
रायपुर। छत्तीसगढ़ में युवाओं को राष्ट्र निर्माण और विकास की गतिविधियों से जोड़ने के लिए राज्य सरकार ने युवा नेटवर्क को मजबूत करने पर जोर दिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित ‘मेरा युवा भारत’ (माय भारत) की प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक में युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और रचनात्मकता को विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ की ताकत बताया।
मुख्यमंत्री ने माय भारत से अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने और उन्हें विभिन्न विभागों की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को उनकी रुचि और क्षमता के अनुसार अवसर मिलने चाहिए, ताकि उनमें नेतृत्व क्षमता, सेवा भाव और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित हो सके।
युवा शक्ति को सही दिशा और मंच देने पर जोर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आज का युवा तकनीक और डिजिटल माध्यमों के जरिए पूरी दुनिया से जुड़ा हुआ है। उसमें नवाचार की क्षमता है और वह तेजी से बदलाव को अपनाता है। जरूरत इस बात की है कि युवाओं की इस ऊर्जा को सकारात्मक और राष्ट्रहित के कार्यों से जोड़ा जाए।
उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में यही युवा देश और प्रदेश का नेतृत्व करेंगे। इसलिए अभी से उन्हें सामाजिक सरोकारों और नेतृत्व के अवसरों से जोड़ना जरूरी है।
‘सशक्त युवा-सशक्त छत्तीसगढ़’
मुख्यमंत्री ने ग्राम स्तर से राज्य स्तर तक मजबूत युवा नेटवर्क तैयार करने के निर्देश दिए। युवाओं की प्रतिभा पहचानने, उन्हें अवसर देने और नेतृत्व के मंच उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
स्वास्थ्य से लेकर पर्यावरण तक युवाओं की भूमिका
बैठक में मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य, स्वच्छता, शिक्षा, खेल, पर्यावरण संरक्षण, सिविक सेंस, इतिहास, पर्यटन, कौशल विकास, कृषि, तकनीकी शिक्षा, आपदा प्रबंधन और सामाजिक कल्याण जैसे क्षेत्रों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने की बात कही।
उन्होंने डिजिटल डिटॉक्स, सेवा भाव, सामाजिक जुड़ाव और सामुदायिक उत्तरदायित्व से जुड़ी गतिविधियों को भी प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।
माय भारत से जुड़े 2.65 करोड़ से ज्यादा युवा
बैठक में बताया गया कि ‘मेरा युवा भारत’ की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 31 अक्टूबर 2023 को की थी। वर्तमान में देशभर में 2.65 करोड़ से अधिक युवा माय भारत प्लेटफॉर्म पर पंजीकृत हैं। छत्तीसगढ़ में भी 6.60 लाख से अधिक युवा इससे जुड़ चुके हैं।
माय भारत को युवाओं और सरकार के बीच सिंगल विंडो डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके जरिए स्वयंसेवा, अनुभव आधारित शिक्षण, कौशल, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। युवाओं के लिए माय भारत ऐप भी विकसित किया गया है।
छत्तीसगढ़ में 233 ELP से जुड़े 2,389 युवा
बैठक में बताया गया कि देशभर में 24,900 से अधिक Experiential Learning Programmes के जरिए 1.21 लाख युवाओं को शासन की विभिन्न गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिला है। छत्तीसगढ़ में 233 ELP के माध्यम से 2,389 से अधिक युवा जुड़े हैं।
इसी तरह देशभर में 1.53 लाख से अधिक स्वयंसेवा अवसरों के जरिए 10 लाख से अधिक युवाओं को सेवा गतिविधियों से जोड़ा गया है। छत्तीसगढ़ में 5,778 वालंटियर अवसरों के माध्यम से 23,900 से अधिक युवाओं ने विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया है।
बस्तर के युवाओं को लेकर CM साय ने दिए खास निर्देश
मुख्यमंत्री ने बस्तर के युवाओं को माय भारत की गतिविधियों से व्यापक स्तर पर जोड़ने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि बस्तर हिंसा और भय के दौर से आगे निकलकर शांति, विश्वास और विकास की दिशा में बढ़ रहा है। ऐसे समय में वहां के युवाओं को राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ना बेहद महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय तक परिस्थितियों के कारण विकास की मुख्यधारा से दूर रहे युवाओं के लिए अब नए अवसर खुल रहे हैं। माय भारत से जुड़ने से उनकी प्रतिभा को पहचान और नेतृत्व के नए अवसर मिल सकते हैं।
बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम का भी जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दो वर्षों में बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम जैसे आयोजनों ने बड़ी संख्या में युवाओं को खेल, कला और संस्कृति के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच दिया है। इसी तरह माय भारत के माध्यम से भी बस्तर के युवाओं को अलग-अलग क्षेत्रों में आगे बढ़ने के अवसर दिए जाने चाहिए।
‘विकसित छत्तीसगढ़ यंग लीडर्स डायलॉग’ पर जोर
मुख्यमंत्री ने ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ को युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने की महत्वपूर्ण पहल बताया। बैठक में बताया गया कि वर्ष 2025 में इसमें 30 लाख से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
छत्तीसगढ़ में ‘विकसित छत्तीसगढ़ यंग लीडर्स डायलॉग’ आयोजित करने पर भी चर्चा हुई। इसके माध्यम से खेल, स्वास्थ्य, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास, समाज कल्याण, नगरीय प्रशासन, आपदा प्रबंधन, पर्यटन और कृषि जैसे क्षेत्रों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने की योजना है।
गांव से राज्य तक बनेगा युवा नेटवर्क
माय भारत की संगठनात्मक व्यवस्था के तहत मुख्यालय के साथ 36 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में कार्यालय, जिला कार्यालय, युवा क्लब और स्वयंसेवकों का नेटवर्क है। मुख्यमंत्री ने इस नेटवर्क के जरिए ग्राम स्तर से राज्य स्तर तक युवाओं को गतिविधियों और अवसरों से जोड़ने पर जोर दिया।
उन्होंने युवाओं को गैर-राजनीतिक सामाजिक और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने की बात कही, ताकि उनकी प्रतिभा के साथ व्यक्तित्व और नेतृत्व क्षमता का भी विकास हो सके।
बैठक में ट्राइबल आर्ट ने भी खींचा ध्यान
बैठक के दौरान माय भारत की वालंटियर अदिति ने अपने द्वारा तैयार ट्राइबल आर्ट का छायाचित्र मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को भेंट किया। मुख्यमंत्री ने उनकी रचनात्मक प्रतिभा की सराहना की।

Live Cricket Info

Leave a Reply