
काम अधूरा है तो भुगतान आखिर किस आधार पर ?
कोरबा, 18 नवम्बर। जिले में ग्रामीण विकास और पंचायत से संबंधित कामकाज को लेकर हवा हवाई दावे करना अलग बात है लेकिन सच यह है की धरातल पर तस्वीर बिल्कुल अलग है। करतला ब्लॉक में पूर्ववर्ती मनरेगा योजना के अंतर्गत एक कार्य में स्वीकृत राशि का करीब 87 प्रतिशत हिस्सा मटेरियल मद में आहरित किए जाने के बाद भी काम अब तक अधूरा पड़ा है। सबसे दिलचस्प बात यह है कि इस काम को केवल एक मजदूर के जरिए करने की हिम्मत संबंधित एजेंसी ने की है और कामकाज 10 महीने बीतने के बाद भी इनकंप्लीट है।
सूत्रों के अनुसार काम पूरा होने से पहले ही फरवरी 2026 में मटेरियल मद से करीब 298 लाख रुपए का भुगतान किया जा चुका है। करतला जनपद के ग्राम जोगीपाली में उक्त वर्क शेड निर्माण का कार्य वर्ष 2023 में स्वीकृत हुआ था। इसकी कुल स्वीकृत राशि 3 लाख 81 हजार रुपए बताई जा रही है, जिसमें 3 लाख 41 हजार रुपए मटेरियल और 40 हजार रुपए मजदूरी मद के लिए निर्धारित हैं। अब तक मटेरियल मद से 2 लाख 98 हजार रुपए का भुगतान हो चुका है, जबकि मजदूरी मद में एकमात्र मजदूर रिकार्ड में दर्शित है और उसे महज 217 रुपए का भुगतान होना बताया जा रहा है। यानी काम की वास्तविक प्रगति और भुगतान के बीच पहाड़ सा बड़ा अंतर दिखाई दे रहा है।
मामले में सबसे बड़ा सवाल फोटो अपलोड को लेकर भी खड़ा हो रहा है। 31 जनवरी 2026 की फोटो को कार्य प्रारंभ से संबंधित फोटो के रूप में अपलोड किए जाने की बात सामने आ रही है। जबकि मनरेगा के कार्यों में कार्य की वास्तविक स्थिति और प्रगति को दर्ज करने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत फोटो अपलोड की जाती है। यदि 31 जनवरी की फोटो वास्तव में कार्य शुरू होने से पहले की स्थिति दर्शाती है, तो फिर सवाल यह है कि इसके बाद कार्य की प्रगति के अनुरूप भुगतान कैसे होता गया? और फरवरी 2026 में ही करीब 2.98 लाख रुपए मटेरियल मद का भुगतान किस आधार पर जारी किया गया?
सबसे गंभीर सवाल यह है कि जब मटेरियल मद की स्वीकृत राशि 3.41 लाख रुपए है और इसमें से 2.98 लाख रुपए यानी करीब 87 प्रतिशत राशि का भुगतान हो चुका है, तो मौके पर आज 10 माह बाद भी कार्य अधूरा क्यों है? यदि इतनी बड़ी राशि खर्च हो चुकी है तो उसके अनुरूप निर्माण मौके पर दिखाई क्यों नहीं दे रहा? यदि अधूरे काम पर लाखों रुपए का भुगतान हो जाए और महीनों बाद भी मौके पर निर्माण अधूरा रहे, तो यह केवल एक कार्य की कहानी नहीं बल्कि निगरानी व्यवस्था पर भी बड़ा सवाल है।
अब देखना यह है कि संबंधित विभाग मौके पर जांच कर भुगतान की वास्तविकता, मस्टर रोल, माप पुस्तिका, फोटो अपलोड, सामग्री की खरीद और निर्माण की गुणवत्ता की जांच करता है या फिर मामला कागजों में ही सही मानकर जिम्मेदारी तय कर दी जाएगी। सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब काम अधूरा है तो 87 प्रतिशत भुगतान आखिर किस आधार पर हुआ?

Live Cricket Info