IAS/IPSछत्तीसगढ़बड़ी ख़बर

CG IAS Promotion: डेढ़ महीने पहले छत्तीसगढ़ के 4 IAS अफसरों को बड़ा तोहफा, सुबोध सिंह-निहारिका बारिक बने ACS; रोहित यादव और कमलप्रीत को मिली नई जिम्मेदारी

जनवरी 2027 में मिलना था प्रमोशन, सरकार ने करीब डेढ़ महीने पहले ही दी पदोन्नति; मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव और गृह विभाग की प्रमुख सचिव को मिली बड़ी प्रशासनिक उन्नति

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक महकमे में बड़ा फैसला लेते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के चार वरिष्ठ अधिकारियों को पदोन्नति दी है। इस फैसले में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह और गृह विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक को अपर मुख्य सचिव (ACS) के पद पर प्रमोट किया गया है। वहीं, सचिव स्तर पर जिम्मेदारी संभाल रहे डॉ. रोहित यादव और डॉ. कमलप्रीत सिंह को प्रमुख सचिव बनाया गया है।

खास बात यह है कि इन चारों अधिकारियों की पदोन्नति जनवरी 2027 में निर्धारित थी, लेकिन सरकार ने उनकी वरिष्ठता और कार्यप्रदर्शन को देखते हुए करीब डेढ़ महीने पहले ही प्रमोशन का आदेश जारी कर दिया। इसे राज्य के प्रशासनिक गलियारों में सरकार की ओर से वरिष्ठ अधिकारियों को दिया गया महत्वपूर्ण तोहफा माना जा रहा है।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

1997 बैच के दो अफसर बने अपर मुख्य सचिव

मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह और गृह विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक दोनों 1997 बैच के IAS अधिकारी हैं। पदोन्नति के बाद दोनों को अपर मुख्य सचिव का दर्जा मिलेगा। सरकार के इस फैसले से मुख्यमंत्री कार्यालय और गृह विभाग में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल रहे इन अधिकारियों की प्रशासनिक स्थिति और मजबूत होगी।

सुबोध कुमार सिंह को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दिल्ली से बुलाकर अपना प्रमुख सचिव नियुक्त किया था। प्रशासनिक कामकाज में कसावट लाने के साथ विभिन्न विभागों में तकनीकी और व्यवस्था संबंधी सुधारों में उनकी भूमिका रही है। बिजली और खनन विभाग की व्यवस्थाओं को ऑनलाइन करने में उनके योगदान का उल्लेख किया जाता रहा है। रायपुर और बिलासपुर में सिटी बस सेवा शुरू कराने में भी उनकी भूमिका रही थी। राजस्व विभाग में सचिव रहते हुए उन्होंने कम समय में कई सुधारात्मक पहल की थीं।

  विशेष लेख: नारी शक्ति या सीटों का विस्तार — लोकतंत्र किस दिशा में?

रोहित यादव और कमलप्रीत सिंह को भी मिली बड़ी जिम्मेदारी

सरकार ने 2002 बैच के IAS अधिकारी डॉ. रोहित यादव और डॉ. कमलप्रीत सिंह को भी पदोन्नति देते हुए सचिव से प्रमुख सचिव बनाया है। दोनों अधिकारियों के लिए यह पदोन्नति प्रशासनिक सेवा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

चारों अधिकारियों की पदोन्नति निर्धारित समय से पहले किए जाने को सरकार के स्तर पर उनके कामकाज और अनुभव को महत्व दिए जाने के रूप में देखा जा रहा है।

पहले भी समय से पहले हो चुकी हैं पदोन्नतियां

प्रशासनिक सेवा में निर्धारित समय से पहले पदोन्नति दिए जाने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी अलग-अलग सरकारों के कार्यकाल में वरिष्ठ IAS अधिकारियों को तय समय से पहले उच्च पदों पर पदोन्नत किया गया है। पूर्व में रेणु पिल्ले और सुब्रत साहू को भी निर्धारित समय से पहले अपर मुख्य सचिव बनाया गया था। इसी तरह पूर्ववर्ती सरकारों के दौरान सीके खेतान, आरपी मंडल और बीवीआर सुब्रमण्यम को भी समय से पहले प्रमुख सचिव पद पर पदोन्नति मिली थी।

छत्तीसगढ़ सरकार के ताजा फैसले से राज्य के प्रशासनिक ढांचे में चार वरिष्ठ अधिकारियों का पद और दर्जा बढ़ा है। अब इन अधिकारियों की नई पदस्थापना और जिम्मेदारियों को लेकर भी प्रशासनिक हलकों में नजरें रहेंगी।

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button