
रायपुर : छत्तीसगढ़ के पारंपरिक सुगंधित चावल अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी पहचान मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। जीराफूल, जवाफूल, नगरी दुबराज और कालीमूंछ जैसे विशिष्ट कृषि उत्पादों को वैश्विक मंच पर ब्रांडिंग और बाजार उपलब्ध कराने के लिए स्पेन के बार्सिलोना में महत्वपूर्ण व्यावसायिक चर्चा हुई है। कृषि मंत्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में पहुंचे छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार और प्रदर्शनी क्षेत्र की प्रमुख संस्था फिरा बार्सिलोना के साथ संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया।
बैठक में छत्तीसगढ़ के कृषि उत्पादों की वैश्विक ब्रांडिंग, अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में सहभागिता, निर्यात संभावनाओं और यूरोपीय बाजारों तक पहुंच बनाने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस पहल से प्रदेश के किसानों, किसान उत्पादक संगठनों (FPO), कृषि उद्यमियों और निर्यातकों को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से जुड़ने के नए अवसर मिलने की उम्मीद है।
बार्सिलोना में कृषि उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय ब्रांडिंग पर चर्चा
कृषि मंत्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में स्पेन पहुंचे प्रतिनिधिमंडल की फिरा बार्सिलोना के सीईओ रिकॉर्ड जेप्टरो के साथ बैठक हुई। इसमें कृषि उत्पादन आयुक्त सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी और कृषि संचालक राहुल देव भी शामिल रहे। भारत के काउंसिल जनरल आर्स निसार भी इस अवसर पर उपस्थित थीं।
बैठक में छत्तीसगढ़ के विशिष्ट कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों के माध्यम से प्रचारित करने और विदेशी बाजारों में उनकी पहचान मजबूत करने पर चर्चा हुई। फिरा बार्सिलोना की ओर से राज्य सरकार के साथ समन्वय कर जीराफूल, जवाफूल, नगरी दुबराज, कालीमूंछ सहित अन्य विशिष्ट उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रदर्शित करने में सहयोग की बात कही गई।
जीआई टैग वाले चावल बन सकते हैं छत्तीसगढ़ की वैश्विक पहचान
छत्तीसगढ़ के पारंपरिक सुगंधित चावल अपनी विशिष्ट खुशबू, स्वाद और गुणवत्ता के कारण अलग पहचान रखते हैं। जीराफूल और नगरी दुबराज चावल को भौगोलिक संकेतक (GI Tag) भी प्राप्त है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इन उत्पादों की प्रभावी ब्रांडिंग और विपणन से किसानों को उनकी विशेष उपज का बेहतर मूल्य मिलने की संभावनाएं बढ़ सकती हैं। साथ ही पारंपरिक धान की किस्मों के संरक्षण को भी प्रोत्साहन मिल सकता है।
प्रदेश के कृषि उत्पादों को विदेशी बाजारों तक पहुंचाने के लिए अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों और व्यापारिक मंचों से जुड़ना अहम माना जा रहा है। इससे स्थानीय उत्पादकों को सीधे विदेशी खरीदारों और व्यापारिक नेटवर्क तक पहुंच बनाने का अवसर मिल सकता है।
मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के बाद छत्तीसगढ़ से समन्वय
फिरा बार्सिलोना भारत सहित विभिन्न देशों और राज्यों के साथ व्यावसायिक समन्वय स्थापित कर कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंचों तक पहुंचाने की दिशा में कार्य करती है। मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के साथ समन्वय के बाद अब छत्तीसगढ़ के उत्पादों को भी अंतरराष्ट्रीय बाजारों में प्रचारित करने की पहल की जा रही है।
इससे प्रदेश के किसान उत्पादक संगठनों, कृषि उद्यमियों और निर्यातकों को विदेशी बाजारों की मांग, व्यापारिक नेटवर्क और संभावित खरीदारों से जुड़ने का अवसर मिलने की संभावना है।
2030 तक निर्यात दोगुना करने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में कृषि उत्पादों के निर्यात को प्रोत्साहित करने के लिए संस्थागत व्यवस्थाओं का विस्तार किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ शासन की निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 के तहत वर्ष 2030 तक प्रदेश के निर्यात को दोगुना करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
बार्सिलोना में हुई यह चर्चा इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। अंतरराष्ट्रीय विपणन, गुणवत्ता मानकों, आधुनिक पैकेजिंग और निर्यात आधारित कृषि को बढ़ावा मिलने से प्रदेश के कृषि उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल सकती है।
धान के कटोरे के रूप में पहचान रखने वाला छत्तीसगढ़ अब अपने पारंपरिक कृषि उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने की तैयारी में है। यदि अंतरराष्ट्रीय ब्रांडिंग और व्यापारिक संपर्क जमीन पर आगे बढ़ते हैं, तो प्रदेश के सुगंधित चावल किसानों के लिए बेहतर बाजार और मूल्य के नए अवसर बन सकते हैं।

Live Cricket Info
