भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पर FIR, बेटे-दामाद समेत 3 पर मारपीट का आरोप: लकवाग्रस्त बुजुर्ग को घसीटकर नाली में फेंकने का दावा

कवर्धा । छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में पारिवारिक और प्रॉपर्टी विवाद ने अब पुलिस थाने तक का रूप ले लिया है। मारपीट के मामले में भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष विजय लक्ष्मी तिवारी, उनके बेटे वासु तिवारी और दामाद विक्की दुबे के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। मामला कवर्धा के कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

Advertisement Carousel

शिकायतकर्ता रवि कुमार शुक्ला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने 5 अगस्त 2026 को तीनों के खिलाफ मामला दर्ज किया। शिकायत में घर में घुसकर बुजुर्ग माता-पिता से मारपीट करने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। घटना से जुड़ा CCTV फुटेज भी सामने आने की बात कही जा रही है।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

लकवाग्रस्त बुजुर्ग को घसीटकर नाली में फेंकने का आरोप

शिकायतकर्ता रवि कुमार शुक्ला के अनुसार, 5 अगस्त को विजय लक्ष्मी तिवारी अपने बेटे वासु तिवारी और दामाद विक्की दुबे के साथ उनके घर पहुंचीं।

आरोप है कि विवाद के दौरान उनके लकवाग्रस्त पिता को घर से घसीटकर बाहर निकाला गया और नाली में फेंक दिया गया। इस दौरान उनकी मां के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, मारपीट में उनकी मां के हाथ में चोट आई।

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मामले से जुड़ा CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।

बीच-बचाव करने पहुंचे बेटे से भी मारपीट का आरोप

रवि कुमार शुक्ला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि घटना की जानकारी उन्हें पड़ोसियों से मिली। इसके बाद जब वह अपने घर पहुंचे तो उन्होंने बीच-बचाव करने की कोशिश की।

  एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह ने किया वृक्षारोपण

शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस दौरान उनके साथ भी मारपीट की गई, जिससे उनकी बाईं आंख के ऊपर चोट आई।

क्या है पूरा विवाद?

शिकायत के मुताबिक, मामला पारिवारिक विवाद और संपत्ति से जुड़ा हुआ है। बताया गया है कि वर्ष 2015 में रवि कुमार शुक्ला के बड़े भाई सूरज शुक्ला की शादी विजय लक्ष्मी तिवारी की छोटी बेटी से हुई थी।

शिकायतकर्ता का दावा है कि बड़े भाई की आर्थिक स्थिति को लेकर पारिवारिक स्तर पर विवाद होते रहे। इसी दौरान घर की संपत्ति बड़े बेटे के नाम करने को लेकर भी दबाव बनाए जाने की बात सामने आई।

बताया गया है कि पिता द्वारा पूरा घर सिर्फ बड़े बेटे के नाम करने से इनकार किए जाने के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ता गया। इसी पारिवारिक विवाद के बीच 5 अगस्त को मारपीट की घटना होने का आरोप लगाया गया है।

CCTV फुटेज से पुलिस जुटा रही साक्ष्य

घटना से संबंधित CCTV फुटेज सामने आने के बाद पुलिस अब मामले में उपलब्ध वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस FIR दर्ज करने के बाद घटना में शामिल सभी पक्षों के बयान और मेडिकल रिपोर्ट सहित अन्य तथ्यों को भी जांच का हिस्सा बना सकती है।

फिलहाल तीनों आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज हो चुकी है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

Live Cricket Info