Big newsCrimeIAS/IPSबालोदहादसा

8 घंटे में खुलासा: प्रेमी ने रची थी साजिश, दोस्त ने युवती पर फेंका एसिड

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद शहर के सिंचाई कॉलोनी क्षेत्र में युवती पर हुए एसिड अटैक मामले का पुलिस ने महज 8 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में युवती के कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर और उसके दोस्त करण कुंजाम को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, युवती के किसी अन्य युवक से संबंध और शादी के लिए तैयार नहीं होने से नाराज यश ने करीब तीन महीने पहले ही हमले की साजिश रची थी।

लाइब्रेरी से घर लौटते समय युवती पर हमला

पुलिस के अनुसार, बालोद शहर निवासी युवती सोमवार को लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही थी। इसी दौरान सिंचाई कॉलोनी क्षेत्र में आरोपी ने उस पर एसिड फेंक दिया और मौके से फरार हो गया।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद घायल युवती को तत्काल जिला अस्पताल बालोद ले जाया गया।

वारदात के बाद आरोपी तांदुला डैम की ओर भाग गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन में तत्काल सर्च अभियान शुरू किया गया।

CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से कथित प्रेमी तक पहुंची पुलिस

मामले की जांच के लिए उप पुलिस अधीक्षक विनय साहू के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के साथ शहर के अलग-अलग स्थानों के CCTV फुटेज खंगाले।

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का संदेह युवती के कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर पर गया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान यश ने शुरुआत में अलग-अलग कहानियां बताकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया।

बाद में पूछताछ में उसने युवती के साथ प्रेम संबंध होने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, यश युवती के किसी अन्य युवक से अफेयर और उसके शादी के लिए तैयार नहीं होने से नाराज था।

तीन महीने पहले रची थी एसिड अटैक की साजिश

पुलिस के मुताबिक, यश ने करीब तीन महीने पहले अपने स्कूल फ्रेंड करण कुंजाम, निवासी भैरमगढ़, बीजापुर के साथ मिलकर युवती पर एसिड फेंकने की योजना बनाई थी।

यश के कहने पर करण 26 सितंबर को बालोद पहुंचा। दोनों ने 27 सितंबर को एसिड खरीदा और गणेश झांकी के दौरान युवती पर हमला करने की योजना बनाई थी। हालांकि, उस दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के कारण दोनों वारदात को अंजाम नहीं दे सके।

  'दिव्यांग अधिकार और प्रेरक कहानियां' ब्रेल पुस्तक का हुआ विमोचन

5 अक्टूबर को दिया वारदात को अंजाम

इसके बाद 5 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:30 बजे युवती लाइब्रेरी से घर लौट रही थी। इसी दौरान यश के कहने पर करण कुंजाम ने उस पर एसिड फेंक दिया।

वारदात के बाद करण मौके से भागकर तांदुला बांध पहुंचा। वहां से लिफ्ट लेकर वह झलमला और मरकाटोला होते हुए चारामा पहुंचा। इधर, यश से पूछताछ में उसकी भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने करण की तलाश तेज कर दी।

पुलिस टीम ने करण को कोंडागांव से हिरासत में लिया, जिसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

एसिड और कपड़े जब्त

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना में अपनी भूमिका स्वीकार की है। आरोपियों के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल एसिड और घटना के समय पहने गए कपड़े जब्त किए हैं।

दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

  • यश कुमार सोनकर, पिता ईश्वर लाल सोनकर, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम नेवारिकला, वार्ड नंबर 11, जिला बालोद।
  • करण कुंजाम, पिता दिनेश कुंजाम, उम्र 20 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 15, भैरमगढ़, थाना भैरमगढ़, जिला बीजापुर।

एसिड बेचने वाले पर भी होगी कार्रवाई

एसपी किरण गंगाराम चव्हाण ने बताया कि जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने एसिड दुर्ग से खरीदा था। पुलिस अब एसिड बेचने वाले की भूमिका की भी जांच कर रही है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

एसपी के मुताबिक, दोनों आरोपी बीजापुर में रहकर पढ़ाई करते थे और इसी दौरान उनकी दोस्ती हुई थी। पुलिस के अनुसार, इसी दोस्ती के चलते यश ने करण को वारदात में शामिल किया।

संदिग्ध गतिविधियों की पुलिस को दें सूचना

कार्रवाई में थाना प्रभारी बालोद निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, थाना प्रभारी गुरुर निरीक्षक मुकेश सिंह, साइबर प्रभारी धरम भुआर्य, आरक्षक संजय सोनी समेत कोतवाली बालोद थाना स्टाफ और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

बालोद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि महिलाओं और युवतियों का पीछा करने, धमकी देने या परेशान करने जैसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज न करें। ऐसी जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Live Cricket Info

Related Articles

Back to top button