प्रधानमंत्री मोदी ने सराहा छत्तीसगढ़ का विकास मॉडल, मुख्यमंत्री साय ने जताया आभार, बस्तर में बदलाव और विकसित भारत में छत्तीसगढ़ की भूमिका पर मुख्यमंत्री के आलेख का प्रधानमंत्री कार्यालय ने किया उल्लेख

रायपुर, 17 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा और बस्तर में आए बदलाव को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आलेख की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सराहना की है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से मुख्यमंत्री के आलेख को साझा करते हुए छत्तीसगढ़ में हो रहे विकास, विशेष रूप से बस्तर में आए परिवर्तन और विकसित भारत के निर्माण में प्रदेश की भूमिका को रेखांकित किया गया है।
प्रधानमंत्री की ओर से मिले इस उल्लेख के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का स्नेह और मार्गदर्शन छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा को लगातार नई ऊर्जा और दिशा देता रहा है।
बस्तर के बदलाव को बताया विकास की तस्वीर
प्रधानमंत्री कार्यालय ने मुख्यमंत्री के आलेख का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा यह दर्शाती है कि देश की प्रगति अब केवल महानगरों और बड़े शहरों तक सीमित नहीं है। बस्तर में आया बदलाव इसका उदाहरण है। जनजातीय समाज भी विकास की मुख्यधारा से जुड़कर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने अपने आलेख में बस्तर में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और डिजिटल सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख किया है। उन्होंने कहा है कि कभी हिंसा और पिछड़ेपन जैसी चुनौतियों से जूझने वाला बस्तर अब शांति, विकास, पर्यटन और नई संभावनाओं की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
‘विकसित भारत’ के संकल्प में छत्तीसगढ़ की भूमिका
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए छत्तीसगढ़ पूरी प्रतिबद्धता के साथ विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। प्रदेश राष्ट्र की प्रगति में अपनी भूमिका को और मजबूत करता रहेगा।
अपने आलेख में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की यात्रा को सेवा, सुशासन, अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जोड़ते हुए विकास की दिशा का उल्लेख किया है। उन्होंने कहा कि विकास की अवधारणा गांव, गरीब, किसान, महिला और जनजातीय समाज की आकांक्षाओं से जुड़ी हुई है।
गांव से बस्तर तक विकास की नई तस्वीर
मुख्यमंत्री के आलेख में छत्तीसगढ़ के गांवों से लेकर जनजातीय अंचलों तक हो रहे बदलाव को सामने रखा गया है। उन्होंने कहा है कि दूरस्थ क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से लोगों की जिंदगी में बदलाव आ रहा है और ये क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से तेजी से जुड़ रहे हैं।
उन्होंने बस्तर में पर्यटन और विकास की संभावनाओं का भी उल्लेख करते हुए कहा है कि आने वाले समय में शांति, विकास और स्थानीय संस्कृति के साथ बस्तर नई संभावनाओं का केंद्र बन सकता है।
आधुनिकता के साथ संस्कृति और प्रकृति का संतुलन
मुख्यमंत्री ने अपने आलेख में छत्तीसगढ़ के विकास को केवल आर्थिक प्रगति तक सीमित न रखते हुए संस्कृति और प्रकृति के संतुलन से जोड़ने की बात कही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश ऐसी विकास यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है, जिसमें समृद्धि के साथ संस्कृति, आधुनिकता के साथ परंपरा और प्रगति के साथ प्रकृति का संतुलन बना रहे।
प्रधानमंत्री के प्रति मुख्यमंत्री ने जताया आभार
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मार्गदर्शन छत्तीसगढ़ को लगातार मिलता रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा उनके आलेख के माध्यम से छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा और बस्तर में आए बदलाव को रेखांकित किए जाने पर हृदय से आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा और मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ विकसित भारत के निर्माण में पूरी शक्ति और सामर्थ्य के साथ अपना योगदान देता रहेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में समृद्ध छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाना प्रदेश की प्राथमिकता बनी रहेगी।

Live Cricket Info