रायपुर में मशाल लेकर निकले CM विष्णु भैया, 38 जगह बनेंगे ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’

रायपुर, 7 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया। रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर से यात्रा का नेतृत्व किया। इस दौरान उन्होंने हाथों में मशाल लेकर यात्रा में हिस्सा लिया और बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने प्रदेश में कुल 38 स्थानों पर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ विकसित करने की घोषणा की। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा चौक को भी इसी रूप में विकसित किया जाएगा। सरकार के अनुसार, इन चौकों को सेवा, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प के प्रतीक के रूप में विकसित किया जाएगा। 0
मशाल के साथ CM साय ने किया यात्रा का नेतृत्व
विकसित भारत संकल्प सभा के बाद मुख्यमंत्री साय ने जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को विकसित भारत तथा विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प दिलाया। इसके बाद उन्होंने मशाल लेकर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का नेतृत्व किया। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय से शुरू हुई यात्रा तेलीबांधा चौक तक पहुंची। बाइक रैली में युवाओं और नागरिकों ने भागीदारी की। 1
प्रदेश के 38 स्थानों पर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ विकसित होंगे।
रायपुर का तेलीबांधा चौक भी इस योजना में शामिल रहेगा।
25 साल के सार्वजनिक जीवन को बताया सेवा की यात्रा
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर उन्होंने इस अवधि को जनसेवा, सुशासन, विकास और राष्ट्रहित से जोड़कर बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी स्वयं को देश का ‘प्रधान सेवक’ मानते हैं और ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र के साथ काम करने की बात कहते हैं। साय ने कहा कि ‘सेवा ज्योति यात्रा’ जनसेवा के प्रति समर्पण को सम्मान देने के साथ विकसित भारत के निर्माण में भागीदारी का संकल्प लेने का अवसर है।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेश में एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जनकल्याण और सामाजिक सहभागिता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अभियान की शुरुआत में प्रदेश में डेढ़ करोड़ से अधिक ‘आशीर्वाद के दीये’ प्रज्वलित किए गए थे। मुख्यमंत्री के अनुसार, अभियान के जरिए नागरिकों को सेवा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य पर जोर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण भी जरूरी है। इसी दिशा में राज्य सरकार द्वारा ‘छत्तीसगढ़ अंजोर विजन @2047’ के माध्यम से विकास की दिशा तय करने की बात कही गई।
साय ने नागरिकों से अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के निर्माण में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
सिंगापुर यात्रा का भी किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने अपने हालिया सिंगापुर दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि वैश्विक निवेश, तकनीक, कौशल और नवाचार के अवसरों से छत्तीसगढ़ को जोड़ने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि भारत सरकार के विदेश मंत्रालय द्वारा छत्तीसगढ़ और हरियाणा को प्रथम ‘Singapore-India Network for Growth (SING) Forum-2026’ में भागीदारी के लिए चुना गया था।
साय के मुताबिक, सिंगापुर में उद्योग जगत, निवेशकों और बिजनेस फेडरेशन के प्रतिनिधियों के साथ निवेश एवं साझेदारी को लेकर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत के प्रति वैश्विक विश्वास बढ़ने से छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों के लिए भी नए अवसर बन रहे हैं।
कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, अनुज शर्मा, इंद्र कुमार साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन कुमार अग्रवाल सहित विभिन्न निगम-मंडलों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Live Cricket Info
