Kahi-Suniकही-सुनीदिवस विशेष

कही-सुनी @ रवि भोई

कही-सुनी (15 NOV-26) : रवि भोई

क्या किरण देव और केदार कश्यप में छत्तीस का आंकड़ा ?

कहते हैं कि इन दिनों प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव और वन, परिवहन व सहकारिता मंत्री केदार कश्यप के बीच राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता बढ़ गई है। हल्ला है कि अपैक्स बैंक और मार्कफेड में उपाध्यक्ष की नियुक्ति के बाद दोनों के बीच अंतर्कलह सतह पर आ गई है। विगत पांच नवंबर को सरकार ने सुधीर पांडे को मार्कफेड (छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित) एवं शिवनारायण पांडे को अपैक्स बैंक (छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक मर्यादित) का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। किरण सिंह देव और केदार कश्यप दोनों ही बस्तर क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। किरण देव जगदलपुर के विधायक हैं और केदार कश्यप नारायणपुर से चुनाव जीते हैं। सुधीर पांडे और शिवनारायण पांडे भी बस्तर इलाके के हैं। शिवनारायण पांडे प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता हैं। सुनने में आ रहा है कि सुधीर पांडे और शिवनारायण पांडे दोनों ही प्रदेश अध्यक्ष किरण देव के गुड बुक में नहीं हैं और दोनों की नियुक्ति केदार कश्यप के अधीन संस्थाओं में हुई है। मार्कफेड और अपैक्स बैंक सहकारिता विभाग के अंतर्गत आते हैं। सहकारिता विभाग के मंत्री केदार कश्यप हैं। चर्चा है कि सुधीर पांडे और शिवनारायण पांडे की नियुक्ति को लेकर प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी से शिकायत की गई है। भाजपा के नेताओं को स्मृति ईरानी के एक्शन का इंतजार है। इस बीच कुछ लोग सवाल भी उठा रहे हैं कि सुधीर पांडे और शिवनारायण पांडे की नियुक्ति किसकी सिफारिश पर हुई है और दोनों की नियुक्ति से राजनीतिक फायदे क्या होंगे?

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

स्वेच्छा अनुदान में दो मंत्रियों का खेला

हल्ला है कि स्वेच्छा अनुदान देने में राज्य के दो मंत्री बड़ा खेला कर रहे हैं। इसको लेकर ही भाजपा के कार्यकर्ताओं में बड़ी नाराजगी है। कहते हैं जहाँ ज्यादा कमीशन मिलता है, वहां के लिए दोनों मंत्री स्वेच्छा अनुदान स्वीकृत करने के लिए विख्यात हो गए हैं। दोनों मंत्री मैदानी इलाके के जिलों के प्रभारी हैं। एक पहली बार मंत्री बने हैं और दूसरे घुटे घुटाए नेता हैं। भाजपा के कार्यकर्ता और स्थानीय नेता इस बात से दुखी है कि दोनों मंत्री अधिकांश काम कांग्रेस से जुड़े लोगों के ही स्वीकृत कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ में एक कैबिनेट मंत्री को सालभर में डेढ़ करोड़ के स्वेच्छा अनुदान से काम स्वीकृत करने का अधिकार है। छोटे -छोटे निर्माण कार्य के अलावा मंत्री इस निधि का उपयोग अपने विवेक से जरूरतमंद व्यक्तियों, गंभीर रूप से बीमार मरीजों, और सामाजिक या सांस्कृतिक संस्थाओं को तत्काल आर्थिक सहायता देने के लिए भी करते हैं।

अमित शाह ने मंत्री को फटकारा

हल्ला है कि तीन नवंबर को एक दिवसीय छत्तीसगढ़ यात्रा पर आए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य के एक मंत्री को फटकार लगाईं और फाइलों पर अनावश्यक अड़ंगेबाजी पर आड़े हाथों भी लिया। कहते हैं अमित शाह जब मंत्री जी को नसीहत दे रहे थे, तब वहां कुछ अफसर भी मौजूद थे। अब वही अफसर चटखारे लेकर दूसरों को घटना का हाल सुना रहे हैं। बताते हैं कि इसी मंत्री जी ने पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले राज्य के एक बड़े नेता के एक खास आदमी से काम के बदले मोटी रकम ले ली थी। बड़े नेता ने इसकी शिकायत ऊपर कर दी। इसके बाद हाईकमान ने पश्चिम बंगाल चुनाव में मंत्री जी की जेब खाली करवा ली। नेता जी पहली बार मंत्री बने हैं, पर उन्हें ऊपर की कमाई का अनुभवी बताया जाता है।

  दशहरा हमें क्या सिखाता है ? अपने भीतर के रावण को हराने का संदेश

हिमांशु गुप्ता प्रभारी डीजीपी

कहते हैं आमतौर पर डीजीपी के छुट्टी पर जाने की स्थिति में एडीजी प्रशासन को डीजीपी का प्रभार दे दिया जाता है। इस बार डीजीपी अरुणदेव गौतम के छुट्टी पर जाने के कारण डीजी जेल हिमांशु गुप्ता को प्रभारी डीजीपी का चार्ज दिया गया है। बताते हैं डीजीपी अरुणदेव गौतम 19 नवंबर तक अवकाश पर रहेंगे। तब तक हिमांशु गुप्ता राज्य के पुलिस प्रमुख की कमान संभालेंगे। पुलिस मुख्यालय से बाहर पदस्थ अफसर को डीजीपी का चार्ज देकर नई परंपरा शुरू की गई है। 1994 बैच के आईपीएस हिमांशु गुप्ता डीजीपी की दौड़ में थे। डीजीपी के लिए भारत सरकार को भेजे पैनल में हिमांशु गुप्ता का नाम भी था। राज्य में पवनदेव और जीपी सिंह भी डीजी हैं।

क्या सरगुजा में प्रभाव दिखा पाएंगे सिंहदेव

हल्ला है कि कांग्रेस 2028 के विधानसभा चुनाव में सरगुजा संभाग की जिम्मेदारी पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव को सौंपने की तैयारी में है। सरगुजा संभाग में 14 विधानसभा सीटें हैं। अभी सभी सीटों पर भाजपा का कब्जा है। छत्तीसगढ़ में सरकार बनाने में सरगुजा और बस्तर संभाग की बड़ी भूमिका रहती है। सरगुजा संभाग में कांग्रेस के पास फिलहाल टीएस सिंहदेव के अलावा कोई बड़ा व पुराना नेता नहीं है। यह अलग बात है कि टीएस सिंहदेव 2023 का विधानसभा चुनाव कुछ वोटों से हार गए। छत्तीसगढ़ के कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत 16 नवंबर से सरगुजा संभाग का दौरा करने वाले हैं। कांग्रेस प्रभारी के दौरे की व्यवस्था की जिम्मेदारी टीएस सिंहदेव को सौंपी गई है। कांग्रेस प्रभारी जशपुर भी जाएंगे। जशपुर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का गृह जिला है। साय मंत्रिमंडल में अभी सरगुजा संभाग से मुख्यमंत्री समेत पांच मंत्री हैं। बस्तर संभाग से अकेले केदार कश्यप मंत्री हैं। अब देखते हैं सरगुजा संभाग में कांग्रेस अगले विधानसभा चुनाव में भाजपा से किस तरह मुकाबला करती है।

कलेक्टर-एसपी के तबादले की सुगबुगाहट

एक बार फिर कलेक्टर -एसपी के तबादले की हलचल होने लगी है। कहा जाने लगा है कि ढाई साल से अधिक समय से एक जिले में पदस्थ कलेक्टर-एसपी इधर-उधर किए जा सकते हैं। उम्मीद की जा रही है कि नवंबर के आखिरी हफ्ते में कुछ प्रशासनिक उलटफेर हो सकता है। जिलों में बदलाव के साथ मंत्रालय में भी कुछ बदलाव हो सकता है। हल्ला है कि इस बार बड़े और महत्वपूर्ण जिलों के कलेक्टर प्रभावित होंगे। 14 दिसंबर से विधानसभा का शीतकालीन सत्र है। इस कारण उसके पहले कुछ बदलाव का बादल बन रहा है। अब देखते हैं क्या होता है।

महिला अफसर का खौफ

सुनने में आ रहा है कि एक महिला अफसर का इतना खौफ है कि उनके साथ काम करने वाले हमेशा भयभीत रहते हैं। कांग्रेस राज में महिला अफसर साइड लाइन थीं। भाजपा के राज में रुतबा बढ़ गया है। बताते हैं मैडम की डांट से पुरुष अफसर भी थर्राते रहते हैं। महिला अफसर भी विभाग बदलवाने के फेर में रहती हैं। एक महिला अफसर की उनसे नहीं बनी तो दूसरे विभाग में चलीं गई। मैडम के साथ पुराने विभाग में काम करने वाले एक अफसर ने मैडम का विभाग बदला तो राहत की साँस ली।

(लेखक पत्रिका समवेत सृजन के प्रबंध संपादक और स्वतंत्र पत्रकार हैं।)

Live Cricket Info

Related Articles

Back to top button