कोरबा की तीन प्रमुख सड़कों के लिए एसईसीएल देगा 50 करोड़ सीतामणी–उरगा–भारतमाला चौक सहित तीन मार्गों के निर्माण व चौड़ीकरण का रास्ता साफ, एसईसीएल की प्रशासनिक सहमति

Ro No. 13952/35
कोरबा, 25 सितंबर 2026। कोरबा जिले में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने जिले की तीन प्रमुख सड़क परियोजनाओं के निर्माण एवं चौड़ीकरण के लिए 50 करोड़ रुपये उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को प्रशासनिक सहमति प्रदान कर दी है। यह राशि राज्य शासन को जमा आधार पर उपलब्ध कराई जाएगी।
एसईसीएल की इस पहल से लंबे समय से यातायात दबाव और सड़क अधोसंरचना से जुड़ी चुनौतियों वाले इन मार्गों के विकास को गति मिलने की उम्मीद है। प्रस्ताव में कोरबा के लिए महत्वपूर्ण तीन सड़क मार्गों को शामिल किया गया है।
इन तीन मार्गों का होगा विकास
1. सीतामणी से उरगा होते हुए भारतमाला चौक तक
इस मार्ग के निर्माण एवं चौड़ीकरण से शहर और प्रमुख आवागमन मार्गों के बीच कनेक्टिविटी को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
2. मेन बैरियर से ट्रायजंक्शन (राजा होटल) तक
यह मार्ग भी कोरबा के प्रमुख यातायात मार्गों में शामिल है। इसके विकास से आवागमन को सुगम बनाने में मदद मिलेगी।
3. रेलवे क्रॉसिंग से गौमाता चौक तक
इस मार्ग के निर्माण एवं चौड़ीकरण से स्थानीय यातायात व्यवस्था को बेहतर करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य हो सकेगा।
एसईसीएल की कार्यात्मक निदेशक समिति ने दी सहमति
एसईसीएल कोरबा क्षेत्र के महाप्रबंधक द्वारा कलेक्टर कोरबा श्री कुणाल दुदावत को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि तीनों सड़क परियोजनाओं के लिए 50 करोड़ रुपये उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर एसईसीएल की कार्यात्मक निदेशक समिति की बैठक में प्रशासनिक सहमति प्रदान की गई है।
एसईसीएल की ओर से राशि उपलब्ध कराने की सहमति के बाद अब इन सड़क परियोजनाओं को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है।
सड़क विकास से बदलेगी आवागमन की तस्वीर
कोरबा एक प्रमुख औद्योगिक एवं ऊर्जा क्षेत्र होने के कारण यहां भारी वाहनों के साथ-साथ स्थानीय यातायात का भी लगातार दबाव बना रहता है। ऐसे में तीन महत्वपूर्ण मार्गों के निर्माण एवं चौड़ीकरण के लिए 50 करोड़ रुपये की व्यवस्था को सड़क अधोसंरचना के लिहाज से अहम कदम माना जा रहा है। परियोजनाओं के धरातल पर उतरने के बाद संबंधित क्षेत्रों में आवागमन को सुगम बनाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर करने में मदद मिल सकती है।

Live Cricket Info
