कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने पीएम श्री सेजस विद्यालय तिलकेजा का किया निरीक्षण

विद्यार्थियों से किया संवाद, शैक्षणिक गुणवत्ता, सुविधाओं एवं निर्माण कार्यों का लिया जायजा

कोरबा, 03 जुलाई 2026/ कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने आज करतला विकासखंड के ग्राम तिलकेजा स्थित पीएम श्री सेजस विद्यालय का निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, अधोसंरचना, प्रयोगशालाओं एवं विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया। विद्यालय पहुंचने पर छात्राओं ने तिलक लगाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री दुदावत ने सर्वप्रथम विद्यालय की कंप्यूटर लैब का अवलोकन किया तथा वहां उपलब्ध संसाधनों और अध्ययन-अध्यापन की व्यवस्था की जानकारी ली। इसके पश्चात उन्होंने कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के साथ सहज एवं आत्मीय संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, विषयों में रुचि, परीक्षा की तैयारी, पिछले वर्ष के परीक्षा परिणाम तथा विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं के संबंध में चर्चा की। साथ ही विद्यार्थियों से यह भी जाना कि विद्यालय में किन-किन सुविधाओं की आवश्यकता महसूस होती है तथा विद्यालय को और अधिक बेहतर एवं आधुनिक बनाने के लिए उनके क्या सुझाव हैं।

संवाद के दौरान कलेक्टर श्री दुदावत ने विद्यार्थियों से उनके भविष्य के लक्ष्य एवं करियर विकल्पों के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन एवं अनुशासन के साथ अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता का आधार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और निरंतर मेहनत है। उन्होंने विशेष रूप से कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों से कहा कि बोर्ड परीक्षा का परिणाम उनके उच्च शिक्षा एवं करियर के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। इसलिए समय का सदुपयोग करते हुए पूरी एकाग्रता और समर्पण के साथ अध्ययन करें तथा उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करने का प्रयास करें।

  तूता में अतिक्रमण को लेकर फैली अफवाहों पर NRDA का स्पष्टीकरण, कहा- विस्थापन का कोई प्रस्ताव नहीं

कलेक्टर श्री दुदावत ने विद्यार्थियों को जिला प्रशासन द्वारा संचालित आईआईटी एवं जेईई जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क कोचिंग सुविधा की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इच्छुक विद्यार्थी इस सुविधा का लाभ लेकर अपने सपनों को साकार कर सकते हैं।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री दुदावत ने विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों से भी चर्चा कर शैक्षणिक गतिविधियों, शिक्षकों की उपलब्धता तथा विद्यालय संचालन से संबंधित विभिन्न विषयों की जानकारी ली। उन्होंने कंप्यूटर लैब के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक शिक्षक की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा अतिथि शिक्षक की भर्ती की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो और उन्हें नियमित रूप से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सके।

कलेक्टर श्री दुदावत ने विद्यालय परिसर के समीप निर्माणाधीन पीसीबी लैब का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का अवलोकन करते हुए संबंधित इंजीनियर को कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

इस दौरान कलेक्टर श्री दुदावत ने विद्यालय परिसर में रातरानी का पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर सहायक कलेक्टर श्री ईशांत जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ श्री दिनेश कुमार नाग, एसडीएम कोरबा श्री सरोज महिलांगे, सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Live Cricket Info