शिवनाथ नदी पर 116 साल पुराना पत्थर का पुल आज भी मजबूत, अंग्रेजों के दौर की इंजीनियरिंग का अद्भुत नमूना

चूना-सुर्खी, गुड़ और उड़द की दाल के मिश्रण से हुआ था निर्माण, आज भी भारी वाहन कर रहे आवागमन; ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण की उठी मांग
बेमेतरा । अंग्रेजों के दौर में बनी इंजीनियरिंग की मिसाल आज भी अपनी मजबूती से लोगों को हैरान कर रही है। शिवनाथ नदी पर बना करीब 116 साल पुराना पत्थर का पुल आज भी मजबूती के साथ खड़ा है। खास बात यह है कि आधुनिक कांक्रीट और लोहे के इस्तेमाल के बिना तैयार किया गया यह पुल आज भी भारी वाहनों का भार आसानी से सहन कर रहा है। जहां आधुनिक दौर में बने कई पुल कुछ वर्षों में ही मरम्मत की मांग करने लगते हैं, वहीं यह पुराना पुल अपनी निर्माण तकनीक और मजबूती के कारण चर्चा में है।
15 पैसे रोजाना मजदूरी पर हुआ था निर्माण
स्थानीय नागरिक लेखराम वर्मा ने बताया कि उनके दादा इस पुल के निर्माण के साक्षी रहे थे। उन्होंने 15 पैसे प्रतिदिन की मजदूरी पर पुल निर्माण में श्रमिक के रूप में काम किया था। वर्मा के अनुसार, ब्रिटिश शासनकाल में इस पुल का निर्माण किया गया था। इसमें लोहे और सीमेंट का इस्तेमाल लगभग नहीं के बराबर हुआ था।
उन्होंने बताया कि बाद में राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग (एनएच) ने यहां एक नया पुल बनाया, जो कुछ ही वर्षों में अनुपयोगी हो गया। इसके बाद दो अन्य पुलों के निर्माण के दौरान इस पुराने पुल के ऊपरी हिस्से की मरम्मत भी कराई गई। इसके बावजूद इसकी मूल संरचना आज भी मजबूती से कायम है।
चूना-सुर्खी और गुड़-उड़द से तैयार हुआ मजबूत ढांचा
इस पुल की सबसे खास बात इसकी निर्माण तकनीक है। इसमें अर्धगोलाकार मेहराब यानी आर्च पद्धति का इस्तेमाल किया गया है। इस तकनीक से नदी के पानी का तेज बहाव होने पर भी दबाव पूरी संरचना में समान रूप से बंट जाता है, जिससे पुल को मजबूती मिलती है।
पुल के निर्माण में नदी के दोनों किनारों से लाए गए बलुआ पत्थरों को हाथों से तराशकर एक-दूसरे के ऊपर व्यवस्थित तरीके से जमाया गया था। पत्थरों को जोड़ने के लिए चूना, सुर्खी, गुड़ और उड़द की दाल के मिश्रण का इस्तेमाल किया गया। उस दौर में बिना आधुनिक मशीनों के नदी के भीतर गहरी नींव तैयार कर पुल का निर्माण किया गया था।
आज भी गुजर रहे भारी वाहन
पुल की मजबूती का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आज भी इसके ऊपर से बड़े हाइवा ट्रक और यात्रियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां आसानी से गुजर रही हैं। नदी में पानी होने के बावजूद पुल लगातार आवागमन का माध्यम बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पुल केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि क्षेत्र की ऐतिहासिक और तकनीकी विरासत है। प्रशासन को इसे ऐतिहासिक धरोहर के रूप में संरक्षित करने की दिशा में पहल करनी चाहिए। साथ ही इसकी निर्माण तकनीक और मजबूती का तकनीकी अध्ययन कर नई पीढ़ी के इंजीनियरों को भी इससे परिचित कराना चाहिए।
नांदघाट में पर्यटन विकास की संभावनाएं
लेखराम वर्मा ने नांदघाट में नदी तट विकास की अपार संभावनाएं भी जताई हैं। उनका कहना है कि रायपुर-बिलासपुर मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों के लिए यह स्थान एक बेहतर पड़ाव बन सकता है। यदि नदी तट का विकास और पुराने पुल का संरक्षण किया जाए तो यह क्षेत्र ऐतिहासिक पहचान के साथ पर्यटन स्थल के रूप में भी विकसित हो सकता है।

Live Cricket Info



