✖
🔔

प्रखरभूमि न्यूज़

प्रखरभूमि में बेहतरीन खबरों को तुरंत पाने के लिए अभी सब्सक्राइब करें।

📊 12,000+ पाठक पहले ही जुड़ चुके हैं
अपराधकानूनकोरबाछत्तीसगढ़ठगी

दिनदहाड़े बुजुर्ग से 80 हजार की ठगी, महिला की चेन लूटने की कोशिश

कोरबा, 2 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के कोरबा में दिनदहाड़े ठगी और चेन स्नेचिंग की दो घटनाओं ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। दर्री थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो युवकों ने पुलिस चेकिंग का झांसा देकर 65 वर्षीय बुजुर्ग से दो सोने की अंगूठियां उतरवा लीं। वहीं, सिविल लाइन रामपुर थाना क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला के गले से बाइक सवार दो युवकों ने चेन खींचने की कोशिश की। दोनों मामलों में पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

पहली घटना दर्री थाना क्षेत्र के प्रगति नगर रोड की है। 65 वर्षीय भागीराम कर्म सीआईएसएफ क्वार्टर ऑफिस के सामने मेन रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने बुजुर्ग से कहा कि आगे पुलिस की चेकिंग चल रही है और सोने-चांदी के आभूषण उतारकर रखने होंगे। उनकी बातों में आकर भागीराम ने अपनी दो सोने की अंगूठियां उतार दीं। इसके बाद आरोपी अंगूठियां लेकर बाइक से फरार हो गए।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

बताया गया है कि अंगूठियों की कीमत करीब 80 हजार रुपये है। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 360/26 के तहत बीएनएस की धारा 304(2) और 3(5) में केस दर्ज किया है।

दूसरी घटना कोरबा शहर के एमपी नगर मुख्य मार्ग की है। शिवाजी नगर निवासी कांता बनवाल अपनी बेटी के साथ घंटाघर की ओर मॉर्निंग वॉक पर जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उनके गले से चेन खींचने की कोशिश की। अचानक हुए हमले से महिला सड़क पर गिर गईं। हालांकि, चेन नहीं टूटी और बदमाशों की कोशिश नाकाम हो गई। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

  एकलव्य आवासीय विद्यालय छुरीकला का किया गया आकस्मिक निरीक्षण

सूचना मिलने पर सिविल लाइन रामपुर थाना प्रभारी आस्था शर्मा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। सीएसपी प्रतिभा चतुर्वेदी ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

कोरबा में इस तरह की यह हाल की तीसरी घटना बताई जा रही है। करीब एक महीने पहले निहारिका टॉकीज के पास भी बाइक सवार बदमाशों ने एक बुजुर्ग को पुलिस चेकिंग का झांसा दिया था। इसके बाद उसके गले से सोने की चेन लेकर फरार होने की बात सामने आई थी। अब सामने आए दोनों मामलों में पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। दिनदहाड़े व्यस्त इलाकों में हुई इन घटनाओं से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद दोनों मामलों में केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज और अन्य जानकारी जुटा रही है। दोनों मामलों में जांच जारी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर अपने आभूषण न उतारें और संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

Live Cricket Info

Related Articles

Back to top button