CG News:– मामा के घर आई सात साल की मासूम की गला दबाकर हत्या, पुलिस ने पिता–पुत्र को 24 घंटे में पकड़कर मामला खोला



CG News:– लैलूंगा थाना क्षेत्र के कुर्रा गांव में मामा के घर आई सात वर्षीय बच्ची की हत्या की गुत्थी पुलिस ने महज़ एक दिन में सुलझा ली। मामले में बच्ची के मामा के पड़ोस में रहने वाले पिता–पुत्र को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में सामने आया कि दोनों ने मामा से चल रही पुरानी खुन्नस के कारण मासूम की जान ले ली।

Raigarh रायगढ़। कुर्रा गांव में मासूम बच्ची की संदिग्ध मौत से मंगलवार की शाम गांव में सनसनी फैल गई थी। बच्ची का शव पड़ोस में रहने वाले आरती प्रसाद राठिया के घर के कमरे में कंबल के नीचे छुपा मिला। परिजनों ने पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने पूरे मामले की जांच शुरू की और कुछ ही घंटों में पिता–पुत्र को पकड़ लिया। प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि बच्ची के मामा से रंजिश के चलते आरोपियों ने यह गंभीर अपराध किया। न्यायालय में पेशी के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया है।

एसपी दिव्यांग पटेल ने जानकारी देते हुए बताया— कुर्रा गांव के डोलेश्वर राठिया ने अपनी भांजी की हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 17 नवंबर को बच्ची के पिता उसे आश्रम से लेकर आए थे और फिर अपने रिश्तेदार डोलेश्वर के घर छोड़कर चले गए थे। वह वहीं रह रही थी।
मंगलवार को बच्ची खेलते हुए घर से बाहर निकली और देर तक वापस नहीं लौटी, तो परिजन चिंतित होकर खोजबीन में जुट गए। इस दौरान उन्हें पता चला कि पड़ोसी आरती प्रसाद राठिया ने मासूम को गली में खेलते हुए अपने घर बुलाया था, जिसके बाद वह दिखाई नहीं दी।

संदेह के आधार पर जब परिजन लक्ष्मी राठिया के घर पहुंचे, तो कमरे में कंबल में लिपटा बच्ची का शव मिला। उसकी गर्दन पर साड़ी कसी हुई थी, जिससे हत्या की पुष्टि हो गई। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पड़ोसी आरती प्रसाद राठिया और उसके पिता लक्ष्मी राठिया को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे मामा से पुरानी रंजिश रखते थे, इसलिए उन्होंने बच्ची की हत्या की। वारदात के बाद दोनों ने शव को अपने ही घर में कंबल में छुपाकर रख दिया था, ताकि घटना कुछ समय तक सामने न आए।

पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त कंबल को बरामद कर जब्त किया। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी:–
• आरती प्रसाद राठिया, पिता लक्ष्मी प्रसाद राठिया, उम्र 23 वर्ष
• लक्ष्मी राठिया, पिता सनतराम राठिया, उम्र 50 वर्ष
(निवासी – ग्राम कुर्रा, थाना लैलूंगा, जिला रायगढ़)

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

Live Cricket Info

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*


This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.