CG News:–  सामान्य सभा से सड़क तक: सियासी संग्राम: हंगामे के बाद कांग्रेस के दोनों जिलाध्यक्ष समेत 7 पर बलवा की FIR

CG News:– नगर निगम की सामान्य सभा के दौरान अतिक्रमण हटाने और पेयजल संकट को लेकर कांग्रेस नेताओं ने लखीराम ऑडिटोरियम के बाहर धरना देकर मिशन अस्पताल रोड जाम कर दिया। पुलिस ने शहर और ग्रामीण जिलाध्यक्ष समेत सात नेताओं पर बलवा और मार्ग अवरोध की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Bilaspur News: बिलासपुर।  बिलासपुर नगर निगम की सामान्य सभा के दौरान हुए विरोध-प्रदर्शन और चक्काजाम के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। नगर निगम का घेराव कर धरना देने और हंगामा करने के आरोप में कांग्रेस के शहर एवं ग्रामीण जिलाध्यक्ष समेत सात लोगों के विरुद्ध नामजद एफआईआर दर्ज की गई है। इसके अलावा अन्य अज्ञात व्यक्तियों पर भी अपराध कायम किया गया है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है।

गौरतलब है कि कल बिलासपुर नगर निगम की तीसरी सामान्य सभा की बैठक लखीराम ऑडिटोरियम में आयोजित थी। बैठक के दौरान लिंगियाडीह क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई और पेयजल व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने विरोध दर्ज कराना शुरू किया। सामान्य सभा के बीच ही माहौल गरमा गया और जोरदार हंगामा देखने को मिला।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

ऑडिटोरियम के बाहर, जिन लोगों के अतिक्रमण तोड़े गए थे, उनके समर्थन में कांग्रेस नेता और स्थानीय पार्षद धरने पर बैठ गए। देखते ही देखते आंदोलनकारियों ने लखीराम ऑडिटोरियम के बाहर सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। कांग्रेस पार्षद भी समर्थकों के साथ बीच सड़क पर बैठ गए, जिससे शहर के व्यस्ततम मार्ग मिशन अस्पताल रोड पर जाम की स्थिति बन गई। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी और एनएसयूआई के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

स्थिति को संभालने के लिए महापौर पूजा विधानी को सदन की कार्यवाही छोड़कर आंदोलनकारियों के बीच जाना पड़ा। उन्होंने प्रदर्शनकारियों की समस्याएं सुनीं और चर्चा की।

  अधिवक्ता एवं पार्षद अब्दुल रहमान की अम्मी नूर जहाँ का इंतकाल, दोपहर 2 बजे अदा होगी जनाज़े की नमाज़

इधर सामान्य सभा के भीतर भी विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा था। वार्ड क्रमांक 52 के पार्षद दिलीप पाटिल ने अतिक्रमण और पानी का मुद्दा सदन में उठाया। सत्ता पक्ष के पार्षदों ने इसका विरोध करते हुए कहा कि सामान्य सभा को राजनीतिक मंच न बनाया जाए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई और सदन में जमकर हंगामा हुआ।

पेयजल समस्या को लेकर एक घंटे के प्रश्नकाल के दौरान कुल 17 सवाल पूछे गए थे।
आज सिविल लाइन थाना पुलिस ने चक्काजाम कर मार्ग अवरुद्ध करने के मामले में बलवा और मार्ग बाधित करने की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है।

एडिशनल एसपी पंकज पटेल ने बताया कि नगर निगम की सामान्य सभा के दौरान लखीराम ऑडिटोरियम परिसर में बिना पूर्व अनुमति और सूचना के कांग्रेस नेताओं द्वारा धरना प्रदर्शन किया गया तथा व्यस्त मार्ग को बाधित किया गया। इसी आधार पर कार्रवाई करते हुए शहर जिला अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा, ग्रामीण जिला अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री, लिंगियाडीह वार्ड क्रमांक 52 के पार्षद दिलीप पाटिल समेत अन्य के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जाएगी। पुलिस विवेचना कर जल्द ही चालान न्यायालय में पेश करेगी।

इन पर नामजद एफआईआर:–
शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा, ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री, पार्षद दिलीप पाटिल, विक्की आहूजा, शहजादा खान, रंजीत सिंह, अर्पित केशरवानी समेत अन्य।

Live Cricket Info

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*


This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.