छत्तीसगढ़बड़ी ख़बर

Farmers Relief : धान खरीदी में किसानों को बड़ी राहत, खसरा और फसल रिकॉर्ड की गड़बड़ी होगी दूर

रायपुर, 26 नवंबर 2026। समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले पात्र किसानों को खसरा मैपिंग और फसल रिकॉर्ड की तकनीकी विसंगतियों के कारण परेशानी नहीं होगी। छत्तीसगढ़ शासन ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी को सुगम बनाने के लिए खसरा एवं फसल संबंधी त्रुटियों के निराकरण की प्रक्रिया तेज कर दी है। राज्य शासन ने सभी कलेक्टरों को किसानों के दावों का भौतिक सत्यापन कराने और 30 नवंबर तक सत्यापित जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए हैं।

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग तथा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने संयुक्त रूप से यह निर्देश जारी किया है। शासन का उद्देश्य वास्तविक धान उत्पादक किसानों को समर्थन मूल्य पर अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की तकनीकी या अभिलेखीय बाधा का सामना न करना पड़े।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

15 जनवरी 2027 तक पूरी होगी खसरा मैपिंग

ऐसे किसान जिनके खसरे फार्मर रजिस्ट्री में दर्ज हैं, लेकिन खसरा मंडल में प्रदर्शित नहीं हो रहे हैं, उनके लिए मैपिंग की व्यवस्था की गई है। संबंधित सहकारी समितियों की आईडी में ‘एग्रीस्टेक से धान खरीदी हेतु भूमि विवरण सिंक करें’ विकल्प उपलब्ध कराया गया है। इसके माध्यम से ऐसे खसरों की मैपिंग कर विसंगतियों का निराकरण किया जाएगा।

राज्य शासन ने खसरा मैपिंग की समय-सीमा धान खरीदी अवधि के अंतर्गत 15 जनवरी 2027 तक निर्धारित की है। कलेक्टरों को संबंधित समितियों के माध्यम से सभी लंबित प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने कहा गया है।

  विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव के लिए पोषण एवं बाल कल्याण पर राज्य नीति आयोग–यूनिसेफ का मंथन

खेतों में पहुंचकर जांचेंगे वास्तविक फसल

डिजिटल फसल सर्वेक्षण यानी डीसीएस में जिन खसरों में अन्य फसल दर्ज है, लेकिन किसान वास्तविक रूप से धान बोने का दावा कर रहे हैं, ऐसे मामलों में अब भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। इसी तरह डीसीएस एवं पीवी ऐप में फसल प्रविष्टि के लिए उपलब्ध नहीं होने के कारण सर्वेक्षण अथवा सत्यापन से छूटे खसरों की भी संबंधित तहसीलदार के माध्यम से जांच होगी।

सत्यापन के दौरान राजस्व अभिलेखों का मिलान कर मौके पर वास्तविक फसल और उसके क्षेत्रफल की जांच की जाएगी। प्रत्येक संबंधित खसरे का मौका पंचनामा तैयार किया जाएगा और वास्तविक फसल की स्थिति प्रमाणित करने के लिए स्थल के फोटोग्राफ भी संलग्न किए जाएंगे।

30 नवंबर तक देनी होगी सत्यापित जानकारी

राज्य शासन ने सत्यापन के बाद सही एवं अद्यतन जानकारी निर्धारित प्रारूप में संकलित कर सक्षम प्राधिकारी से अनुमोदन कराने के निर्देश दिए हैं। फसल प्रविष्टि और संशोधन की आगे की कार्रवाई के लिए सत्यापित जानकारी 30 नवंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से उपलब्ध करानी होगी।

शासन की इस पहल से खसरा एवं फसल संबंधी तकनीकी और अभिलेखीय विसंगतियों का निराकरण होने की उम्मीद है। इससे वास्तविक धान उत्पादक पात्र किसानों को समर्थन मूल्य पर धान बेचने में राहत मिलेगी और प्रदेश की धान उपार्जन व्यवस्था अधिक पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button