
कोरबा, 24 मई। जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के दूसरे दिन भी बड़ी कार्रवाई देखने को मिली। कलेक्टर के निर्देश एवं उप संचालक, खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान के तहत खनिज विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच कर कुल 5 चैन माउंटेन, 5 हाइवा, 5 ट्रैक्टर और 1 टीपर को जप्त किया है।
कार्रवाई के दौरान बरमपुर क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन करते एक ट्रैक्टर को जप्त किया गया, वहीं सर्वमंगला चौकी क्षेत्र में गिट्टी का अवैध परिवहन करते दो हाइवा पकड़े गए, जिन्हें चौकी अभिरक्षा में रखा गया है। राताखार क्षेत्र में मिट्टी का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर एक टीपर पर कार्रवाई की गई।
इसी तरह जरहा जेल बरमपुर क्षेत्र में बसाहट समतलीकरण कार्य के नाम पर बिना वैधानिक अनुमति मिट्टी उत्खनन और परिवहन कराए जाने पर मौके से चार चैन माउंटेन मशीनों को जप्त कर सील किया गया। गेवरा बस्ती क्षेत्र में मुरुम का अवैध परिवहन करते दो ट्रैक्टर पकड़े गए, जिन्हें कुसमुंडा थाना अभिरक्षा में रखा गया है।
नरईबोध क्षेत्र में ईंट भट्ठे से अवैध रूप से ईंट परिवहन करते एक ट्रैक्टर को जप्त किया गया, जबकि इंदलभाटा तरदा में मिट्टी का अवैध परिवहन करते एक अन्य ट्रैक्टर पर कार्रवाई की गई। उरगा क्षेत्र में मिट्टी के अवैध उत्खनन और परिवहन में संलिप्त एक चैन माउंटेन और तीन हाइवा को जप्त कर सील किया गया।
खनिज विभाग द्वारा जप्त सभी वाहनों को नियमानुसार विभिन्न पुलिस थानों एवं खनिज जांच चौकियों में सुरक्षा अभिरक्षा में रखा गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा राजस्व क्षति रोकने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमों एवं अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है और आगे भी नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Live Cricket Info


Leave a Reply