Bilaspur News:– जमीन कब्जे के विवाद में एएसआई समेत दो पक्षों में मारपीट, दोनों ओर से जुर्म दर्ज

Bilaspur News:– जमीन कब्जे के विवाद में एएसआई समेत दो पक्षों में मारपीट, दोनों ओर से जुर्म दर्ज


Bilaspur News:– जमीन और कोठार पर कब्जे को लेकर हुए पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस झगड़े में तारबाहर थाने में पदस्थ एएसआई संजय शर्मा, उनके बेटे और बेटी की भी संलिप्तता सामने आई है। पुलिस ने निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए एएसआई संजय शर्मा सहित उनके परिवार के सदस्यों और दूसरे पक्ष के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कर ली है।
Bilaspur | बिलासपुर।
सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम पंधी में शनिवार सुबह जमीन व कोठार पर कब्जे को लेकर चल रहा विवाद अचानक उग्र हो गया। कोठार की जाली घेराबंदी हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट में बदल गया। इस घटना में महिलाओं और बुजुर्गों को भी चोटें आने की जानकारी है। विवाद में एक पक्ष तारबाहर थाने में पदस्थ एएसआई संजय शर्मा का है। मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीपत क्षेत्र के ग्राम पंधी निवासी राजीव शर्मा, जो बीबीए के छात्र हैं, ने सीपत थाने में शिकायत दर्ज कराई है। राजीव के अनुसार शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे वह अपनी बहन आंचल शर्मा के साथ गांव स्थित कोठार पहुंचे थे। वहां पहले से लगी जाली तार की घेराबंदी हटाने के दौरान दूसरे पक्ष के हितेश शर्मा ने विरोध किया, जिससे कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि इसके बाद हितेश शर्मा, रमेश शर्मा और बबली शर्मा ने गाली-गलौज करते हुए पत्थर और डंडों से हमला कर दिया।
राजीव ने बताया कि मारपीट की सूचना मिलने पर बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पिता एएसआई संजय शर्मा पर भी लोहे की वस्तु से हमला किया गया। इस हमले में संजय शर्मा के चेहरे और उंगली में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के दौरान महिलाओं और बुजुर्गों को भी चोट पहुंचने का आरोप लगाया गया है।
दूसरी ओर, बबली शर्मा ने भी सीपत थाने में अलग से शिकायत दर्ज कराई है। बबली का कहना है कि एएसआई संजय शर्मा, उनके बेटे राजीव शर्मा और बेटी आंचल शर्मा जबरन उनके कोठार की जाली घेराबंदी काट रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो एएसआई संजय शर्मा ने लोहे की वस्तु से उनके सिर पर वार किया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। बबली ने यह भी आरोप लगाया कि बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पति हितेश शर्मा और ससुर रमेश शर्मा के साथ भी मारपीट की गई। साथ ही गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
घटना के बाद दोनों पक्षों के घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है। इस संबंध में सीपत थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने बताया कि ग्राम पंधी में कोठार को लेकर हुए विवाद में दोनों पक्षों से मारपीट की शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत के आधार पर दोनों ओर से अपराध दर्ज कर लिया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच पूर्ण होने के बाद आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

Live Cricket Info

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*


This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.