छत्तीसगढ़बड़ी ख़बरराजकाज

धरमजयगढ़ में स्मृति ईरानी ने बदलवा दी मंच की व्यवस्था, आगे बैठे मंत्रियों को उठाकर आदिवासी समाज के प्रमुखों को दी जगह ; जनजातीय गौरव दिवस के राज्यस्तरीय समारोह में दिखा अलग अंदाज, भाषण नहीं देने को लेकर सियासी गलियारों में उठे सवाल

रायगढ़/धरमजयगढ़ | जनजातीय गौरव दिवस के राज्यस्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की घोषणाओं और नितिन नवीन के वर्चुअल संबोधन के बीच एक ऐसा घटनाक्रम भी सामने आया, जिसने राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज कर दी है। भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने कार्यक्रम स्थल पर आगे की पंक्तियों में बैठे मंत्रियों को खुद खड़े होकर पीछे जाने के लिए कहा और वहां आदिवासी समाज के प्रमुखों तथा प्रतिष्ठित लोगों को बैठाने के लिए जगह बनवाई। इसके बाद एक और सवाल चर्चा में आ गया – नाम पुकारे जाने के बावजूद स्मृति ईरानी ने मंच से संबोधन क्यों नहीं किया ?

मंत्रियों को पीछे भेजकर आदिवासी प्रतिनिधियों को आगे बैठाया

धरमजयगढ़ के ऐतिहासिक दशहरा मैदान में भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर आयोजित समारोह में प्रदेश सरकार के कई मंत्री और जनप्रतिनिधि मौजूद थे। इसी दौरान मंच के सामने की पंक्तियों में बैठे मंत्रियों को स्मृति ईरानी ने खड़े होकर पीछे बैठने के लिए कहा। उनके निर्देश के बाद वहां आदिवासी समाज के प्रमुखों और प्रतिष्ठित लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

इस घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक हलकों में अलग-अलग चर्चाएं शुरू हो गईं। इसे जनजातीय समाज को सम्मान और प्राथमिकता देने की पहल के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, स्मृति ईरानी की ओर से इस घटनाक्रम के पीछे की वजह को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

नाम पुकारा गया, लेकिन भाषण नहीं हुआ

समारोह के दौरान स्मृति ईरानी का नाम संबोधन के लिए पुकारे जाने की जानकारी सामने आई, लेकिन उन्होंने मंच से भाषण नहीं दिया। ऐसे में यह सवाल उठने लगा कि क्या वे किसी वजह से नाराज थीं या उन्होंने जानबूझकर संबोधन से दूरी बनाई ? फिलहाल उनकी नाराजगी की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए इसे लेकर चल रही चर्चाओं को अटकलों के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।

राजनीतिक जानकारों के बीच इस घटनाक्रम को वीआईपी संस्कृति से अलग हटकर आदिवासी समाज को समारोह में सम्मानजनक स्थान देने के संदेश के रूप में भी देखा जा रहा है। हालांकि, स्मृति ईरानी के भाषण नहीं देने का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हुआ है।

  Janjgir Champa News:– डोंगाकोहरौद–पामगढ़ क्षेत्र की आम जनता बिजली कटौती से त्रस्त

कोहरे ने बदला कार्यक्रम, नितिन नवीन वर्चुअली जुड़े

समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद नितिन नवीन को मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होना था, लेकिन घने कोहरे के कारण जिंदल एयरपोर्ट पर हेलीकॉप्टर की लैंडिंग नहीं हो सकी। इसके चलते वे वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े। अपने संबोधन में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियान का उल्लेख किया। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी की पीठ थपथपाते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।

मुख्यमंत्री साय ने किसानों के लिए किया बड़ा ऐलान

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर आदिवासी समाज के सम्मान, स्वाभिमान और संस्कृति संरक्षण को सरकार की प्रतिबद्धता बताया। उन्होंने घोषणा की कि प्रति एकड़ 21 क्विंटल की निर्धारित सीमा से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी कृषक उन्नति योजना के तहत पूरी आदान सहायता राशि मिलेगी। इसके लिए 13,839 रुपये प्रति एकड़ की दर से सहायता दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने तेंदूपत्ता संग्राहकों का पारिश्रमिक बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा किए जाने, चरण पादुका योजना फिर शुरू करने और मांझी-चालकी पदाधिकारियों का वार्षिक मानदेय 2,500 रुपये से बढ़ाकर 5,000 रुपये किए जाने की जानकारी भी दी।

समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल और कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

फिलहाल धरमजयगढ़ के इस समारोह में स्मृति ईरानी का मंच व्यवस्था बदलवाना और नाम पुकारे जाने के बावजूद संबोधन नहीं करना चर्चा का विषय बना हुआ है। अब देखना होगा कि इस पूरे घटनाक्रम पर उनकी ओर से कोई स्पष्टीकरण सामने आता है या नहीं।

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button