
कोरबा। जिले के राताखार स्थित जोड़ा पुल के पास सड़क हादसे में फ्लिपकार्ट के 21 वर्षीय डिलीवरी बॉय करण क्षत्रिय घायल हो गया। बताया जा रहा है कि काम से लौटते समय एक ट्रेलर उनके पैर पर चढ़ गया। हादसे के बाद ट्रेलर चालक घायल युवक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
दूसरे चालक ने रोक लिया वाहन, बचाने के लिए की मदद
जानकारी के अनुसार, करण क्षत्रिय, पिता प्रकाश, फ्लिपकार्ट में डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता हैं। काम से लौटते समय राताखार जोड़ा पुल के पास वह सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया। हादसे में उनका पैर ट्रेलर की चपेट में आ गया। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक ने रुकने के बजाय मौके से भागने का रास्ता चुना। हैरत की बात ये है कि टायर के नीचे युवक का पैर दबा हुआ था और चालक भाग गया।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक अन्य चालक ने अपना वाहन रोककर घायल युवक की मदद की। उसकी तत्परता से घायल को बचाने के लिए सहायता मिल सकी।
मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। घायल करण क्षत्रिय को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक के फरार होने की जानकारी सामने आई है। चालक की पहचान और घटना के संबंध में पुलिस की आधिकारिक कार्रवाई की विस्तृत जानकारी अभी सामने आना बाकी है।

Live Cricket Info
