हॉकी एशिया कप में छत्तीसगढ़ की गीता यादव और मधु सिदार का जलवा, भारत की जीत में निभाई अहम भूमिका

रायपुर, 17 सितंबर 2026। चीन के मोकी शहर में आयोजित जूनियर महिला हॉकी एशिया कप में छत्तीसगढ़ की गीता यादव और मधु सिदार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम की जीत में अहम योगदान दिया। दोनों खिलाड़ी बिलासपुर के राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र बहतराई स्थित आवासीय हॉकी अकादमी में प्रशिक्षण ले रही हैं। टूर्नामेंट में दोनों खिलाड़ियों ने चार-चार गोल दागकर अपनी प्रतिभा का दमदार प्रदर्शन किया।
अंतरराष्ट्रीय हॉकी मंच पर दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन से बिलासपुर की बहतराई हॉकी अकादमी के साथ-साथ छत्तीसगढ़ का नाम भी गौरवान्वित हुआ है। भारतीय टीम के मुकाबलों में दोनों ने लगातार अपनी प्रभावी मौजूदगी दर्ज कराई।
दक्षिण कोरिया के खिलाफ मधु सिदार ने किया गोल
टूर्नामेंट में भारतीय टीम के मुकाबलों के दौरान मधु सिदार ने दक्षिण कोरिया के खिलाफ गोल कर टीम की जीत में योगदान दिया। इसके बाद मलेशिया के खिलाफ भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 11-1 से जीत दर्ज की। इस मुकाबले में गीता यादव ने दो गोल दागे और भारतीय टीम के आक्रमण को मजबूती दी।
पाकिस्तान के खिलाफ 19-0 की जीत में भी छाईं दोनों खिलाड़ी
भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने 19-0 से बड़ी जीत दर्ज की। इस मुकाबले में छत्तीसगढ़ की गीता यादव और मधु सिदार ने दो-दो गोल किए। दोनों खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में प्रभावी प्रदर्शन करते हुए चार-चार गोल अपने नाम किए।
बहतराई हॉकी अकादमी में तैयार हो रही हैं खिलाड़ी
गीता यादव और मधु सिदार बिलासपुर के राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र बहतराई में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की आवासीय हॉकी अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में दोनों के प्रदर्शन ने अकादमी की प्रतिभाओं को भी नई पहचान दिलाई है।
खेल विभाग ने दी बधाई
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने दोनों खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनके शानदार प्रदर्शन पर बधाई दी और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि गीता यादव और मधु सिदार ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने खेल कौशल से छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है।
उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए विभाग की ओर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने की बात कही।
प्रशिक्षकों ने भी बढ़ाया हौसला
इस अवसर पर बिलासपुर आवासीय हॉकी अकादमी के वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो, खेलो इंडिया एक्सीलेंस सेंटर बिलासपुर के हाई परफॉर्मेंस मैनेजर कुलदीप बरार तथा बिलासपुर के खेल अधिकारी सुशील मौजूद रहे।

Live Cricket Info

