत्री ने उनकी उपलब्धियों, मेहनत और अनुशासन की सराहना की तथा खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक सहयोग का भरोसा दिलाया।

जनदर्शन में सामने आए इन मामलों ने जरूरतमंदों की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता और त्वरित सहायता की पहल को रेखांकित किया। उपचार, आर्थिक सहायता, दिव्यांगजनों की जरूरतों और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन जैसे मामलों में मुख्यमंत्री के निर्देशों से संबंधित परिवारों को राहत और आगे की उम्मीद मिली।

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button