
छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड ने दूर की उपभोक्ताओं की शंकाएं, कहा- बढ़े बिल के पीछे अधिक खपत और टैरिफ स्लैब जिम्मेदार, स्मार्ट मीटर नहीं।
रायपुर। स्मार्ट मीटर को लेकर लगातार सामने आ रही शिकायतों और आशंकाओं के बीच छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि स्मार्ट मीटर बिजली बिल नहीं बढ़ाता, बल्कि केवल उपभोक्ता द्वारा उपयोग की गई वास्तविक बिजली की खपत को दर्ज करता है। कंपनी के अनुसार यदि किसी उपभोक्ता का बिजली बिल बढ़ा है तो इसका मुख्य कारण बिजली की अधिक खपत और निर्धारित टैरिफ स्लैब में बदलाव है, न कि स्मार्ट मीटर।
रीयल टाइम निगरानी से बिजली बचाने का अवसर
सीएसपीडीसीएल के अनुसार स्मार्ट मीटर की सबसे बड़ी विशेषता इसकी पारदर्शिता है। ‘मोर बिजली’ मोबाइल ऐप के माध्यम से उपभोक्ता हर 30 मिनट की बिजली खपत देख सकते हैं। इससे यह समझना आसान हो जाता है कि घर में कौन-से उपकरण सबसे अधिक बिजली खर्च कर रहे हैं और किन उपायों से खपत कम की जा सकती है।
बिल का गणित समझाया
कंपनी ने बताया कि प्रदेश में बिजली शुल्क निर्धारित टैरिफ स्लैब के अनुसार लिया जाता है। जैसे-जैसे बिजली की खपत बढ़ती है, उपभोक्ता अगले स्लैब में पहुंच जाता है और बिल स्वतः बढ़ जाता है। इसलिए अधिक बिल का सीधा संबंध स्मार्ट मीटर से नहीं बल्कि बढ़ी हुई यूनिट खपत से है।
गर्मी में बढ़ी खपत का असर
सीएसपीडीसीएल के अनुसार अप्रैल, मई और जून के दौरान भीषण गर्मी के कारण अधिकांश घरों में एसी, कूलर, पंखे और अन्य विद्युत उपकरणों का उपयोग सामान्य से कहीं अधिक हुआ। इसी कारण बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं की बिजली खपत बढ़ी और बिल में भी वृद्धि दर्ज की गई।
हाफ बिजली योजना का लाभ बनाए रखने में मददगार
कंपनी का कहना है कि स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को अपनी मासिक खपत पर लगातार नजर रखने का अवसर देता है। यदि उपभोक्ता समय रहते बिजली उपयोग नियंत्रित कर 400 यूनिट से कम खपत बनाए रखते हैं तो वे राज्य सरकार की हाफ बिजली योजना का लाभ भी निरंतर प्राप्त कर सकते हैं।
मीटर पर संदेह हो तो 1912 पर करें शिकायत
सीएसपीडीसीएल ने बताया कि स्मार्ट मीटर से संबंधित अधिकांश शिकायतों की जांच में मीटर सही पाए गए हैं। यदि किसी उपभोक्ता को बिल या मीटर को लेकर कोई शंका हो तो वह 1912 हेल्पलाइन पर संपर्क कर शिकायत दर्ज करा सकता है। तकनीकी टीम शिकायत की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करेगी।
ऊर्जा संरक्षण अपनाने की अपील
कंपनी ने उपभोक्ताओं से ‘मोर बिजली’ ऐप का नियमित उपयोग करने, बिजली की खपत पर नजर रखने और ऊर्जा संरक्षण के उपाय अपनाने की अपील की है। साथ ही प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित कर बिजली बिल को काफी हद तक कम या शून्य करने की सलाह भी दी गई है।
सीएसपीडीसीएल की प्रमुख बातें
✔ स्मार्ट मीटर केवल वास्तविक बिजली खपत रिकॉर्ड करता है।
✔ अधिक खपत और टैरिफ स्लैब बदलने से बढ़ता है बिल।
✔ ‘मोर बिजली’ ऐप से हर 30 मिनट में खपत की जानकारी मिलती है।
✔ 400 यूनिट से कम खपत रखने पर हाफ बिजली योजना का लाभ मिल सकता है।
✔ शिकायत के लिए 1912 हेल्पलाइन उपलब्ध है।

Live Cricket Info


Leave a Reply