पोड़ी उपरोड़ा बीईओ कार्यालय के सहायक ग्रेड-2 प्रदीप मिश्रा पर गिरी गाज।
सेवानिवृत्त शिक्षक से जीपीएफ एंट्री के नाम पर मांगी थी रकम; समाधान शिविर में मची खलबली।
कोरबा / पोड़ी उपरोड़ा:
जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के तुमान में चल रहे ‘सुशासन तिहार समाधान शिविर’ में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने एक बड़ी और नाटकीय कार्रवाई को अंजाम दिया है। जनता की समस्याओं का मौके पर निपटारा करने के लिए लगाए गए इस शिविर में ही भ्रष्टाचार का खेल चल रहा था, जिसे ACB ने बेनकाब कर दिया। टीम ने 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए सहायक ग्रेड-2 (बाबू) प्रदीप मिश्रा को रंगे हाथों धर दबोचा।
📄 जीपीएफ पासबुक एंट्री के एवज में मांगी थी घूस
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित सेवानिवृत्त शिक्षक अमृतलाल बघेल से उनकी जीपीएफ (GPF) पासबुक में कटौती की एंट्री करने के एवज में बाबू प्रदीप मिश्रा द्वारा 40 हजार रुपये की मोटी रकम की मांग की गई थी।
शिविर बना डील का ठिकाना: आरोपी बाबू ने पीड़ित शिक्षक को यह रिश्वत की रकम देने के लिए तुमान में आयोजित सुशासन शिविर में ही बुला लिया था, ताकि किसी को शक न हो।
⚡ बिलासपुर ACB की अचानक दबिश, शिविर में मची खलबली
शिक्षक की शिकायत पर बिलासपुर ACB के डीएसपी अजीत सिंह के नेतृत्व में टीम ने पहले से ही जाल बिछा रखा था। जैसे ही शिविर के भीतर पैसे का लेन-देन हुआ, ACB की टीम ने अचानक दबिश देकर आरोपी प्रदीप मिश्रा को रंगे हाथों पकड़ लिया।
इस अचानक हुई कार्रवाई से सुशासन शिविर में मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों और आम जनता के बीच हड़कंप मच गया और चारों तरफ खलबली मच गई।
🔍 पुराना रिकॉर्ड भी दागदार, आदत सुधरने का नाम नहीं ले रही
गिरफ्तारी के बाद आरोपी कर्मचारी को कोषालय विभाग में रखकर कड़ी पूछताछ की जा रही है और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी प्रदीप मिश्रा का पुराना रिकॉर्ड भी दागदार रहा है। वित्तीय अनियमितता को लेकर उन पर पहले भी विभागीय कार्रवाई हो चुकी थी, इसके बावजूद वे मलाईदार विभाग और पद पर जमे हुए थे। इस बड़ी कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों में भी दहशत का माहौल है। कयास लगाए जा रहे हैं कि इस मामले में विभाग के कुछ अन्य संलिप्त लोगों से भी पूछताछ हो सकती है।
मुख्य बिंदु:
आरोपी: प्रदीप मिश्रा (सहायक ग्रेड-2, बीईओ कार्यालय पोड़ी उपरोड़ा)
पीड़ित: अमृतलाल बघेल (सेवानिवृत्त शिक्षक)
रिश्वत की राशि: 40,000 रुपये
कार्रवाई करने वाली टीम: बिलासपुर ACB (नेतृत्व – डीएसपी अजीत सिंह)

Live Cricket Info



Leave a Reply