CG Crime News:–कार के दरवाज़ों में छुपा नशा, सिस्टम की नज़र से बचने की चाल नाकाम—पुलिस ने हाईटेक गांजा तस्करी का पर्दाफाश

CG Crime News:– ओडिशा से गांजा लाकर रायगढ़ के रास्ते दूसरे राज्यों में सप्लाई की जा रही थी। तस्करों ने कार के दरवाज़ों और बैक लाइट में गुप्त चैंबर बना रखे थे, लेकिन ऑपरेशन आघात के तहत पुलिस ने घेराबंदी कर 29 किलो गांजा, कार और मोबाइल जब्त कर लिए। दो आरोपी गिरफ्तार हैं, जबकि मुख्य सरगना फरार बताया जा रहा है।

Raigarh रायगढ़। रायगढ़ जिले में पुलिस ने आधुनिक तरीकों से गांजा तस्करी कर रहे आरोपियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपी कार के दरवाजों और बैक लाइट के भीतर विशेष रूप से बनाए गए गुप्त चैंबर में गांजा छुपाकर तस्करी कर रहे थे, लेकिन पुलिस की पैनी नजरों से बच नहीं सके। कार्रवाई में पुलिस ने 29 किलो गांजा, एक रिट्ज कार और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। यह पूरा मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र का है।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

रायगढ़ जिले में पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में मादक पदार्थों के खिलाफ ऑपरेशन आघात लगातार चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत लैलूंगा थाना और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने फिल्म पुष्पा की तर्ज पर की जा रही गांजा तस्करी के इस हाईटेक तरीके का पर्दाफाश किया।

पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि पत्थलगांव थाना क्षेत्र का एक व्यक्ति ओडिशा से गांजा मंगाकर रायगढ़ के रास्ते अन्य राज्यों में सप्लाई करता है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रणनीति बनाकर 1 मार्च को ओडिशा से गांजा लेकर पाकरगांव लैलूंगा की ओर आ रही कार पर नजर रखी। इसके बाद पाकरगांव अटल चौक के पास घेराबंदी की गई।

  CG: news:– महिला चिकित्सकों से अभद्रता करने वाले विधायक के पीए को कलेक्टर ने हटाया, अपराध हुआ दर्ज

शाम करीब 6 बजे जैसे ही संदिग्ध कार मौके पर पहुंची, पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख आरोपी कच्चे रास्ते की ओर वाहन मोड़कर भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए चारों ओर से घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।

वाहन की बारीकी से जांच करने पर कार के दरवाजों और बैक लाइट के भीतर बनाए गए गुप्त चैंबर से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने कुल 29 किलो गांजा जब्त किया। इसके साथ ही गांजा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मारुति सुजुकी रिट्ज कार (क्रमांक CG-13 UG-9683) और दो मोबाइल फोन भी कब्जे में लिए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 17.65 लाख रुपये आंकी गई है।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि रामकुमार कुजूर, निवासी महेशपुर, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर, ने उन्हें ओडिशा से गांजा लाने के बदले प्रति 10 किलो गांजा पर 10 हजार रुपये देने का लालच दिया था। इसी लालच में आकर दोनों आरोपी ओडिशा गए और गांजा लेकर उसे कार में छुपाकर रामकुमार कुजूर तक पहुंचाने जा रहे थे।

पुलिस ने इस मामले में लैलूंगा थाना में आरोपी श्रवण कुमार निषाद और महेंद्र प्रसाद चौहान के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है, जबकि मुख्य आरोपी रामकुमार कुजूर फिलहाल फरार है। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। रायगढ़ पुलिस ने साफ किया है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

Live Cricket Info

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*


This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.