Raipur

नवजात खरीद-फरोख्त मामले में अब प्रशासन का बड़ा एक्शन: दिवाकर अस्पताल का लाइसेंस निरस्त करने की तैयारी, कलेक्टर ने जारी किया नोटिस

रायपुर।   छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त का मामला इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। इस मामले में पुलिस अब तक एक डॉक्टर समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच में नवजात शिशुओं की तस्करी का नेटवर्क 8 राज्यों तक फैले होने की बात सामने आई है। वहीं इस पूरे मामले में अब जिला प्रशासन ने भी बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी डॉ. गौरव सिंह ने गोगांव स्थित दिवाकर अस्पताल का लाइसेंस निरस्त करने के लिए 30 दिन का नोटिस जारी किया है। अस्पताल पर नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त के लिए फर्जी डिस्चार्ज टिकट और दस्तावेज तैयार करने में अस्पताल के लेटरहेड, सील और पंजीयन के दुरुपयोग का आरोप है।

 
 

कलेक्टर कार्यालय की ओर से जारी नोटिस में दिवाकर मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल, बसंत विहार कॉलोनी, गोगांव को गंभीर अनियमितताओं के संबंध में जवाब देने के लिए 30 दिन का पूर्व नोटिस दिया गया है। नोटिस के मुताबिक, अस्पताल के चिकित्सक डॉ. खिर सिंधु महानंद समेत तीन आरोपियों (पुरूष नर्स प्रकाश कुमार कोरव एवं अश्वनी शर्मा) को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज चुकी है।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

 

 

प्रारंभिक पुलिस जांच और सामने आए तथ्यों के आधार पर अस्पताल के खिलाफ कई गंभीर आरोप सामने आए हैं। इनमें ऐसे नवजात शिशुओं के लिए भी अस्पताल के लेटरहेड, सील और हस्ताक्षर का दुरुपयोग कर फर्जी मेमो और डिस्चार्ज टिकट तैयार करना शामिल है, जिनका प्रसव अस्पताल में नहीं हुआ था।

 

 

इसके अलावा, बच्चा खरीदने वाले दंपतियों के आधार कार्ड लेकर अस्पताल के फर्जी मेमो के आधार पर नगर निगम में आवेदन प्रस्तुत किए गए और कथित तौर पर अवैध तरीके से जन्म प्रमाण पत्र भी बनवाए गए। नोटिस में कहा गया है कि चिकित्सा पेशे की आड़ में मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराध में अस्पताल के संसाधनों और पंजीयन का दुरुपयोग किया गया है।

 

कलेक्टर ने इन कृत्यों को छत्तीसगढ़ राज्य उपचर्यागृह तथा रोगोपचार संबंधी स्थापनाएं (अनुज्ञापन) अधिनियम, 2010 एवं नियम, 2013 के प्रावधानों, लाइसेंस की शर्तों और चिकित्सा आचार संहिता का उल्लंघन माना है। इसी आधार पर नर्सिंग होम एक्ट के तहत अस्पताल का लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

निःशुल्क प्रसव और उपचार कराने का झांसा देकर ओडिशा की एक गर्भवती महिला को रायपुर बुलाया गया था। प्रसव के बाद उसके नवजात बच्चे को बेचने के इरादे से महिला को बच्चे समेत बंधक बना लिया गया। इस मामले में पुलिस ने शुरुआत में तीन महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

 

जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया का गर्भावस्था के दौरान रायपुर निवासी कृतिका साहू से संपर्क हुआ था। कृतिका ने उसे निःशुल्क प्रसव और उपचार कराने का भरोसा दिलाकर रायपुर बुलाया। यहां आने के बाद कृतिका ने उसकी मुलाकात गीतिका और अहिल्या से कराई। इसके बाद महिला को गोगांव स्थित अहिल्या के घर में ठहराया गया। इस दौरान तीनों महिलाओं ने प्रार्थिया की आर्थिक स्थिति का फायदा उठाते हुए उसके नवजात शिशु को किसी निःसंतान दंपती को बेचने के बदले मोटी रकम दिलाने का प्रलोभन दिया। जब महिला ने ऐसा करने से इनकार किया तो उसे डराया-धमकाया गया।

  शिल्पग्राम में रेशम उत्पादन की प्रक्रिया जानने उमड़ रहे लोग

प्रार्थिया के मुताबिक, 4 नवंबर 2026 को प्रसव के बाद आरोपी उसे नवजात शिशु समेत दोबारा अहिल्या के घर ले गए और बंधक बना लिया। आरोपियों ने उसे धमकी दी कि प्रसव में हुए खर्च की भरपाई उसके बच्चे को बेचकर की जाएगी। महिला की अनुमति के बिना नवजात को बेचने का प्रयास भी किया जा रहा था।

 

प्रार्थिया की शिकायत पर आजाद चौक थाने में आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 140(3), 143(4), 318(4) और 61 के तहत अपराध दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने TI आजाद चौक को आरोपियों की पतासाजी कर जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों महिला आरोपियों कृतिका साहू, अहिल्या नामदेव और गीतिका नाग को गिरफ्तार कर लिया।

इसके बाद जांच में डॉक्टर खिर सिंधु महानंद, प्रकाश कुमार कौरव और अश्वनी शर्मा की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने तीनों को भी गिरफ्तार कर लिया। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी अस्पताल की सील लगाकर फर्जी डिस्चार्ज टिकट तैयार करते थे। इसके जरिए नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क को अंजाम दिया जा रहा था।

इसके बाद पुलिस ने कृतिका साहू से एक नवजात बच्ची खरीदने वाले आरोपी जितेंद्र खेतान को भी गिरफ्तार कर लिया। इस तरह मामले में अब तक कुल 7 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

Live Cricket Info

प्रखर भूमि

प्रखरभूमि एक RNI में पंजीकृत साप्ताहिक समाचार पत्र है, जिसकी शुरुआत वर्ष 2013 में हुई। अब इसका डिजिटल संस्करण भी इस वेबसाइट के माध्यम से पाठकों तक उपलब्ध है, जहां छत्तीसगढ़ सहित देश-दुनिया की महत्वपूर्ण और विश्वसनीय खबरें प्रकाशित की जाती हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button