छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़बड़ी ख़बर

EXCLUSIVE REPORT : बिरनपुर हिंसा में घायल SI आज भी जिंदगी की जंग लड़ रहे, इलाज में 22 लाख खर्च; परिवार ने मांगी मदद

रायपुर/बालोद। बिरनपुर हिंसा के दौरान लोगों की जान बचाने और कानून-व्यवस्था संभालने की कोशिश में गंभीर रूप से घायल हुए पुलिस अधिकारी बिनु राम ठाकुर की जिंदगी आज भी संघर्षों से गुजर रही है। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद दो ऑपरेशन हुए, लेकिन उनका बायां हाथ और पैर अब भी ठीक से काम नहीं कर पा रहा है। कभी पुलिस की वर्दी पहनकर ड्यूटी निभाने वाले बिनु राम आज अपने दैनिक कामों के लिए भी दूसरों पर निर्भर हैं। इलाज, आर्थिक तंगी और परिवार की जिम्मेदारियों के बीच उनकी पत्नी धनेश्वरी ठाकुर लगातार उनका सहारा बनी हुई हैं।

बिरनपुर हिंसा में घायल हुए थे SI बिनु राम

8 अप्रैल 2023 को बेमेतरा जिले के बिरनपुर में हुई हिंसा के दौरान बिनु राम ठाकुर घायल हुए थे। जानकारी के मुताबिक, घटना के दौरान भुवनेश्वर साहू के साथ मारपीट हो रही थी। उन्हें बचाने के प्रयास में बिनु राम मौके पर पहुंचे, इसी दौरान उन पर ईंट-पत्थरों से हमला किया गया। गंभीर चोट लगने के बाद उन्हें रायपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सिर का दो बार ऑपरेशन हुआ। इसके बाद उनके बाएं हाथ और पैर की गतिविधियां प्रभावित हो गईं।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

घटना के बाद से उनकी शारीरिक स्थिति ऐसी है कि वे सामान्य रूप से चलने-फिरने और दैनिक काम करने में सक्षम नहीं हैं। पुलिस विभाग की ओर से एक आरक्षक को उनकी सहायता के लिए लगाया गया है, जो रोजमर्रा की जरूरतों में मदद करता है।

इलाज में लाखों खर्च, अब हैदराबाद से उम्मीद

परिवार अब तक अलग-अलग अस्पतालों में उपचार करा चुका है। इलाज पर करीब 20 से 22 लाख रुपये खर्च होने की बात सामने आई है। परिवार पर कर्ज भी बढ़ चुका है। अब हैदराबाद के एक न्यूरो सर्जन से बेहतर उपचार की उम्मीद जताई गई है। डॉक्टर की ओर से उपचार में सुधार की संभावना बताई गई है, लेकिन इसके लिए लगभग 15 से 20 लाख रुपये की जरूरत बताई जा रही है।

आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार के सामने आगे का इलाज कराना बड़ी चुनौती बन गया है। इसी उम्मीद के साथ बिनु राम ठाकुर 26 नवंबर को मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन पहुंचे और इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगते हुए आवेदन सौंपा।

पत्नी पर देखभाल और घर की जिम्मेदारी

बिनु राम की पत्नी धनेश्वरी ठाकुर पति की देखभाल के साथ घर की जिम्मेदारियां भी संभाल रही हैं। अस्पताल ले जाना, दवाइयों का इंतजाम, रोजमर्रा की जरूरतें और आर्थिक संकट—इन सबके बीच उनका जीवन भी कठिन हो गया है। परिवार बालोद जिले के झलमला में किराए के मकान में रह रहा है।

  लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कल

पति के इलाज की उम्मीद में धनेश्वरी कई जगह गईं। इसी दौरान कथित झाड़-फूंक के नाम पर कुछ लोगों ने उन्हें झांसे में लेकर सोने-चांदी के गहने भी ले लिए। बताया गया कि इनमें करीब तीन तोला सोना और लगभग एक किलो चांदी के गहने शामिल थे। बाद में पुलिस ने संबंधित लोगों को पकड़ा, लेकिन गहने वापस मिलने का इंतजार अब भी जारी है।

11 महीने तक वेतन नहीं मिलने का दावा

बिनु राम ठाकुर के मुताबिक, घायल होने के बाद विभागीय स्तर पर भी उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ा। उनका कहना है कि अक्टूबर 2025 में उनका तबादला किया गया, लेकिन इसकी जानकारी उन्हें विधिवत नहीं दी गई। इसके बाद करीब 11 महीने तक वेतन नहीं मिला। हाल ही में एक महीने का वेतन प्राप्त हुआ है, जबकि बाकी भुगतान अब भी लंबित बताया जा रहा है।

लंबे समय तक वेतन नहीं मिलने के कारण इलाज और घर के खर्च के लिए परिवार को रिश्तेदारों से मदद तथा कर्ज का सहारा लेना पड़ा। अब परिवार की उम्मीद मुख्यमंत्री से मिलने वाली आर्थिक सहायता और बेहतर उपचार पर टिकी है।

जनदर्शन में मदद की गुहार, परिवार को उपचार की उम्मीद

बिरनपुर हिंसा के दौरान ड्यूटी निभाते हुए घायल हुए बिनु राम ठाकुर आज उपचार और आर्थिक सहायता के लिए संघर्ष कर रहे हैं। परिवार का कहना है कि यदि समय पर आर्थिक मदद मिल जाए तो हैदराबाद में प्रस्तावित उपचार कराया जा सकता है। उनकी पत्नी और परिवार को उम्मीद है कि शासन स्तर पर सहायता मिलने से इलाज का रास्ता खुल सकेगा और बिनु राम की जिंदगी में सुधार की नई उम्मीद आएगी।

घटना के दौरान कर्तव्य निभाते हुए घायल हुए पुलिस अधिकारी की मौजूदा स्थिति ने उनके उपचार, आर्थिक सहायता और लंबित वेतन जैसे मुद्दों को फिर सामने ला दिया है। परिवार अब शासन से मदद की उम्मीद लगाए बैठा है।

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button