मजदूरों से भरी पिकअप पलटीः पेड़ से टकराने के बाद 9 घायल, तीन महिला मजदूर गंभीर

कोरबा 05 जुलाई। जिले के रजगामार चौकी क्षेत्र में रविवार सुबह मजदूरों से भरी एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई और पेड़ से जा टकराई। हादसे में 9 मजदूर घायल हो गए, जिनमें तीन महिला मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, रजगामार थाना क्षेत्र के दरगा गांव के 12 से अधिक मजदूर गोढ़ी स्थित कार्बन फैक्ट्री में काम करने के लिए पिकअप वाहन से जा रहे थे। सुबह करीब 8 बजे बनखेता गांव के पास तेज रफ्तार पिकअप चालक का वाहन पर नियंत्रण खो गया। इसके बाद वाहन सड़क किनारे पलटते हुए एक पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

ग्रामीणों और राहगीरों ने दिखाई तत्परता
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वाहन के नीचे दबे मजदूरों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर पिकअप को सीधा किया और उसके नीचे फंसे मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलते ही रजगामार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया।

  बाघिन ने किया हमला, जू कर्मचारी घायल

तीन महिला मजदूर गंभीर
हादसे में उर्मिला कंवर, अंजली कंवर और सरिता मांझी गंभीर रूप से घायल हुई हैं। इनके अलावा अन्य घायल मजदूरों का भी अस्पताल में उपचार जारी है। घायल मजदूर सविता ने बताया कि सभी मजदूर रोज की तरह सुबह पिकअप में सवार होकर फैक्ट्री जा रहे थे, तभी वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।

ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार पर उठे सवाल
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि गोढ़ी स्थित कार्बन फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूरों के आवागमन के लिए ठेकेदार पिकअप वाहनों का उपयोग करता है, जिनमें अक्सर क्षमता से अधिक मजदूरों को बैठाया जाता है। हादसे के बाद एक बार फिर मजदूरों की सुरक्षित आवाजाही को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Live Cricket Info