छत्तीसगढ़बड़ी ख़बर

अमित जोगी के खिलाफ FIR दर्ज, वायरल वीडियो पर चौथे दिन थाने पहुंची भाजपा, प्रधानमंत्री मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त को लेकर वीडियो बनाने पर जताई आपत्ति

रायपुर। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के बेटे अमित जोगी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हुए आपत्तिजनक वीडियो के मामले में पुलिस ने अमित जोगी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। वीडियो सामने आने के चौथे दिन भाजपा विधायक राजेश मूणत पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ रायपुर के सिविल लाइन थाने पहुंचे और लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की।

राजेश मूणत बोले – राजनीतिक विरोध की भी एक मर्यादा होती है

थाने के बाहर मीडिया से चर्चा करते हुए विधायक राजेश मूणत ने कहा कि अमित जोगी ने प्रधानमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त को लेकर जिस तरह का वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया, वह निंदनीय है। राजनीति में विचारों और सिद्धांतों की लड़ाई होनी चाहिए। अपनी बात रखने का लोकतांत्रिक तरीका होता है, लेकिन किसी के चरित्र को निशाना बनाकर आपत्तिजनक दृश्य और भाषा का इस्तेमाल करना स्वीकार्य नहीं है।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

मूणत ने कहा कि प्रधानमंत्री देश के करोड़ों नागरिकों का नेतृत्व करते हैं और मुख्य चुनाव आयुक्त देश की चुनाव प्रक्रिया के संचालन से जुड़े संवैधानिक पद पर हैं। ऐसे पदों पर बैठे लोगों को लेकर इस तरह का वीडियो बनाना राजनीतिक मर्यादाओं के विपरीत है। भाजपा नेताओं ने वीडियो की पटकथा तैयार करने, निर्माण और प्रसारण से जुड़े लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है।

  सीएसपीडीसीएल का दावा: स्मार्ट मीटर नहीं बढ़ाता बिजली बिल, वास्तविक खपत के आधार पर बनता है भुगतान

24 घंटे में कार्रवाई की मांग, FIR दर्ज होने की जानकारी

राजेश मूणत ने पुलिस और प्रशासन को 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं में इस मामले को लेकर आक्रोश है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता दोबारा थाने पहुंचेंगे। इसी दौरान उन्होंने मीडिया को बताया कि शिकायत के बाद अमित जोगी के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो गई है।

माफी मांगकर वीडियो हटा चुके हैं अमित जोगी

इस मामले में यह भी सामने आया है कि अमित जोगी ने विवाद बढ़ने के बाद माफी मांगते हुए संबंधित वीडियो सोशल मीडिया से हटा दिया था। इससे पहले कांग्रेस से जुड़े आरटीआई कार्यकर्ता कुणाल शुक्ला ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर अमित जोगी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।

फिलहाल एफआईआर दर्ज होने के बाद मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी। वायरल वीडियो को लेकर प्रदेश की राजनीति में भाजपा और जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के बीच विवाद और तेज होने के संकेत हैं।

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button