गोल्फ के बड़े मुकाबले के लिए तैयार नवा रायपुर, 15 सितंबर को ‘नवा रायपुर ओपन 2026’ का आगाज

रायपुर, 14 सितंबर 2026 : नवा रायपुर में खेल और पर्यटन के मेल का नया अध्याय शुरू होने जा रहा है। ‘नवा रायपुर ओपन 2026’ का शुभारंभ 15 सितंबर को फेयरवे गोल्फ एंड लेक रिजॉर्ट में होगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सेरेमोनियल टी-ऑफ के जरिए प्रतियोगिता की शुरुआत करेंगे। आयोजन में क्रिकेट के दिग्गज कपिल देव और डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के CEO अमनदीप जौहल भी मौजूद रहेंगे।
राष्ट्रीय स्तर के इन खेल चेहरों की मौजूदगी से प्रतियोगिता का आकर्षण बढ़ने के साथ नवा रायपुर को गोल्फ और Sports Tourism के नए केंद्र के तौर पर पेश करने का अवसर मिलेगा। आयोजन को प्रदेश में गोल्फ को लोकप्रिय बनाने और खिलाड़ियों को बेहतर मंच देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
टी-ऑफ के साथ शुरू होगा गोल्फ का सफर
15 सितंबर को आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शाम 3:05 बजे सेरेमोनियल टी-ऑफ करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री और विशिष्ट अतिथि गोल्फ खिलाड़ियों से मुलाकात करेंगे। प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण भी इसी दौरान किया जाएगा।
उद्घाटन कार्यक्रम के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी। इसमें मुख्यमंत्री और आयोजन से जुड़े प्रमुख अतिथि प्रतियोगिता की तैयारियों, इसके उद्देश्यों और छत्तीसगढ़ में गोल्फ के भविष्य से जुड़ी संभावनाओं पर मीडिया से चर्चा करेंगे।
कपिल देव और अमनदीप जौहल की मौजूदगी बनेगी खास
‘नवा रायपुर ओपन’ में भारतीय क्रिकेट के चर्चित नाम कपिल देव की मौजूदगी खेल प्रेमियों के लिए खास आकर्षण रहेगी। वहीं डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के CEO अमनदीप जौहल की भागीदारी प्रतियोगिता को प्रोफेशनल गोल्फ से जोड़ने के लिहाज से महत्वपूर्ण है।
आयोजन के जरिए नवा रायपुर की खेल अधोसंरचना को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने और बड़े खेल आयोजनों के लिए शहर की संभावनाओं को सामने लाने की कोशिश की जा रही है।
एक नजर में ‘नवा रायपुर ओपन 2026’
आयोजन : नवा रायपुर ओपन 2026
तारीख : 15 सितंबर 2026
स्थान : फेयरवे गोल्फ एंड लेक रिजॉर्ट, नवा रायपुर
उद्घाटन : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
सेरेमोनियल टी-ऑफ : शाम 3:05 बजे
विशेष अतिथि : कपिल देव और अमनदीप जौहल
खेल पर्यटन को मिलेगा नया प्लेटफॉर्म
नवा रायपुर को आधुनिक सुविधाओं और बेहतर अधोसंरचना वाले शहर के रूप में विकसित किया जा रहा है। ऐसे में गोल्फ जैसे खेल के बड़े आयोजन से शहर की पहचान को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। प्रतियोगिता के बहाने देशभर के खिलाड़ी, खेल प्रेमी और गोल्फ से जुड़े लोग नवा रायपुर से जुड़ेंगे।
आयोजन का एक बड़ा उद्देश्य प्रदेश में खेल संस्कृति और खेल पर्यटन को बढ़ावा देना भी है। इससे स्थानीय स्तर पर गोल्फ को लेकर रुचि बढ़ने और उभरते खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के मंच से जुड़ने के अवसर मिलने की संभावना है।
नवा रायपुर को मिलेगी राष्ट्रीय पहचान
‘नवा रायपुर ओपन 2026’ को प्रदेश की आधुनिक खेल क्षमता को सामने रखने वाले आयोजन के तौर पर देखा जा रहा है। गोल्फ, पर्यटन और आधुनिक अधोसंरचना को एक साथ जोड़कर नवा रायपुर को भविष्य के बड़े Sports Destination के रूप में विकसित करने की दिशा में यह आयोजन अहम साबित हो सकता है।

Live Cricket Info